‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ की बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई जारी है। अजय देवगन की इस फिल्म ने चार दिनों में दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था। अब फिल्म 400 करोड़ रुपये के क्लब में भी शामिल हो गई है। अभिनेत्री श्रिया सरन के लिए यह कामयाबी खास है, क्योंकि यह हिंदी सिनेमा में उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।

न्यूज 18 को दिए एक इंटरव्यू में श्रिया सरन ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इस फ्रेंचाइजी की हर फिल्म सफल ही होगी। उन्होंने बताया कि ‘दृश्यम 2’ को लेकर भी मेकर्स के मन में काफी चिंता थी। उन्हें नहीं पता था कि दर्शक फिल्म देखने सिनेमाघरों में आएंगे या नहीं।

श्रिया ने कहा, “उस समय कोविड का दौर था। हमें यकीन नहीं था कि लोग फिल्म देखने के लिए सिनेमाघरों में आएंगे या नहीं। लोग ‘आरआरआर’ देखने आए थे, लेकिन वह बड़े स्तर पर बनी फिल्म थी। लोग उसे बड़े पर्दे पर देखना चाहते थे।”

उन्होंने आगे कहा, “लेकिन लोग ‘दृश्यम 2’ देखने भी आए। यह फिल्म अपनी मजबूत और कसी हुई कहानी की वजह से सफल हुई। लोगों ने फिल्म के बारे में एक-दूसरे को बताया और इसी तरह इसका प्रचार हुआ।”

श्रिया ने माना कि ‘दृश्यम 3’ के साथ भी सफलता की कोई गारंटी नहीं थी। उन्होंने कहा, “इस फिल्म के पास भी सफलता का कोई सुरक्षा कवच नहीं था। यह रीमेक नहीं है और इसका मलयालम फिल्म से कोई संबंध नहीं है। इसकी कहानी बिल्कुल नई है। निर्देशक अभिषेक पाठक ने इसमें कई जोखिम लिए हैं। फिल्म में कई ऐसे सीन हैं, जहां किरदार खामोश रहते हैं।”

यह भी पढ़ें: Drishyam 3 Box Office Collection Day 10: ‘दृश्यम 3’ बनी अजय देवगन की सबसे बड़ी हिट, दुनियाभर में 500 करोड़ का आंकड़ा करेगी पार

उन्होंने आगे बताया, “फिल्म के मुख्य किरदार ज्यादा बात नहीं करते। अजय सर के पास सिर्फ 16 डायलॉग थे और मेरे पास तो उससे भी कम थे। ऐसा नहीं था कि हमने सोच लिया था कि यह फिल्म तो चलेगी ही। आप कभी नहीं जान सकते कि दर्शकों को क्या पसंद आएगा। कई बार दर्शकों को अच्छी फिल्म भी पसंद नहीं आती। और अगर पसंद आ भी जाए, तो जरूरी नहीं कि वे उसे बार-बार सिनेमाघरों में देखने जाएं। यह फिल्म अपनी दमदार कहानी की वजह से सफल हुई है, खासकर आखिरी 20 से 30 मिनट की कहानी बहुत रोमांचक है।”

8 साल छोटी इशिता दत्ता की मां का किरदार निभाने पर तोड़ी चुप्पी

दिलचस्प बात यह है कि 44 साल की श्रिया सरन फिल्म में इशिता दत्ता शेट्ठ की मां का किरदार निभा रही हैं, जबकि इशिता उनसे सिर्फ आठ साल छोटी हैं। इस बारे में बात करते हुए श्रिया ने कहा, “हां, मेरा मतलब है कि यह थोड़ा अजीब लगता है। मैंने इस बारे में सोचा भी था। मैं सोच रही थी कि यह कैसे संभव है और इसका आपस में क्या तालमेल बैठेगा? मुझे तो मां बनने के लिए खुद बच्ची होना पड़ता (हंसते हुए)। लेकिन कहानी इतनी प्रभावशाली और मजबूत है कि आप इन बातों के बारे में ज्यादा नहीं सोचते।”

श्रिया ने माना कि फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर महिला कलाकारों को उनकी उम्र के आसपास के अभिनेताओं की मां का किरदार दे दिया जाता है। हालांकि, उन्होंने ‘दृश्यम’ के मेकर्स की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म में दोनों के बीच उम्र के अंतर को सही तरीके से समझाया गया है।

उन्होंने कहा, “फिल्म में बताया गया है कि इशिता का किरदार गोद ली हुई बेटी है और इस बात को बहुत खूबसूरती से समझाया गया है।” श्रिया ने बताया कि पिछले एक दशक से इस फ्रेंचाइजी पर काम करने के दौरान इशिता के साथ उनका रिश्ता भी बदलता और गहरा होता गया है।

यह भी पढ़ें: 15 साल बाद ‘द डर्टी पिक्चर 2’ हुई कंफर्म, एकता कपूर ने फिल्म की कहानी पर दिया बड़ा अपडेट

उन्होंने कहा, “जब हमने ‘दृश्यम’ की शूटिंग शुरू की थी, तब हम दोनों सच में बच्चियां ही थीं। जब हमने ‘दृश्यम 2’ की शूटिंग की, तब इशिता की हाल ही में शादी हुई थी। मुझे याद है कि उस दौरान हम जिंदगी को लेकर काफी बातें करते थे। तीसरी फिल्म तक आते-आते हम बच्चों के बारे में बात करने लगे थे।”

श्रिया ने बताया कि इशिता का बेटा और उनकी बेटी राधा लगभग एक ही उम्र के हैं। ऐसे में दोनों बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी बातें भी एक-दूसरे से साझा करती हैं। वे बच्चों की क्लास से लेकर उनके शिक्षकों के फोन नंबर तक शेयर करती हैं। श्रिया ने इशिता की तारीफ करते हुए उन्हें एक अच्छी मां बताया।