फेमस सिंगर अरिजीत सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए बताया था कि वह प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास ले रहे हैं। उनका यह फैसला सुनने के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री और फैंस में हलचल मच गई। हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर सिंगर ने अपने करियर के पीक पर आकर ऐसा फैसला क्यों लिया। वहीं, कुछ लोग यह जानने के लिए उत्साहित हैं कि आखिर अब वह आगे क्या करने वाले हैं।

अब इसी बीच सिंगर, कंपोजर और एक्टर पलाश सेन ने अरिजीत के सिंगिंग छोड़ने पर रिएक्ट किया है। पलाश ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करते हुए अरिजीत के इस फैसले को लेने की वजह बताई। साथ ही यह भी कहा कि वो सिंगर के प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के फैसले को समझते हैं, क्योंकि वो भी उसी दौर से गुजर चुके हैं।

यह भी पढ़ें: प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने के 5 दिन बाद रिलीज हुआ अरिजीत सिंह का ‘इश्क का फीवर’ सॉन्ग, यूजर बोले- मास्टरपीस

पलाश ने किया लंबा-चौड़ा पोस्ट

सिंगर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक लंबा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने बॉलीवुड के साथ अपनी जर्नी के बारे में बताया और याद किया कि कैसे उन्होंने एक बार सिर्फ अपने पसंदीदा गीतकार गुलजार और संगीतकार अनु मलिक के लिए गाने का मौका पाने के लिए एक्टिंग शुरू की थी। यह एक ऐसा अनुभव था, जिसके बारे में उन्होंने दावा किया कि आखिरकार उसी ने उन्हें सिस्टम से बाहर कर दिया।

पलाश ने अपने पोस्ट में लिखा, “24 साल पहले इसी दिन या शायद 2 फरवरी को एक एक्टर के तौर पर मेरी पहली फिल्म ‘फिलहाल’ रिलीज हुई थी.. वह फ्लॉप हो गई थी। ज्यादातर क्रिटिक्स ने मुझे नकार दिया था और इंडस्ट्री के लोगों ने मुझे ट्रोल किया। एक खास मॉडल/एक्ट्रेस थी, जिसने मुझे लेक्चर दिया कि मुझे फिल्मों में एक्टिंग क्यों नहीं करनी चाहिए, कई दूसरे लोगों ने भी ऐसा ही किया।

शुरू में मुझे फिल्मों में कोई दिलचस्पी नहीं थी। मैंने यह फिल्म इसलिए की क्योंकि मैं गुलजार साहब का लिखा एक गाना गाना चाहता था। यह गाना लेजेंडरी अनु जी कंपोज करने वाले थे, यह मेरा दूसरा सपना सच होने जैसा था। मुझे सच में नहीं पता कि मुझे ‘खतरा’ क्यों समझा गया। मैं तो बस मजे करने और अपनी क्षमता के अनुसार अपना काम करने गया था।”

अरिजीत को लेकर लिखी ये बात

पलाश सेन ने अपने अनुभव और अरिजीत सिंह के फैसले के बीच तुलना करते हुए आगे लिखा, “सच तो यह है कि मुझे पता है मेरे भाई अरिजीत प्लेबैक क्यों छोड़ रहे हैं। मैं भी बहुत पहले उस दौर से गुजरा हूं और मैंने अपना रास्ता खुद चुना था। वह रास्ता, जिस पर मुझे पता है अरिजीत अब चलेंगे।”

यह भी पढ़ें: ‘भगवान की भूमिका निभाने के लिए वैसा दिखना चाहिए’, अरुण गोविल ने रणबीर कपूर को लेकर कही ये बात