बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी आज अपना 65वां जन्मदिन मना रहे हैं। फिल्मों में दमदार किरदारों से पहचान बनाने वाले सुनील शेट्टी आज सिर्फ एक एक्टर ही नहीं, बल्कि एक सफल कारोबारी, रियल एस्टेट निवेशक और स्टार्टअप इन्वेस्टर भी हैं।

सुनील शेट्टी ने 1990 के दशक में बॉलीवुड में कदम रखा और अपनी मजबूत कद-काठी, एक्शन अंदाज और दमदार अभिनय के कारण जल्द ही दर्शकों के बीच खास जगह बना ली। ‘बलवान’, ‘मोहरा’, ‘दिलवाले’, ‘धड़कन’ और ‘हेरा फेरी’ जैसी फिल्मों ने उन्हें अलग-अलग तरह के किरदार निभाने का मौका दिया।

एक्शन फिल्मों में उनकी छवि इतनी मजबूत हुई कि उन्हें प्यार से अन्ना कहा जाने लगा। तीन दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया है। हालांकि, सुनील शेट्टी की कहानी की खासियत यह है कि उन्होंने फिल्मी पहचान को अपनी पूरी आर्थिक सफलता का आधार नहीं बनाया।

कम उम्र से ही कारोबार की समझ

सुनील शेट्टी का बिजनेस से जुड़ाव उनके परिवार से ही रहा है। उनके परिवार का रेस्टोरेंट का कारोबार था। उन्होंने कम उम्र में ही इस काम को करीब से देखा और समझा। यही अनुभव आगे चलकर उनके काम आया।

यह भी पढ़ें: ‘बॉर्डर’ में था सुनील शेट्टी और सुदेश बेरी का जबरदस्त फाइट सीन, रक्षा मंत्रालय की आपत्ति के बाद किया गया बदलाव

बॉलीवुड में सफलता मिलने के बाद भी उन्होंने अपना ध्यान सिर्फ फिल्मों और ब्रांड एंडोर्समेंट तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने हॉस्पिटैलिटी, फूड, रियल एस्टेट और एंटरटेनमेंट जैसे क्षेत्रों में कदम बढ़ाया।

रेस्टोरेंट से रियल एस्टेट तक फैला है सुनील शेट्टी का काम

सुनील शेट्टी उन शुरुआती बॉलीवुड सितारों में रहे हैं जिन्होंने हॉस्पिटैलिटी बिजनेस में गंभीरता से कदम रखा। मुंबई में उन्होंने रेस्टोरेंट और क्लब से जुड़े कई कारोबार किए।

इसके अलावा सुनील शेट्टी ने रियल एस्टेट के कारोबार में भी पैसा लगाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह S2 रियलिटी से जुड़े रहे हैं और उन्हें बड़े स्तर के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में दिलचस्पी रही है। मुंबई और खंडाला में उनकी कई प्रॉपर्टीज भी चर्चा में रही हैं। बताया जाता है कि खंडाला में उनका फार्महाउस करीब 20 करोड़ रुपये का है।

अब स्टार्टअप्स में भी लगा रहे हैं पैसा

सुनील शेट्टी का बिजनेस सिर्फ रेस्टोरेंट और प्रॉपर्टी तक ही सीमित नहीं है। पिछले कुछ सालों में उन्होंने स्टार्टअप्स में भी निवेश करना शुरू किया है। उन्होंने टेक्नोलॉजी, फिटनेस, खाने-पीने और लाइफस्टाइल से जुड़े कई स्टार्टअप्स में पैसा लगाया है। यानी अब वह नए और तेजी से बढ़ते बिजनेस में भी अपनी हिस्सेदारी बना रहे हैं।

यह भी पढ़ें: सुनील शेट्टी का खुलासा- 15 महीने की नातिन हर सुबह पीएम मोदी की तस्वीर को खिलाती है लड्डू

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनील शेट्टी ने प्रॉक्सी और वायु जैसे स्टार्टअप्स में निवेश किया है। इसके अलावा उन्होंने फिटनेस से जुड़े स्क्वाट जैसे वेंचर में भी पैसा लगाया है।

बताया जाता है कि सुनील किसी कंपनी में निवेश करने से पहले सिर्फ उसके आइडिया को नहीं देखते। वह यह भी समझने की कोशिश करते हैं कि कंपनी के फाउंडर और उनकी टीम की सोच कैसी है और वे बिजनेस को आगे कैसे बढ़ाना चाहते हैं।

125 करोड़ की दौलत, लेकिन असली कहानी सोच की

मीडिया रिपोर्ट्स में सुनील शेट्टी की अनुमानित नेटवर्थ करीब 125 करोड़ रुपये बताई गई है। उनकी संपत्ति और कमाई के स्रोतों में फिल्मों के अलावा रियल एस्टेट, रेस्टोरेंट और हॉस्पिटैलिटी, प्रोडक्शन तथा स्टार्टअप निवेश शामिल हैं।