बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम ने दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर दुख जताते हुए भी इसे सिर्फ शोक का विषय बनाने से इनकार किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया और आशा से जुड़े कुछ किस्से भी सुनाये।

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में सोनू कार में सफर करते हुए कुछ लोगों से बात करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने आशा भोसले के निधन पर अपने विचार साझा किए।

सोनू निगम ने कहा, “मुझे दुख है कि वो अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन मैं इसे सिर्फ दुख की तरह नहीं देखना चाहता। उन्होंने एक बेहद शानदार और लंबी जिंदगी जी। आखिरी समय तक काम किया। क्या ऐसी जिंदगी पर रोना चाहिए? हर कलाकार ऐसी ही जिंदगी का सपना देखता है कि वो अंत तक काम करता रहे।”

यह भी पढ़ें: ‘ऐसे प्यार को भूल जाओ’, आंखों में आंसू लिए पवन सिंह की पत्नी ने शेयर किया वीडियो, लोगों को नजर आया उनका दर्द

उन्होंने आगे कहा, “मैं भी लंबा जीना चाहता हूं और आखिरी समय तक अपने काम को जारी रखना चाहता हूं, ठीक उनकी तरह। उन्होंने जो जिंदगी जी, वो सलाम करने लायक है। हमारा सौभाग्य है कि हमें उनके साथ समय बिताने और उनसे सीखने का मौका मिला। वो सख्त थीं, लेकिन उन्हें ऐसा होने का पूरा हक था। वो हमारी गुरु थीं।”

सोनू ने उन्हें एक युग का आखिरी सितारा बताते हुए कहा, “वो महान कलाकारों के उस दौर का हिस्सा थीं जिन्होंने फिल्म संगीत को नई पहचान दी। वो उस दौर की आखिरी सैनिक थीं और अब उस अध्याय का अंत हो गया है।”

यह भी पढ़ें: ‘सेटलमेंट नहीं करूंगा’, राजपाल यादव का बड़ा खुलासा, चेक बाउंस केस में गंवाए 22 करोड़ रुपये

आशा भोसले के करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 1940 के दशक के अंत में अपने संगीत सफर की शुरुआत की थी। उनका पहला गाना मराठी फिल्म के लिए रिकॉर्ड हुआ, जबकि हिंदी सिनेमा में उन्होंने 1948 में फिल्म ‘चुनरिया’ के गीत “सावन आया” से कदम रखा।

“पिया तू अब तो आजा”, “दम मारो दम”, “चुरा लिया है तुमने” जैसे सुपरहिट गानों से लेकर ग़ज़ल, पॉप, क्लासिकल और अलग-अलग भाषाओं के गानों तक, उनका करियर जबरदस्त रहा। दो साल पहले, 90 साल की उम्र में भी उन्होंने लाइव कॉन्सर्ट किया था। आखिरी तक काम के लिए उनका जुनून कम नहीं हुआ। सिर्फ गाना ही नहीं, उन्होंने मराठी फिल्म ‘माई’ में एक्टिंग भी की थी। आशा भोसले का 12 अप्रैल को मल्टी-ऑर्गन फेलियर की वजह से निधन हो गया था।