नेटफ्लिक्स इंडिया की नई सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, मिहिर आहूजा, तारुक रैना, अर्नव भसीन, अभय वर्मा, दिया मिर्जा और प्राजक्ता कोली समेत कई कलाकार भारतीय वायुसेना की एक अनकही कहानी को पर्दे पर लेकर आ रहे हैं। सोमवार को सीरीज का ट्रेलर लॉन्च किया गया, जहां इस मिशन से जुड़े असली हीरो और उनके परिवार भी मौजूद थे। इस दौरान स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा का किरदार निभाने वाले सिद्धार्थ भावुक हो गए।
अजय आहूजा का जिक्र करते हुए भावुक हुए सिद्धार्थ
स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा के बारे में बात करते हुए सिद्धार्थ की आंखें नम हो गईं। अभिनेता ने कहा, “शुरुआत में मैं ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में यह रोल निभाने को लेकर हिचकिचा रहा था, खासकर जब बात हमारे शहीदों की हो, क्योंकि उन्हें अक्सर एक खास तरीके से दिखाया जाता है। वे आज हमारे बीच नहीं हैं कि अपने किरदार के चित्रण पर कुछ कह सकें। इसलिए मुझे यह जिम्मेदारी मुश्किल लगी। किसी काल्पनिक किरदार को निभाना कहीं आसान होता है।”
यह भी पढ़ें: ‘बोल बच्चन’ के बाद 10 साल तक नहीं मिला एक भी फिल्म का ऑफर, अर्चना पूरन सिंह का छलका दर्द
उन्होंने आगे कहा, “जैसे ही हमें पता चलता है कि कोई शहीद है, हम उसे एक तय ढांचे में देखने लगते हैं। लेकिन असली हीरो दिखने से नहीं, अपने कामों से हीरो बनते हैं। मैं डरा हुआ था कि कहीं मैं उनकी यादों के साथ अन्याय नहीं करना चाहता था। इसलिए मैंने निर्माताओं के साथ लंबी चर्चा की, ताकि एक महान इंसान और सैनिक की कहानी पूरी ईमानदारी से दिखाई जा सके। मेरी पहली शर्त यही थी कि क्या उनकी पत्नी अलका आहूजा ने इसकी अनुमति दी है।”
जिमी शेरगिल ने युवाओं को दिया खास संदेश
इवेंट में जिमी ने बताया कि नई पीढ़ी को ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ क्यों देखनी चाहिए। उन्होंने कहा, “यह मत सोचिए कि इस कहानी को सामने आने में 27 साल लग गए। यह देखिए कि कम से कम 27 साल बाद सही, लेकिन यह कहानी अब लोगों तक पहुंच रही है। इससे पहले बहुत कम लोग कारगिल युद्ध में वायुसेना के योगदान और उनके रिकॉर्ड के बारे में जानते थे। नई पीढ़ी के लिए इन बातों को जानना बेहद जरूरी है। सच कहूं तो जब तक हमें भी ये जानकारियां नहीं मिली थीं, तब तक हम भी इससे अनजान थे।”
जिमी ने आगे कहा, “सच्ची और प्रामाणिक कहानियां बताई जानी चाहिए। अगर कोई इसे बनावटी कहता है तो वह गलत है। आजकल लोग बहुत आसानी से किसी भी चीज को फर्जी बता देते हैं, लेकिन सच्चाई सामने आनी ही चाहिए। हमारे समय में पब्लिक स्कूलों के 99 प्रतिशत बच्चे सेना में जाना चाहते थे। मैंने भी आवेदन किया था। मेरे 90 प्रतिशत अंक थे, फिर भी मैं चयनित नहीं हो पाया। उस समय प्रतियोगिता बहुत ज्यादा थी।”
अभिनेता ने चिंता जताते हुए कहा, “आज मुझे लगता है कि युवाओं की रुचि सशस्त्र बलों में कम होती जा रही है। हर कोई फिल्मों में आना चाहता है। सबके हाथ में फोन है और वे उस पर रील बनाना चाहते हैं। लेकिन देश की रक्षा कौन करेगा?”
‘ऑपरेशन सफेद सागर’ को अभिजीत सिंह परमार और कुशल श्रीवास्तव ने बनाया है, जबकि इसका निर्देशन ओनी सेन ने किया है। यह सीरीज 7 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
यह भी पढ़ें: ‘वो मेरे करियर और जिंदगी की सबसे बड़ी ताकत थे’, धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुईं हेमा मालिनी
