सीमा सजदेह और सोहेल खान का रिश्ता लंबे समय तक बॉलीवुड की चर्चित प्रेम कहानियों में गिना जाता रहा। शादी, परिवार और फिर तलाक तक का उनका सफर कई बार सुर्खियों में रहा। अब अलग होने के बावजूद दोनों एक बार फिर साथ नजर आने वाले हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह मुलाकात किसी निजी कार्यक्रम में नहीं, बल्कि एक रियलिटी शो में होने जा रही है, जहां दोनों अपनी नई जिंदगी के बाद पहली बार स्क्रीन शेयर करेंगे।

दरअसल, यह एक्स कपल प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘द अलायंस’ में एक साथ नजर आने वाला है। सोहेल शो में पहले ही एंट्री कर चुके हैं, जबकि सीमा बाद में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में शामिल होंगी। इस ट्विस्ट ने दर्शकों को हैरान कर दिया, लेकिन सीमा ने बताया कि उन्हें पहले से पता था कि दोनों इस शो का हिस्सा बनने वाले हैं।

यह भी पढ़ें: इजिप्ट के खिलाफ मैच के बाद गौहर खान ने लियोनेल मेसी पर साधा निशाना, कहा- ‘क्या लूजर है, सबसे घटिया एक्टर’

सोहेल लेंगे पूरी जिम्मेदारी

हाल ही में शो का एक प्रोमो सामने आया, जिसमें होस्ट कुणाल खेमू, सीमा का स्वागत करते हैं और फिर सोहेल से पूछते हैं कि उन्हें सीमा को यहां देखकर कैसा लग रहा है। इस पर सोहेल ने जवाब दिया कि बहुत अच्छा। मैंने इस खूबसूरत महिला के साथ 25 साल बिताए हैं। मैं नेशनल टेलीविजन पर यह मानता हूं कि अगर कोई गलती हुई है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी मैं लूंगा।

सोहेल की इस बात पर वहां मौजूद सभी लोग तालियां बजाने लगे और सीमा भी कुछ पल के लिए चुप रह गईं। हालांकि बाद में फिल्मीज्ञान को दिए इंटरव्यू में सीमा ने साफ किया कि यह सब उनके लिए कोई सरप्राइज नहीं था। सीमा ने कहा, “मुझे पता था कि वह शो में जा रहे हैं और मैं इसे लेकर उत्साहित हूं। अब मैं उन्हें शो में नहीं देख पाऊंगी, क्योंकि मैं खुद अंदर जा रही हूं, लेकिन मुझे लगता है कि वह अच्छा करेंगे। वह अपने कम्फर्ट जोन से बाहर आ रहे हैं और यह अच्छी बात है। मुझे उन पर गर्व है।”

जब सीमा से पूछा गया कि शो में दोनों के बीच कैसा रिश्ता देखने को मिलेगा, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “उम्मीद है कि हम एक अलायंस में होंगे। पसंद हो या न हो, हम पहले से ही एक अलायंस में हैं, इसलिए हम अलायंस में ही रहेंगे।” सीमा ने आगे बताया, “जब सोहेल शो से बाहर थे, तो उन्होंने मुझसे कहा था कि बस खुद जैसी हो वैसी रहें और किसी के दबाव में मत आना। मैंने उनसे कहा कि मुझे कोई परेशान नहीं कर सकता, क्योंकि आप वहां मौजूद हैं।”

बेटे की जिद पर लिया फैसला

सीमा ने यह भी बताया कि शो में हिस्सा लेने के लिए उन्हें मनाने में उनके छोटे बेटे योहान की सबसे बड़ी भूमिका रही। उन्होंने कहा, “मेरा छोटा बेटा बहुत उत्साहित है। निर्वाण भी खुश है, लेकिन योहान ही वह वजह था जिसने हम दोनों को इसके लिए तैयार किया। वह बार-बार कह रहा था कि आपको यह करना चाहिए, आप दोनों को यह शो करना चाहिए।”

बता दें कि सीमा सजदेह और सोहेल ने 1998 में घर से भागकर शादी की थी। उस समय सीमा की शादी कारोबारी विक्रम आहूजा से होने वाली थी, जिनके साथ उनके रिश्ते की खबरें अब फिर सामने आती रहती हैं। सीमा और सोहेल के दो बेटे हैं- निर्वाण और योहान। तलाक के बाद भी दोनों मिलकर अपने बच्चों की परवरिश कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: सैफ अली खान के पास महल, बहन सोहा के हिस्से आया जनरेटर रूम; जानें पटौदी पैलेस से जुड़ा दिलचस्प किस्सा