एक्टर-प्रोड्यूसर सोहेल खान का वजन पहले से काफी कम हो गया है। रियलिटी शो ‘अलायंस’ की रैप-अप पार्टी में जब उनका बदला हुआ लुक नजर आया, तो फैंस को उनकी सेहत की चिंता होने लगी। कुछ लोगों ने अंदाजा लगाया कि उन्हें कोई हेल्थ प्रॉब्लम है, तो कुछ ने पूछा कि क्या उन्होंने ओजेम्पिक जैसी वजन कम करने वाली दवा ली है। अब एक हालिया इंटरव्यू में सोहेल ने इन अफवाहों को खारिज करते हुए अपने वजन कम होने की असली वजह बताई है।

शुरुआत में महसूस हुआ क्लॉस्ट्रोफोबिक

हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए सोहेल ने कहा, “शुरुआती कुछ दिनों में मुझे थोड़ा घुटन जैसा महसूस हुआ, क्योंकि यह मेरा पहला रियलिटी शो था। शो में घुसने के पहले ही हफ्ते में ही पेट की तकलीफ ने मेरी परेशानी और बढ़ा दी। मैं आपको बताना चाहता हूं कि कंटेस्टेंट्स ने मेरी सेहत और हर चीज को लेकर जो प्यार और फिक्र दिखाई, उसी वजह से मैं पांच हफ्ते तक वहां टिका रहा, जबकि पहले हफ्ते में ही मेरी तबीयत ठीक नहीं थी।”

यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर’ के बाद ‘प्रलय’ लाने को तैयार रणवीर सिंह, हंसल मेहता के साथ मिलकर अनन्या बिड़ला ने किया फिल्म को प्रोड्यूस

नहीं ली ओजेम्पिक जैसी दवाई

सोहेल ने आगे बताया कि बीमारी की वजह से उन्हें अपना खान-पान भी बदलना पड़ा, ताकि वह शो के टास्क में आराम से हिस्सा ले सकें। उन्होंने कहा, “मुझे बस अपने खाने पर कंट्रोल करना था, क्योंकि मैं चुनौतियों का हिस्सा बनना चाहता था और उस नई फैमिली और दोस्तों के साथ आखिरी दिन तक रहना चाहता था, जो अब जिंदगी भर के लिए मेरे साथ हैं। इसलिए न तो ओजेम्पिक लिया और न ही कोई फैट बर्नर। मैं सिर्फ सभी से मिलने वाला ढेर सारा प्यार और अपनापन ले रहा हूं।”

सोहेल ने कम किया 12 किलो वजन

सोहेल खान के वजन कम होने की बात तब भी चर्चा में आई थी, जब उनके भाई सलमान खान रियलिटी शो ‘अलायंस’ में पहुंचे थे। सलमान के शो में आने पर सोहेल ने बताया था कि उन्होंने 12 किलो वजन कम किया है।

बता दें कि ‘अलायंस’ हाल ही में खत्म हुआ है। शो का खिताब मिनी माथुर ने अपने नाम किया। वहीं, इसे कुणाल खेमू ने होस्ट किया था। शो में कुशाल टंडन, जैद दरबार, अली गोनी, वंशज सिंह, रूही दोसानी, नीति टेलर और सोहेल खान समेत कई कंटेस्टेंट नजर आए थे। 

यह भी पढ़ें: शर्मिला टैगोर ने बच्चों को नहीं दिया हिंदू धर्म का ज्ञान, बेटी सबा ने बताया- ‘हमें अम्मा ने सिर्फ इस्लाम सिखाया’