मशहूर गायक सोनू निगम एक बार फिर अपने पुराने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। पिछले साल बेंगलुरु में एक कॉन्सर्ट के दौरान कन्नड़ गाने को लेकर हुई घटना पर अब कर्नाटक रक्षणा वेदिके (KRV) ने आपत्ति जताई है। संगठन ने पुलिस से 24 अक्टूबर को होने वाले सोनू निगम के कॉन्सर्ट की अनुमति रद्द करने की मांग की है। उसका आरोप है कि गायक की टिप्पणी से कन्नड़ लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची थी।
क्या था सोनू निगम और कन्नड़ गाने का विवाद?
यह विवाद पिछले साल मई में शुरू हुआ था। बेंगलुरु में एक कॉन्सर्ट के दौरान सोनू निगम से कन्नड़ गाना गाने की मांग की गई थी। आरोप है कि इस मांग पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा था कि इसी तरह के रवैये की वजह से पहलगाम हमला हुआ।
उनकी इस टिप्पणी के बाद काफी विवाद हुआ था। कई लोगों ने गायक के बयान की आलोचना की थी, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। सोनू ने पहले अपनी बात समझाने की कोशिश की और अपने बयान का बचाव किया। हालांकि, बाद में उन्होंने कर्नाटक के लोगों से माफी भी मांगी थी।
कॉन्सर्ट की अनुमति मिली तो होगा विरोध प्रदर्शन
अब सोनू निगम 24 अक्टूबर को बेंगलुरु में एक बार फिर प्रस्तुति देने वाले हैं। इससे पहले कर्नाटक रक्षणा वेदिके के संयोजक टीए नारायण गौड़ा ने 14 अक्टूबर को बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर कार्यक्रम की अनुमति न देने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: सलमान खान की सिंगिंग का मजाक उड़ाते दिखे सोनू निगम, वायरल वीडियो पर सिंगर ने बताई पूरी सच्चाई
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गौड़ा ने पत्र में कहा कि कन्नड़ गाने की मांग करना कोई अपराध नहीं है और सोनू निगम की टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हुई थीं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर कॉन्सर्ट को अनुमति दी गई, तो संगठन पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन कर सकता है।
गौड़ा ने पत्र में कहा कि कॉन्सर्ट की अनुमति मिलने पर कर्नाटक रक्षणा वेदिके को राज्यभर में बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
24 अक्टूबर को होना है सोनू निगम का कार्यक्रम
सोनू निगम का कॉन्सर्ट 24 अक्टूबर को शाम 7 बजे बेंगलुरु के थानिसांद्रा मेन रोड स्थित भारतीय मॉल में आयोजित होना है। यह कार्यक्रम उनके ‘द रिवोल्यूशन इंडिया टूर’ का हिस्सा है। फिलहाल, इस नए विवाद पर सोनू निगम की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
