सिंगर सोनू निगम हमेशा से कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते आए हैं। धार्मिक जगहों पर लाउडस्पीकर से लेकर कलाकारों को रॉयल्टी मिलने के अधिकार तक, उन्होंने कई मुद्दों पर आवाज उठाई है। हालांकि, नीट पेपर लीक के बाद सीजेपी प्रोटेस्ट पर उन्होंने चुप्पी साधे रखी।

अब जब एक हालिया इवेंट में उनसे इस बारे में सवाल पूछा गया तो वह नाराज हो गए और बोले, “अब हो गया, बस।” इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके इस रिएक्शन को लेकर काफी आलोचना हुई। अब सिंगर ने बॉम्बे टाइम्स से बात करते हुए बताया कि उन्होंने प्रोटेस्ट के दौरान चुप रहना क्यों चुना।

यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ में लंका दहन से ‘वाराणसी’ की दुनिया तक, VFX स्पेशलिस्ट से जानें पर्दे के पीछे का पूरा खेल- Exclusive

क्या बोले सोनू निगम?

सोनू निगम की प्रतिक्रिया पर इंटरनेट के एक हिस्से से आलोचना मिलने के बाद सिंगर ने कहा, “मुंबई में पिछले तीन दशकों के दौरान मैंने किसी भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए एक बुनियादी शिष्टाचार सीखा है। हमेशा कार्यक्रम के एजेंडे पर टिके रहें और बातचीत को बेमतलब के विषयों पर न भटकने दें।

जब आप अपने गुरु पंकज उधास को श्रद्धांजलि देने के बारे में बात करने आए हों, तो राजनीति पर चर्चा करना मेरी नजर में अनादर है। मैंने अपने पिता से यह भी वादा किया है कि मैं ऐसी किसी भी चीज पर टिप्पणी नहीं करूँगा जिसके बारे में मुझे जानकारी नहीं है।”

सोनू निगम नहीं चलाते सोशल मीडिया

सिंगर ने यह भी बताया कि वे पहले भी कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखते रहे हैं। सोनू निगम ने कहा, “मेरे फोन पर सोशल मीडिया नहीं है। इसके अलावा मैंने अपनी जिंदगी में कई मुद्दों पर स्टैंड लिया है और सिस्टम में कई बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाई है। धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के खिलाफ आवाज उठाने से लेकर परफॉर्मर्स के लिए रॉयल्टी के अधिकार तक, मैंने अकेले ही पहल की है। अब दूसरों को भी हिम्मत दिखाकर स्टैंड लेने दें और देखें कि वे क्या बदलाव ला सकते हैं।”

इन सितारों ने किया था सपोर्ट

नीट पेपर लीक के बाद दिल्ली में छात्रों के समर्थन में शबाना आजमी, सीमा पाहवा, इमरान खान, नसीरुद्दीन शाह, आर. माधवन और अन्य कई सेलेब्स ने छात्रों का समर्थन किया था।

यह भी पढ़ें: ‘बिग बॉस 20’ का नया ट्विस्ट बदल देगा सलमान खान के शो का गेम, खास होगी इस सीजन की थीम