इस वक्त एआर रहमान बॉलीवुड को लेकर दिए गए अपने बयान की वजह से चर्चा में हैं। उन्होंने हाल ही में कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें अब पहले के मुकाबले कम काम मिल रहा है और इसके पीछे सांप्रदायिक कारण भी हो सकते हैं। उनके इस बयान के बाद कई लोगों ने उनसे असहमति जताई और आलोचना भी की। इसी बीच सोनू निगम का एक पुराना इंटरव्यू क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह काम और प्रोफेशनल सोच को लेकर अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं। सोनू ने कहा था कि काम एक तोहफे की तरह होता है- अगर मिले तो आभार होना चाहिए और अगर न मिले तो नाराज़ नहीं होना चाहिए।
सोनू निगम ने एक इंटरव्यू में एआर रहमान के साथ अपने लंबे प्रोफेशनल रिश्ते पर भी खुलकर बात की। उन्होंने रहमान को एक बेहतरीन और महान संगीतकार बताया, लेकिन उनकी गायकी को लेकर अपनी राय भी सामने रखी। O2 इंडिया से बातचीत में सोनू ने कहा कि रहमान को वह महान गायक नहीं मानते, हालांकि उनकी प्रतिभा और संगीत की समझ पर कोई सवाल नहीं है।
रहमान की आवाज को लेकर सोनू ने कहा, “जाहिर है, वे बहुत प्रशिक्षित गायक नहीं हैं। वे खुद को महान गायक नहीं कहेंगे, तो हम क्या कह सकते हैं? वे जानते हैं कि उनकी आवाज बहुत सुंदर है, लेकिन उन्होंने कभी भी खुद को महान गायक होने का दावा नहीं किया है।” उन्होंने आगे कहा, “वह एक महान संगीतकार हैं, इसलिए ज़ाहिर है कि वह हमेशा सुर में रहते हैं। सबसे जरूरी बात सुर में रहना है। अगर गला चल रहा है और सुर नहीं है तो क्या फायदा? उनकी आवाज शायद उतनी अच्छी न हो, लेकिन वह हमेशा सुर में रहते हैं क्योंकि वह एआर रहमान हैं।”
सोनू निगम ने फिल्म जोधा अकबर के मशहूर गाने ‘इन लम्हों के दामन में’ की रिकॉर्डिंग से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि गीतकार जावेद अख्तर ने गाने की कंपोजिशन पूरी होने के बाद कुछ अतिरिक्त पंक्तियां भेजी थीं। उस हिस्से पर खुद दोबारा काम करने के बजाय रहमान ने सोनू से पूछा कि वह इसे संगीत के लिहाज से कैसे गाएंगे। इस अनुभव को याद करते हुए सोनू ने कहा, “उन्होंने मुझे उस हिस्से को कंपोज करने की इजाजत दी।”
सोनू के मुताबिक, जब रहमान ने वह हिस्सा सुना तो उन्होंने तुरंत उसे मंजूरी दे दी। इस पर सोनू ने कहा, “उन्होंने शायद कुछ बदलाव किए होंगे, लेकिन उन्होंने मुझे इस हिस्से पर काम करने की इजाजत दी… वे काफी आश्वस्त हैं। वे ऐसे व्यक्ति नहीं हैं जो मुझसे कहेंगे कि मुझे यह करना ही है।”
एआर रहमान के बयान को लेकर कई हस्तियों ने आपत्ति जताते हुए बयान दिए। गीतकार मनोज मुंतशिर ने भी इसे गलत बताते हुए काफी कुछ कहा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
