शेखर सुमन ने हाल ही में अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल वक्त को याद किया। उन्होंने बताया कि उनके बड़े बेटे आयुष को गंभीर बीमारी थी और 11 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। इस मुश्किल दौर में शेखर के पास काम भी नहीं था। परिवार चलाने और बेटे के इलाज के लिए उन्हें मजबूरी में टीवी के ऑफर स्वीकार करने पड़े, जबकि पहले वह टेलीविजन पर काम नहीं करना चाहते थे।

शेखर सुमन ने द लल्लनटॉप के साथ बातचीत में बताया, “मुझे पता चला कि मेरा बेटा ऐसी बीमारी से जूझ रहा है, जिससे उसका बचना मुश्किल था। उस वक्त मेरे पास काम भी नहीं था। ऊपर से हमें इतनी दुखद खबर मिली। मैं पूरी तरह टूट गया था। मुझे लगा कि अब मेरी जिंदगी में कुछ नहीं बचा है। मैं इतना भी नहीं कमा रहा था कि उसका इलाज और देखभाल कर सकूं। मैं घर से पैसे भी नहीं लेना चाहता था। वह बहुत मुश्किल दौर था।”

उन्होंने आगे बताया कि उस समय वह टेलीविजन पर काम नहीं करना चाहते थे। जब भी उनका फोन बजता, उन्हें उम्मीद होती कि शायद किसी फिल्म का ऑफर आया होगा, लेकिन ज्यादातर फोन सीरियल में काम करने के लिए होते थे।

एक दिन निर्देशक आनंद महेंद्रू ने उन्हें फोन किया और अपने सीरियल ‘देख भाई देख’ में काम करने का प्रस्ताव दिया। शेखर ने शुरुआत में सीरियल करने से इनकार कर दिया। इस पर आनंद ने उन्हें पहले प्रोजेक्ट के बारे में सोचने को कहा। उन्होंने बताया कि इस सीरियल को जया बच्चन प्रोड्यूस कर रही हैं और इससे कई बड़े लोग जुड़े हुए हैं।

आखिरकार शेखर सुमन ने इस सीरियल में काम करने का फैसला किया। इसमें उन्होंने अहम भूमिका निभाई और इसके बाद उनके करियर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

हालांकि, उस समय उनके बेटे की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। शेखर ने बताया कि उन्हें आज भी समझ नहीं आता कि उन्होंने उस मुश्किल दौर में काम कैसे जारी रखा।

उन्होंने कहा, “सेट पर मेरे लिए एक टेलीफोन रखा गया था, ताकि परिवार मुझे आयुष की तबीयत के बारे में बता सके। जब भी फोन बजता, मेरा दिल जोर-जोर से धड़कने लगता था। मुझे डर रहता था कि कहीं कोई बुरी खबर न हो। फोन पर बात करने के बाद मुझे वापस जाकर शो की शूटिंग करनी पड़ती थी, जो एक हल्की-फुल्की कॉमेडी थी। यह सब करना बहुत मुश्किल था।”

बेटे ने शेखर सुमन से की थी अपील

शेखर सुमन ने बेटे आयुष के आखिरी पलों को याद करते हुए बताया कि निधन से पहले वह संस्कृत के श्लोक बोलने लगा था। उस समय उसकी उम्र महज 11 साल थी। उन्होंने कहा, “उसने संस्कृत के श्लोक बोलना शुरू कर दिया था। मुझे नहीं पता कि उसने ऐसा कैसे किया। उसने कहा कि उसे एक सुनहरी रोशनी अपनी ओर आती दिखाई दे रही है। उसने मेरा हाथ पकड़ा और कहा, ‘पापा, मैं नहीं जाना चाहता। प्लीज, मुझे बचा लो।’ इसके बाद वह संस्कृत के कुछ श्लोक बोलने लगा। हम सभी घबरा गए थे।”

शेखर ने आगे बताया कि आयुष ने उस समय वहां मौजूद परिवार के हर सदस्य से अपने प्यार का इजहार किया। उसने उनके ड्राइवर से भी कहा कि वह उससे प्यार करता है।

यह भी पढ़ें: संजय दत्त के बचाव में आए शेखर सुमर, ‘देश में शांति’ विवाद पर बोले- बदनाम मत करो

अभिनेता ने भावुक होते हुए कहा, “वह किसी फरिश्ते जैसा था। बहुत प्यारा बच्चा था। ”उन्होंने कहा कि उन्हें आज तक समझ नहीं आया कि उनके परिवार के साथ ऐसी त्रासदी क्यों हुई। हालांकि, उन्होंने इसे किस्मत मानकर स्वीकार करने की कोशिश की।

शेखर ने कहा, “माता-पिता के लिए अपने बच्चे को खोने से बड़ा दुख कोई नहीं हो सकता। आज भी हम रोज दो से तीन घंटे सिर्फ उसके बारे में सोचते और बातें करते हैं। यह ऐसा घाव है, जो कभी नहीं भरेगा।”

बेटे की मौत के बाद पैसे और शोहरत से उठ गया था भरोसा

शेखर सुमन ने बताया कि आयुष के निधन के बाद उनकी काम में और जिंदगी की दूसरी चीजों में भी दिलचस्पी खत्म हो गई थी।
उन्होंने कहा, “जब वह चला गया, तो मेरे लिए पैसे और शोहरत का क्या मतलब रह गया था? लेकिन मुझे काम जारी रखना पड़ा, क्योंकि अपने परिवार के बाकी सदस्यों की देखभाल भी करनी थी।”

शेखर सुमन ने आयुष के आखिरी दिनों को याद करते हुए बताया कि उसकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि उनकी पत्नी अलका सुमन ने डॉक्टरों से बेटे को तकलीफ से मुक्त करने की गुहार लगाई थी।

उन्होंने बताया, “उसकी हालत इतनी बिगड़ गई थी कि एक समय मेरी पत्नी ने डॉक्टरों से कहा कि अब उसे जाने दें। मैंने उनसे कहा, ‘तुम यह क्या कह रही हो? हम आखिरी दम तक लड़ेंगे।’ लेकिन उन्होंने कहा, ‘अब अंत आ गया है। उसे जाने दो, वह बहुत तकलीफ में है।’”

यह भी पढ़ें: ‘मैं सिर्फ 24 घंटे बीजेपी में था’, शेखर सुमन ने राजनीति में जाने को बताया मजबूरी, बोले- राजनीतिक व्यंग्य करने के लिए निष्पक्ष रहना जरूरी

शेखर ने आगे कहा कि उनकी पत्नी एक ऐसी मां थीं, जो अपने बेटे को दर्द में तड़पते नहीं देख पा रही थीं। उन्होंने स्वीकार किया कि उस वक्त अलका की बात सही थी, क्योंकि परिवार के लिए आयुष को इस तरह तकलीफ में देखना बेहद मुश्किल हो गया था।