बॉलीवुड एक्ट्रेस और मॉडल सौंदस मौफकीर इन दिनों अपने नए प्रीमियम स्किनकेयर ब्रांड ‘मोरोमा’ को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, ब्रांड लॉन्च से ज्यादा सुर्खियां उन्हें घर में कराई गई पूजा की वजह से मिल रही हैं। पूजा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने उनके मुस्लिम होने पर सवाल उठाए, जिस पर अब एक्ट्रेस ने खुलकर जवाब दिया है।
सौंदस ने अपने घर पर पंडित बुलाकर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। वायरल वीडियो में वह पीले रंग का पारंपरिक सूट पहने पूजा की थाली हाथ में लेकर भगवान की आरती करती नजर आ रही हैं। वीडियो में उनकी टीम के सदस्य भी मौजूद हैं। यह पूजा उनके नए बिजनेस की शुभ शुरुआत के लिए रखी गई थी।
वीडियो शेयर करते हुए सौंदस ने लिखा कि उन्होंने अपने नए सफर की शुरुआत भगवान का आशीर्वाद लेकर की है। उन्होंने प्रार्थना की कि उनका ब्रांड सही दिशा में आगे बढ़े, पूरी टीम सुरक्षित रहे और सभी के इरादे नेक बने रहें। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी सफलता अकेले नहीं मिलती, बल्कि पूरी टीम की मेहनत और भरोसे से बनती है।
हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाया कि एक मुस्लिम होकर उन्होंने हिंदू रीति-रिवाज से पूजा क्यों की। ट्रोलिंग बढ़ने पर सौंदस ने स्पष्ट किया कि उन्हें अपने मुस्लिम होने पर गर्व है और उनका धर्म उनकी पहचान का अहम हिस्सा है।
यह भी पढ़ें: ‘Lock Upp 2’ में तलाक का ऐलान सुन हैरान रह गए गौरव खन्ना, दोस्त ने आकांक्षा चमोला को लेकर कही बड़ी बात
उन्होंने कहा कि उनकी टीम में कई हिंदू सदस्य हैं और नए वेंचर की शुरुआत से पहले वह चाहती थीं कि उनकी टीम भी इस मौके से आध्यात्मिक रूप से जुड़ाव महसूस करे। सौंदस ने कहा कि जिस तरह उनकी टीम उनके मुस्लिम धार्मिक आयोजनों और दुआओं का सम्मान करती है, उसी तरह वह भी उनकी आस्था का सम्मान करती हैं। उनके मुताबिक, एक अच्छी टीम वही होती है जहां सभी लोग अपनी-अपनी धार्मिक मान्यताओं को बनाए रखते हुए एक-दूसरे के विश्वास की कद्र करें।
यह भी पढ़ें: ‘सालों तक गोविंदा के अफेयर्स सहती रही’, सुनीता आहूजा ने कहा- मुझे सिर्फ चुप रहने को कहा गया
बता दें कि सौंदस मौफकीर को पहचान एमटीवी रोडीज 2024 से मिली थी। इसके बाद उन्होंने एमटीवी स्पिल्ट्सविला X4 का खिताब भी जीता। वह ‘खतरों के खिलाड़ी 13’ में भी नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा सौंदस ‘फतेह’, ‘द केरल स्टोरी’ और कई म्यूजिक वीडियोज में भी काम कर चुकी हैं।
