साल 2024 में बोनी कपूर अपने बदले हुए लुक के लिए काफी चर्चा में रहे थे। उन्होंने हेयर ट्रांसप्लांट कराने के बाद दर्शकों का ध्यान अपनी तरफ खींचा था। लेकिन क्या आप जानते हैं कि श्रीदेवी को बोनी कपूर का हेयर ट्रांसप्लांट कराना पसंद नहीं था। वह नहीं चाहती थीं कि बोनी अपना लुक बदलें।
इसी बारे में बात करते हुए जाह्नवी कपूर ने कॉफी विद करण 9 के नए एपिसोड में बोनी कपूर के हेयर ट्रांसप्लांट से जुड़ा एक अनसुना किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि बोनी कपूर को हेयर ट्रांसप्लांट कराने के कथित तौर पर पैसे मिले थे।
दरअसल, जाह्नवी कपूर ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा, ‘क्या मैं आपको बता सकती हूं कि उन्हें हेयर ट्रांसप्लांट करवाने के पैसे मिले हैं?’ यह सुनकर करण जौहर हैरान रह गए और उन्होंने पूछा, ‘क्या? उन्हें इसके लिए पैसे मिले हैं?’ इस पर जाह्नवी और अर्जुन कपूर दोनों ने हां में जवाब दिया।
अपनी बात को साफ करते हुए जाह्नवी ने कहा, ‘उन्होंने हेयर ट्रांसप्लांट करवाने के लिए पैसे नहीं दिए हैं, बल्कि उन्हें इसके लिए पैसे मिले हैं।’ यानी बोनी कपूर ने हेयर ट्रांसप्लांट करवाने के बदले पैसे लिए हैं।
यह भी पढ़ें- Koffee With Karan 9: जान्हवी कपूर ने मानी ‘पेडी’ में दिखाई गईं गल्तियां, बोलीं- हमेशा शर्मिंदगी रहेगी
हाल ही में जाह्नवी कपूर और अर्जुन कपूर करण जौहर के चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में पहुंचे थे। शो के दौरान रैपिड फायर राउंड में करण जौहर ने जाह्नवी से पूछा कि वह अपने पिता को लेकर कौन-सी मजेदार अफवाह फैलाना चाहेंगी।
इस पर जाह्नवी ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा, ‘उन्होंने हेयर ट्रांसप्लांट नहीं करवाया है, बल्कि सिर्फ ध्यान लगाकर अपने बाल वापस उगा लिए हैं।’ जाह्नवी की यह बात सुनकर अर्जुन कपूर अपनी हंसी नहीं रोक पाए। उन्होंने भी मजाक में कहा, ‘लेकिन अगर आप बाहर घूमते हैं, तो आपको इस बात पर यकीन नहीं होगा।’
इसके बाद जाह्नवी कपूर ने अपने भाई अर्जुन की तरफ देखते हुए पूछा, ‘क्या तुमने पापा के बैनर देखे हैं?’ इस पर अर्जुन कपूर ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, ‘इसे मार्केटिंग कहते हैं।’
जाह्नवी ने आगे बताया कि उनके पिता से जुड़े ऐसे और भी प्रमोशनल पोस्टर्स जल्द सामने आने वाले हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘मैंने उनके पांच और बैनर्स को मंजूरी दी है। इनमें वह बिना बालों के आईने में देखकर उदास नजर आएंगे, जबकि बालों के साथ आईने में देखकर खुश होते दिखेंगे।’ जाह्नवी की इस बात पर वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगे।
