बॉलीवुड की ‘चांदनी’ श्रीदेवी ने अपने शानदार करियर में एक से बढ़कर एक यादगार फिल्में दीं। उनकी खूबसूरती और अदाकारी का ऐसा जादू था कि बड़े-बड़े सितारे भी उनके साथ काम करने का सपना देखते थे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि श्रीदेवी ने अपने करियर में कई ऐसी बड़ी फिल्मों के ऑफर ठुकराए थे, जिनमें शाहरुख खान से लेकर अनिल कपूर और अमिताभ बच्चन जैसे दिग्गज सितारे शामिल थे। आज श्रीदेवी की बर्थ एनिवर्सरी पर जानते हैं उन फिल्मों के बारे में, जिन्हें उन्होंने किसी न किसी वजह से करने से मना कर दिया था।

श्रीदेवी ने शाहरुख की इन तीन फिल्मों को किया था मना

दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी ने अपने करियर में लगभग 300 फिल्मों में काम किया था और उनकी आखिर फिल्म ‘मॉम’ के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड भी मिला था। हालांकि, बहुत कम लोग इस बात से वाकिफ होंगे कि उन्होंने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की तीन फिल्मों को करने से मना कर दिया था। इसमें से एक ‘डर’ थी।

यह भी पढ़ें: देव आनंद के भाई से इश्क की मिली खौफनाक सजा, प्रेमी के बेटों ने कामवाली को 4 हजार देकर करवा दिया कत्ल | CineGram

दरअसल, यश चोपड़ा चाहते थे कि श्रीदेवी शाहरुख खान के अपोजिट ‘डर’ में किरण का किरदार निभाएं। मगर श्रीदेवी ने उनकी इस फिल्म को करने से मना कर दिया था। बाद में खुद एक इंटरव्यू में श्रीदेवी ने इसकी वजह बताई थी। अभिनेत्री ने कहा कि ‘लम्हें’ और ‘चांदनी’ करने के बाद उन्हें लगा कि ‘डर’ में किरण का किरदार उनके लिए बेहद मामूली होगा।

फिर उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि हां, अगर शाहरुख खान वाला रोल निभाने को मिलता तो वो सोचती। क्योंकि ये नया किरदार था। श्रीदेवी ने आगे कहा था कि जूही चावला के लिए ‘डर’ का किरदार नया था उनके लिए वो रोल अच्छा था, मगर मेरे लिए ये किरदार नया नहीं था। किरण जैसा रोल मैं पहले भी कई दफा निभा चुकी हूं।

बता दें कि सिर्फ ‘डर’ ही नहीं श्रीदेवी ने और भी कई बड़ी फिल्मों का ऑफर ठुकरा दिया था। एक्ट्रेस को शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘बाजीगर’ और ‘मोहब्बतें’ भी ऑफर हुई थी। ‘बाजीगर’ में श्रीदेवी को डबल रोल करने का ऑफर मिला था, मगर एक्ट्रेस ने उसे करने से मना कर दिया। दरअसल, वह फिल्म की स्क्रिप्ट से खुश नहीं थीं। बाद में ये रोल काजोल और शिल्पा शेट्टी ने निभाए थे। इसी तरह उन्हें ‘मोहब्बतें’ में भी एक खास किरदार ऑफर हुआ था। मगर उन्होंने फिल्म में काम करने से मना कर दिया था। बाद में स्क्रिप्ट में बदलाव किया गया।

फिल्म ‘बेटा’ और ‘बागवान’ के लिए भी कहा न

शाहरुख ही नहीं, श्रीदेवी ने अनिल कपूर की ‘बेटा’ और अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘बागवान’ को भी करने से मना कर दिया था। ‘बागवान’ के समय एक्ट्रेस कमबैक करने के लिए तैयार नहीं थीं और फिर उनका किरदार हेमा मालिनी ने निभाया। वहीं, ‘बेटा’ को न करने की वजह ये थी कि वह लगातार कई फिल्में अनिल कपूर के साथ कर चुकी थीं और अब वो फिर से उनके साथ काम नहीं करना चाहती थीं। बाद में ये रोल माधुरी दीक्षित ने निभाया।

यह भी पढ़ें: 70s का 4 मिनट 39 सेकेंड का ये सदाबहार गाना जो प्रेमी की भावना और धोखे के डर, दोनों को जाहिर करता है