साल की शुरुआत में बॉलीवुड के मशहूर लेखक सलीम खान को ब्रेन हैमरेज हुआ था, जिसके बाद उन्हें करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। अब उनके बेटे सोहेल खान ने उस मुश्किल दौर को याद करते हुए बताया कि कैसे उनके पिता सेमी-कोमा में चले गए थे। उन्होंने अस्पताल में उनके साथ बिताए उन कठिन पलों का जिक्र किया और बताया कि एक समय डॉक्टरों ने परिवार को चेतावनी दी थी कि वे सलीम खान को खो भी सकते हैं।
इन दिनों सोहेल खान प्राइम वीडियो के शो अलायंस में दिखाई दे रहें हैं। एक्टर ने शो में वाइल्ड कार्ड एंट्री ली है। यहां पर सोहेल खान ने अपने पिता सलीम खान की तबीयत बिगड़ने के दौरान के मुश्किल समय को याद करते हुए कहा कि वह अपना ज्यादातर समय अपने माता-पिता के साथ बिताते हैं, क्योंकि उनके लिए सबसे कीमती चीज समय है।
यह भी पढ़ें- अंशुला कपूर के मेहंदी फंक्शन की खूबसूरत तस्वीरें, परिवार समेत इन सेलेब्स ने की शिरकत, इनसाइड फोटोज वायरल
उन्होंने कहा कि उनके बच्चे अभी छोटे हैं और उनके साथ बिताने के लिए आगे भी काफी वक्त है, लेकिन उनके माता-पिता अब उम्रदराज हो चुके हैं, इसलिए वह उनके साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताना चाहते हैं।
सोहेल ने बताया कि कुछ हफ्ते पहले जब सलीम खान की तबीयत बिगड़ी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, तो वह सेमी-कोमा में चले गए थे। उस दौरान वह लगातार अस्पताल में उनके साथ रहे। उन्होंने कहा कि जब डॉक्टरों ने परिवार को बताया कि उनके पिता को खोने का खतरा है, तो उनका दिल बैठ गया था। सोहेल ने भावुक होते हुए कहा, “मेरे माता-पिता ही मेरी पूरी दुनिया हैं। अगर पापा को कुछ हो जाता, तो मुझे समझ नहीं आता कि मैं अपनी जिंदगी कैसे आगे बढ़ाता।”
सोहेल खान ने अमेजन प्राइम के शो ‘अलायंस’ से अपना ओटीटी डेब्यू किया है। इस शो में उन्होंने रवि किशन की जगह ली है। अपने नए सफर के बारे में बात करते हुए सोहेल ने कहा कि उनकी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन वह बीती बातों पर पछतावा करने में विश्वास नहीं रखते। उनके मुताबिक, जो हो गया उसे पीछे छोड़कर आगे बढ़ना ही बेहतर है।
यह भी पढ़ें- ‘मम्मी-पापा के साथ न देख सकूं, ऐसा रोमांटिक सीन कभी नहीं करूंगा’, ‘टॉक्सिक’ विवाद के बीच वायरल हुआ यश का पुराना बयान
सोहेल ने आगे कहा कि उन्हें लोगों को समझना और परखना पसंद है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा, “जो लोग मुझे शांत या सीधा-सादा समझते हैं, उन्हें मेरे साथ उलझने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। अगर ऐसा हुआ तो उन्हें असली सोहेल खान देखने को मिलेगा। यहां कोई टैग या बोझ नहीं होगा, सिर्फ मेरा असली रूप नजर आएगा।”
बता दें कि प्राइम वीडियो के शो अलायंस में रवि किशन के एक्जिट के बाद सोहेल खान की एंट्री हुई है। इस शो को एक्टर कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं। शो ‘द अलायंस’ में कुशाल टंडन, मिनी माथुर, अरसलान गोनी, जैद दरबार, नीति टेलर, निखिल चिनापा, डेज़ी शाह, रुही दोसानी, पायल धारे, अरमान खेरा शामिल हैं। इनके अलावा रीवा किशन, डेलबार आर्या, सब्बी सूरी और डॉली जावेद भी हैं।
