बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने अपने शानदार अभिनय से लाखों लोगों को हंसाया और अब वह अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। दरअसल, 2 फरवरी को दिल्ली हाई कोर्ट ने चेक बाउंस मामले में एक्टर को सरेंडर करने का आदेश दिया था। इसके बाद 4 फरवरी को राजपाल ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। जेल में सरेंडर करने के दौरान उन्होंने एक इमोशनल बयान भी दिया कि कैसे वह फिल्म इंडस्ट्री के सपोर्ट के बिना, अकेले ही अपनी फाइनेंशियल और इमोशनल मुश्किलों से निपट रहे हैं।
NewsX की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्टर ने कहा, “सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं और कोई उपाय नहीं दिखता। सर, यहां हम सब अकेले हैं। कोई दोस्त नहीं है। मुझे इस मुश्किल से अकेले ही निपटना होगा।” अब सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राजपाल यादव को सपोर्ट किया है। साथ ही उन्हें अपनी एक फिल्म में लेने की बात भी कही है।
यह भी पढ़ें: रिलीज से एक महीने पहले फिर विवादों में घिरी यश की ‘टॉक्सिक’, फिल्म निर्माताओं के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
सोनू ने किया राजपाल यादव को सपोर्ट
सोनू सूद अक्सर लोगों की मदद करते हुए नजर आते हैं और अब उन्होंने राजपाल यादव की तरफ भी मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। एक्टर ने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, “राजपाल यादव एक टैलेंटेड एक्टर हैं, जिन्होंने हमारी इंडस्ट्री को सालों तक यादगार काम दिया है। कभी-कभी जिंदगी टैलेंट की वजह से नहीं, बल्कि गलत समय की वजह से मुश्किल हो जाती है। वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे और मुझे लगता है कि अब वक्त है कि हम सब—प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और साथी कलाकार—एक साथ खड़े हों।”
सोनू ने इंडस्ट्री से राजपाल को इज्जत देने की भी अपील की और भविष्य में एडजस्ट होने वाले मेहनताने के तौर पर फाइनेंशियल मदद का सुझाव दिया। उन्होंने लिखा, “एक छोटा सा साइनिंग अमाउंट, जो आगे के काम में एडजस्ट हो सके, कोई दान नहीं बल्कि सम्मान है। जब हमारा कोई अपना मुश्किल दौर से गुजर रहा हो, तो इंडस्ट्री को उसे याद दिलाना चाहिए कि वह अकेला नहीं है। इस तरह हम दिखाते हैं कि हम सिर्फ एक इंडस्ट्री से कहीं ज्यादा हैं।”
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि यह मामला साल 2010 से शुरू हुआ, जब राजपाल यादव ने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘अता पता लापता’ को फाइनेंस करने के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, यह फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हुई, जिसने सिर्फ 37 लाख रुपये कमाए। इससे इन्वेस्टमेंट रिकवर करना मुश्किल हो गया। ऐसे में राजपाल और उनकी पत्नी राधा यादव फाइनेंशियल परेशानी में पड़ गए और इसकी वजह से कई चेक डिफ़ॉल्ट हुए।
वहीं, अप्रैल 2018 में एक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत दोषी ठहराया और उन्हें छह महीने की जेल की सजा सुनाई। एक्टर ने कई अपील की, लेकिन उनकी कानूनी परेशानियां सालों तक चलती रहीं और बकाया रकम आखिरकार 9 करोड़ रुपये तक बढ़ गई।
यह भी पढ़ें: ‘मैं आज बच गया’, गोविंदा ने पत्नी सुनीता आहूजा के आरोपों पर किया पलटवार, बोले- ये जो नाम ले रही कोमल…
