The Kapil Sharma Show: टीवी के लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘द कपिल शर्मा’ को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। सिद्धार्थ सागर (Siddharth Sagar) जो इस वक्त अपने अलग-अलग किरदारों से शो में जान डाल रहे हैं, अब शो का हिस्सा नहीं रहेंगे। पहले इसी सीजन में कृष्णा अभिषेक (Krishna Abhishek), चंदन और अब सिद्धार्थ सागर शो छोड़ रहे हैं,ये खबर फैंस को दुखी कर रही है।
सिद्धार्थ के शो छोड़ने का कारण मेकर्स के साथ उनकी फीस को लेकर हुई अनबन बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सिद्धार्थ सागर को मनचाही फीस नहीं दी जा रही है, जिसके कारण उन्होंने शो छोड़ने का फैसला लिया है। कृष्णा अभिषेक ने भी पैसों के लेनदेन के चलते शो करने से मना कर दिया था, जिसके बाद सिद्धार्थ ने शो में चार चांद लगा दिए थे।
सिद्धार्थ ने छोड़ दिया मुंबई
बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ, कपिल के शो के कारण ही मुंबई शिफ्ट हुए थे, लेकिन अब वह वापस दिल्ली शिफ्ट हो गए हैं। जिसके बाद उनका शो में वापस आना मुश्किल है। सिद्धार्थ ने कभी फणवीर सिंह बनकर तो कभी अक्षय कुमार की एक्टिंग कर लोगों का मनोरंजन किया। कभी वह उस्ताद बनकर लोगों को हंसाते थे। अब उनके जाने के बाद शो का मजा कम होने वाला है।
ये लोग छोड़ चुके हैं शो
आपको बता दें कि ‘कपिल शर्मा शो’बीते सात सालों से चल रहा है। इस बीच कई कॉमेडियन ने शो को छोड़ा। डॉक्टर गुलाटी के किरदार से मशहूर सुनील ग्रोवर, अली असगर, भारती सिंह, कृष्णा अभिषेक, उपासना सिंह, सुगंधा मिश्रा, नवजोत सिंह सिद्धू शो का साथ छोड़ चुके हैं।
सुनील ग्रोवर ‘कपिल शर्मा शो’ के बेस्ट कॉमेडियन में से एक थे। लेकिन कपिल के साथ खटपन होने के कारण उन्होंने शो छोड़ दिया था। उन्हीं के साथ अली, सुगंधा ने भी शो छोड़ा था। उसके बाद कृष्णा और भारती ने आकर शो की कमान संभाली लेकिन इस सीजन में वह भी शो का हिस्सा नहीं हैं। फिलहाल शो के मेकर्स, कपिल शर्मा या सिद्धार्थ सागर की ओर से इसपर कोई रिएक्शन नहीं आया है।