Kunal Kamra News: जंतर-मंतर पर शिक्षा सुधार और जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनिश्चितकालीन आमरण अनशन को 19वां दिन है। वहीं शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर 20 जून से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। इसी बीच स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा भी जंतर-मंतर पहुंचकर उनके समर्थन में धरने में शामिल हुए। मगर वहां उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कुछ ऐसा कह दिया जिसकी आलोचना हो रही है।
भगवाम राम का नाम लेकर साधा सरकार पर निशाना
कुणाल कामरा की कई तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं। कुछ तस्वीरों में वो सोनम वांगचुक के पास बैठे उनसे बात करते दिख रहे हैं। वहीं एक वीडियो में वो मंच पर खड़े होकर भगवान राम का जिक्र करते हुए भारत सरकार पर निशाना साधते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो में कुणाल कामरा कह रहे हैं, “ये जो सरकार है ना, ये जो कर रही है ये बहुत सालों से कर रही है और हमने देखा है कि ये लोग बस सीता के पति का नाम ले लेकर नीता के पति का काम कर रहे हैं।” उनके साथ में कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके उनकी बात सुनकर तालियां बजाते नजर आ रहे हैं। ऐसे में कुणाल के साथ-साथ अभिजीत को भी लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है।
कुणाल का ‘सीता के पति’ से सीधा मतलब भगवान राम से था और नीता के पति मतलब मुकेश अंबानी। ऐसे में सोशल मीडिया पर लोगों में गुस्सा देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी आए दिन भगवान राम का अपमान कर रही है। कुछ दिन पहले जय श्री राम के नारे को लेकर भी आपत्तिजनक बातें हुई थीं।
यह भी पढ़ें: ‘यह लड़ाई आगे तक लड़नी है’, शबाना आजमी ने की सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील, सोनी राजदान ने भी किया पोस्ट
कुणाल कामरा पर फूटा यूजर्स का गुस्सा
इंस्टाग्राम पर वायरल कुणाल कामरा के वीडियो पर एक यूजर ने लिखा, “आप ऐसे प्लेटफॉर्म पर हिंदू देवी-देवताओं के नामों का इस्तेमाल गाली देने और अनादर करने के लिए क्यों करते हैं… क्या आपमें किसी और धर्म के नाम का इस्तेमाल इस तरह करने की हिम्मत है… लोगों की धार्मिक भावनाओं को क्यों ठेस पहुंचाते हैं?” एक यूजर ने लिखा, “भगवान राम पर मत हंसो..आप लक्ष्य पर सफल नहीं हो सकते….भगवान राम की लाठी गिरेगी कोई बच न पायेगा…याद रखना।” वहीं एक यूजर ने ये भी लिखा कि ये लोग नीट पेपर लीक का भंडाफोड़ करने आए थे लेकिन धर्म-धर्म करने लगे।
बता दें कि सोनम वांगचुक के अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को देशभर से समर्थन मिल रहा है और फिल्म जगत की कई हस्तियां भी उनके साथ खड़ी नजर आ रही हैं। अब तक अभिनेत्री स्वरा भास्कर और स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात कर चुके हैं।
वहीं, कई अन्य कलाकारों ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक बयानों के जरिए वांगचुक के आंदोलन का समर्थन किया है। इनमें जीनत अमान, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, शबाना आजमी, सोनी राजदान, अभय देओल, ओमी वैद्य, अनुराग कश्यप और प्रकाश राज जैसे नाम शामिल हैं। इन हस्तियों ने सरकार से वांगचुक की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।
