Sohail Khan: बॉलीवुड एक्टर-फिल्ममेकर सोहेल खान ने नेक काम किया है, जिसके लिए उनकी जमकर तारीफ हो रही है। मुंबई की सड़क पर जख्मी पड़ी एक महिला की सोहेल खान ने मदद की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला की टांग टूट गई है, जिसे सोहेल खान ने कुछ लोगों की मदद से गाड़ी में बैठाया। लोग इसके लिए सोहेल खान की तारीफ कर रहे हैं।
सोहेल खान अक्सर मुंबई में आम लोगों की तरह घूमते नजर आते हैं। ऐसे ही शुक्रवार को उनके सामने एक महिला जख्मी हालत में सड़क पर पड़ी दर्द से रो रही थी। वह तुंरत आगे आए और उस महिला की मदद की। सोशल मीडिया पर लोग उनकी सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि वह दरियादिल हैं और कोई स्टार होता तो शायद ऐसा न करता।
एक फैन ने लिखा,”सोहेल बहुत ही दयालु हैं।” अन्य यूजर ने कहा कि उनका दिल सोने का है, किसी ने उन्हें जेंटलमैन बताया। सलमान खान फैन क्लब से कमेंट किया गया,”सलीम खान के बच्चे हमेशा दूसरों की मदद करने और सपोर्ट करने के लिए तैयार रहते हैं। ये लोग बहुत अच्छे हैं। भगवान इन गोल्डन हार्ट वाले लोगों के नेक काम को स्वीकार करें।”
बात अगर सोहेल खान की पर्सनल लाइफ की करें तो साल 2022 में वह और उनकी पत्नी सीमा सजदेह शादी के 24 साल बाद एक दूसरे से अलग हो गए। सोहेल और सीमा की लव स्टोरी काफी खास है।
दोनों की मुलाकात चंकी पांडे और भावना पांडे की सगाई पर हुई थी। पहली मुलाकात में ही दोनों दोस्त बने और फिर उन्हें प्यार हो गया।
सीमा दिल्ली की रहने वाली हैं और फैशन की दुनिया में अपना करियर बनाने मुंबई आईं थीं। सोहेल और सीमा ने 15 मार्च 1998 को एक दूसरे से शादी की थी। पहले उन्होंने निकाह पढ़ा और फिर आर्य समाज मंदिर में फेरे लिए।