शेखर सुमन को कभी टेलीविजन का अमिताभ बच्चन कहा जाता था। हालांकि, उन्होंने कभी उस मेगास्टार के साथ ज्यादा काम नहीं किया, लेकिन उनकी पत्नी और अनुभवी एक्ट्रेस जया बच्चन के साथ उन्होंने तीन बार काम किया है। असल में, उनकी कंपनी सरस्वती ऑडियो विजुअल्स- जो बाद में अमिताभ के प्रोडक्शन हाउस ABCL में मिल गई, उसने ही शेखर को 1990 के दशक की शुरुआत में आनंद महेंद्रू के मशहूर सिटकॉम ‘देख भाई देख’ से टीवी पर बड़ा ब्रेक दिया था।

शेखर सुमन ने खुद सुनाया था किस्सा

‘देख भाई देख’ में रोल मिलने के बारे में बात करते हुए शेखर ने ‘स्क्रीन स्पॉटलाइट’ से कहा, “असल में, मैं उस समय टेलीविजन के बिल्कुल खिलाफ था। जब भी फोन बजता, तो मुझे उम्मीद होती कि कोई टीवी प्रोड्यूसर मुझे फोन न कर रहा हो।” बता दें कि ‘देख भाई देख’ से आठ साल पहले 1984 में शेखर ने ‘वाह जनाब’ शो से टीवी पर डेब्यू किया था। शरद जोशी ने ही 1987 में उनकी बॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘उत्सव’ भी लिखी थी, जिसे गिरीश कर्नाड ने डायरेक्ट किया था।

यह भी पढ़ें: सही परवरिश, युवा अपराध और गंभीर समाजिक मुद्दे को दिखाती ये फिल्म, IMDb पर 7.4 रेटिंग, कहां देखे 2 घंटे 24 मिनट की कहानी

एक्टर ने आगे बताया, “जब मैं ‘उत्सव’ कर रहा था, उसी दौरान शरद जोशी ‘वाह जनाब’ नाम का टीवी शो बना रहे थे। शूटिंग के बीच उन्होंने मुझे आजाद का रोल ऑफर किया और कहा कि वह इस किरदार में सिर्फ मुझे देख सकते हैं। मैंने उनसे पूछा कि क्या मेरे लिए टीवी करना सही रहेगा, क्योंकि मैं अपने करियर की शुरुआत कर रहा था। इसके बाद उन्होंने मुझे स्क्रिप्ट सुनाई।”

शेखर सुमन को ‘वाह जनाब’ की स्क्रिप्ट इतनी अच्छी लगी कि शुरुआती हिचकिचाहट के बावजूद उन्होंने शो के लिए हां कर दी। अभिनेता ने बताया, “शरद जोशी के लिए मना करना मुझे बहुत अजीब और मुश्किल लग रहा था, क्योंकि मैं उनका बहुत सम्मान करता था। सभी ने मुझे करियर की शुरुआत में टीवी न करने की सलाह दी थी। लेकिन मैंने कहा कि जो होगा देखा जाएगा।” हालांकि, सिर्फ तीन साल बाद बॉलीवुड में ब्रेक मिलने के बाद उन्होंने टीवी से दूरी बनाने का फैसला किया। फिर 1990 के दशक की शुरुआत में उन्हें आनंद महेंद्रू का फोन आया।

जया बच्चन ने किया था शो को प्रोड्यूस

शेखर ने आगे बताया, “एक दिन आनंद महेंद्रू का फोन आया। उन्होंने कहा कि वह ‘देख भाई देख’ नाम का सीरियल बना रहे हैं। मैंने कहा कि नहीं-नहीं, मुझे सीरियल्स में दिलचस्पी नहीं है। फिर उन्होंने कहा कि इसे जया बच्चन प्रोड्यूस कर रही हैं। मैंने तुरंत कहा कि रुकिए। अगर जया बच्चन इसे बना रही हैं और यह अमिताभ बच्चन की प्रोडक्शन कंपनी से जुड़ा है, तो मैं इसे देखूंगा।”

शेखर ने बताया कि वह सिर्फ 15-20 मिनट के लिए शो की कहानी सुनने आनंद महेंद्रू से मिलने गए थे, लेकिन कहानी और उसकी दुनिया उन्हें इतनी रोमांचक लगी कि वह पूरी रात वहीं बैठे रहे। जया बच्चन की भूमिका सिर्फ शो को प्रोड्यूस करने तक सीमित नहीं थी। शेखर ने बताया, “जया जी का ABCL ऑफिस ठीक एक फ्लोर ऊपर था।

वह शो से पूरी तरह जुड़ी हुई थीं। वह सेट पर आती थीं और काम देखती थीं। वह इसमें व्यक्तिगत तौर पर काफी दिलचस्पी लेती थीं, जो देखना बहुत अच्छा लगता था। हम जो भी अलग-अलग चीजें करते थे, वह उन्हें देखकर खूब हंसती थीं। तो हां, वह बहुत अच्छा समय था।”

नेशनल अवॉर्ड्स शो के लिए किया अप्रोच

बाद में शेखर एक और टीवी शो के लिए जया की प्रोडक्शन कंपनी के साथ जुड़े, जिसे रमेश तलवार ने डायरेक्ट किया था। इससे पहले जया ने उन्हें अपनी कंपनी द्वारा आयोजित होने वाले पहले लाइव नेशनल अवॉर्ड्स शो के लिए भी अप्रोच किया था। शेखर ने हंसते हुए कहा, “यह पहली बार था जब हम लाइव जा रहे थे। उस समय यह बहुत बड़ी गड़बड़ी बन गई थी। बिजली चली गई थी और OB (Outside Broadcast) वैन में लोग गालियां दे रहे थे, जो लाइव प्रसारित हो रही थीं।”

उन्होंने आगे बताया, “उस समय मैंने जया जी के साथ काफी वक्त बिताया। बच्चन साहब अभी-अभी दिल्ली के गुलमोहर पार्क में शिफ्ट हुए थे। हम उनके घर पर बैठकर घंटों आइडिया पर चर्चा करते थे।”

यह भी पढ़ें: ‘मैं नहीं सुधरने वाली’, छात्रों की गूंज के मंच पर नेहा सिंह राठौर ने बीजेपी के लिए कही ये बात, राहुल गांधी बोले- मैं भी नहीं सुधर रहा हूं