कॉमेडियन सुनील ग्रोवर कपिल शर्मा के शो में अलग-अलग बॉलीवुड सितारों की बेहतरीन मिमिक्री करने के लिए जाने जाते हैं। सलमान खान से लेकर शाहरुख खान जैसे सितारों के चलने का अंदाज और आवाज तक वह शानदार ढंग से कॉपी करते हैं। द ग्रैट इंडियन कपिल शो का एक नया प्रोमो चर्चा में आ गया है। इसमें सुनील हमेशा की तरह एक नए किरदार में नजर आ रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने दिवंग्त अभिनेता का गेटअप अपनाया है, जिसके लिए उनके काम को खूब सराहा जा रहा है।
सुनील ग्रोवर एक बेहतरीन एक्टर भी हैं। कपिल शर्मा के शो में अब वह वेटरन एक्टर कादर खान के अवतार में नजर आए। बता दें कि यह शो के अपकमिंग एपिसोड का एक क्लिप है। इसमें बतौर मेहमान डेविड धवन और वरुण धवन शामिल होंगे। ऐसे में शो में परफॉर्मेंस देने वाले कृष्णा, कीकू शारदा और सुनील ग्रोवर डेविड की फिल्मों के अलग-अलग किरदारों की भूमिका में नजर आएंगे।
कादर खान बनकर छाए सुनील ग्रोवर
प्रोमो में देखने को मिला कि सुनील ग्रोवर साजन चले ससुराल फिल्म के कादर खान बनकर स्क्रीन पर नजर आए। खास बात है कि सुनील की परफॉर्मेंस, डायलॉग डिलीवरी और आवाज को देखकर कोई भरोसा नहीं कर पा रहा है कि वह सुनील ग्रोवर ही हैं। दरअसल, सुनील हमेशा की तरह कादर खान के एक्ट को भी इतनी मेहनत के साथ करते नजर आए कि लोगों को अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हुआ कि यह सच में सुनील हैं या फिर कादर खान।
यह भी पढ़ें: रोहित शेट्टी ने शेयर किया ‘गोलमाल 5’ का BTS वीडियो, अक्षय कुमार की झलक ने खींचा ध्यान
सुनील के फैंस उनकी तारीफ कर रहे हैं, और उन्होंने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके अलावा ऐसा काम कोई और नहीं कर सकता है। एक यूजर ने तो यहां तक कह दिया कि लोगों को एआई से खतरा है, लेकिन AI को सुनील भाई से डर है। बता दें कि इससे पहले सुनील ग्रोवर शो के अंदर आमिर खान के किरदार के लिए खूब तारीफ बतौर चुके हैं। शाहरुख के रोल में भी उन्होंने तारीफ के काबिल काम किया है।
