फिल्म निर्देशक एसएस राजामौली ने अपनी आने वाली फिल्म ‘वाराणसी’ की शूटिंग से थोड़ा ब्रेक लिया है और इन दिनों यूरोप दौरे पर हैं। 27 जून को उनकी सुपरहिट फिल्म ‘आरआरआर’ की स्क्रीनिंग फ्रांस में आयोजित ‘एनेसी इंटरनेशनल एनीमेशन फिल्म फेस्टिवल’ में हुई। इस फेस्टिवल में आयोजित एक मास्टरक्लास के दौरान राजामौली ने अपनी नई फिल्म ‘वाराणसी’ के बारे में बात की।

उन्होंने साफ किया कि यह फिल्म किसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा नहीं होगी, बल्कि एक स्वतंत्र फिल्म के रूप में बनाई जा रही है। यानी फिलहाल ‘वाराणसी’ के सीक्वल या कई भागों की कोई योजना नहीं है। राजामौली इसे एक ऐसी कहानी के रूप में विकसित कर रहे हैं जो एक ही फिल्म में पूरी होगी।

यह भी पढ़ें: ‘तुम होटल में नहीं दिखने चाहिए’, लापता लेडीज एक्टर सतेन्द्र सोनी ने रोते हुए बनाया वीडियो, डायरेक्टर पर लगाए गंभीर आरोप

एसएस राजामौली ने दिया बड़ा अपडेट

इवेंट के दौरान बातचीत में एसएस राजामौली ने बताया कि लोग ‘वाराणसी’ से क्या उम्मीद कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “आप अंटार्कटिका की ठंड और बर्फ का अनुभव करने वाले हैं। रामायण के देवता, प्राकृतिक आपदाएं और शानदार एलिमेंट्स- यही अनुभव आपको मिलेगा, लेकिन इन सबके केंद्र में पिता और पुत्र की भावनाएं हैं। ये सब मिलकर आपके लिए ‘वाराणसी’ बनाते हैं।”

जैसे ही इस कार्यक्रम का वीडियो रेडिट पर सामने आया, प्रशंसकों ने उत्साह भरी प्रतिक्रियाओं से कमेंट सेक्शन भर दिया। एक प्रशंसक ने लिखा, “यह फिल्म शानदार होने वाली है। उम्मीद है कि इसके बाद हमारे उद्योग में मल्टी-पार्ट पैन-इंडिया फिल्मों का चलन खत्म हो जाएगा।” एक अन्य यूजर ने कहा, “इसे बिना किसी कट के 4 घंटे की फिल्म बनाइए।”

वहीं, एक तीसरे प्रशंसक का मानना था, “मुझे अभी भी लगता है कि यह दो भागों वाली फिल्म है। टीज़र में जो कुछ दिखाया गया, उसके लिए तीन घंटे काफी नहीं लगते।” इन प्रतिक्रियाओं से साफ है कि दर्शकों के बीच “वाराणसी” को लेकर काफी उत्साह है और वे राजामौली की इस नई फिल्म से बड़ी उम्मीदें लगाए हुए हैं।

इवेंट में एसएस राजामौली ने यह भी बताया कि महेश बाबू फिल्म के एक सीन में भगवान राम का किरदार निभाएंगे। राइटर विजयेन्द्र प्रसाद ने मूवी का 30 मिनट का एक सीन दिखाया और कहा, “यह राम और कुंभकर्ण के बीच की लड़ाई है। आपने ट्रेलर में देखा होगा, है ना? आपने राम और कुंभकर्ण को देखा। आपने भगवान हनुमान की पूंछ और उस पर एक रथ देखा। मैं उसी की बात कर रहा हूं… मंत्रमुग्ध कर देने वाला।”

यह भी पढ़ें: ‘गर्लफ्रेंड ने बेस्ट फ्रेंड के साथ मिलकर धोखा दिया’, हर्षद चोपड़ा को प्यार में मिली बेवफाई, एक्टर ने 16 साल बाद बयां किया दर्द