बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम इस वक्त एक वीडियो को लेकर चर्चा में आ गए हैं। जिसमें उन्होंने ये साबित कर दिया कि वो केवल बेहतरीन सिंगर ही नहीं, बल्कि एक अच्छे इंसान भी हैं। हाल ही में सोनू निगम कर्नाटक के हुबली में लाइव कॉन्सर्ट के लिए गए थे। इस कॉन्सर्ट के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसने सभी का दिल जीत लिया। सोनू निगम ने हजारों की भीड़ में खोए बच्चे के लिए अपना कॉन्सर्ट रोका और उसे उसके घरवालों से मिलाया।
करीब 30 हजार दर्शकों की भारी भीड़ के बीच सोनू निगम अपने सुपरहिट गानों से समां बांध रहे थे। माहौल संगीत और उत्साह से भरा हुआ था, तभी अचानक भीड़ में एक मासूम बच्चा अपने परिवार से बिछड़ गया। डर और घबराहट से भरा बच्चा रोने ही वाला था कि सोनू निगम ने वो किया, जो हर किसी के बस की बात नहीं। उन्होंने अपना कॉन्सर्ट रोक दिया।
सोनू ने न तो माइक छोड़ा और न ही मंच, बल्कि अपने संगीत को ही बच्चे की मदद का जरिया बना लिया। उन्होंने गाने की धुन में मंच से आवाज लगाई- श्री साई आ जाओ… मम्मी-पापा इसको ले जाओ… जल्दी आकर इसको ले जाओ…” सुरों में लिपटी ये पुकार सीधे दिल तक पहुंच गई और पूरे पंडाल का माहौल पल भर में बदल गया।
इसके बाद सोनू निगम ने बच्चे से बड़े प्यार और अपनापन के साथ बात की। जब उन्होंने पूछा कि उसके मम्मी-पापा कहां हैं, तो बच्चे ने मासूमियत से बताया कि वह अपने चाचू के साथ आया है। यह सुनते ही सोनू ने मंच से बच्चे के चाचू को बुलाया, लेकिन उन्होंने जल्दबाज़ी नहीं की। बच्चे को सौंपने से पहले उन्होंने पूरी तसल्ली की कि सामने खड़ा व्यक्ति वाकई उसी का परिवार का सदस्य है। सारी पुष्टि के बाद सोनू निगम ने खुद बच्चे को उसके चाचू के हवाले किया।
यह भी पढ़ें: ‘वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे’, राजपाल यादव के सपोर्ट में आए अभिनेता सोनू सूद, सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
सोनू निगम ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है। कैप्शन में उन्होंने लिखा है, “कल रात हुबली में 30,000 लोगों की भीड़ में खो जाने के बाद श्री साई डरे हुए और घबराए हुए लग रहे थे। मुझे ढूंढने के बाद शायद वो उतने डरे हुए या खोए हुए नहीं थे।” इस वीडयो को देखने के बाद फैंस उनकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं।
