शेखर सुमन ने अपने शो ‘शेखर टुनाइट’ पर आए संजय दत्त की टिप्पणियों और उनपर चल रहे विवाद पर रिएक्ट किया है. शेखर ने कहा है कि एक्टर ने शो पर जो बातें कहीं, वो हल्के-फुल्के और पॉजिटिव अंदाज में की गई थीं।

इससे पहल संजय दत्त ने X पर पोस्ट शेयर कर साफ किया था कि टॉक शो में उनकी मौजूदगी में ‘स्क्रिप्टेड बातचीत’ हुई थी। एक्टर ने कहा था कि उनका इरादा कभी भी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने या अनादर करने का नहीं था।

अब एनडीटीवी से बातचीत में शेखर सुमन ने संजय का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि शेखर टुनाइट एक सटायर शो है जो ‘प्रो-पीपल’ और ‘पूरी तरह से निष्पक्ष और लोकतांत्रिक’ है।

शेखर सुमन ने किया संजय दत्त का बचाव

संजय दत्त की टिप्पणियों के बारे में बात करते हुए शेखर ने कहा कि एक्टर के मन में भारत और इसके लोगों के लिए बहुत सम्मान है।

उन्होंने यह भी कहा कि संजय की उन टिप्पणियों के लिए आलोचना नहीं की जानी चाहिए, जो उनके अनुसार, कभी किसी को ठेस पहुंचाने के इरादे से नहीं की गई थीं।

शेखर ने बताया, ‘संजय दत्त के मन में हमारे देश और देशवासियों के लिए बहुत सम्मान है। उन्होंने जो कहा वह पूरी तरह से हानिरहित और बहुत ही पॉजिटिव तरीके से था। उन्होंने जो कभी कहा उसके लिए उन्हें दंडित और बदनाम नहीं किया जाना चाहिए। मैं उन्हें सालों से जानता हूं। वह एक अच्छे इंसान हैं जो अपने देश से प्यार करते हैं और इसका सम्मान भी करते हैं।’

और पढ़ें: ‘दुख पहुंचाने का इरादा नहीं था’, देश की शांति पर कमेंट कर बुरे फंसे संजय दत्त, देनी पड़ी सफाई

संजय दत्त ने क्या कहा था?

संजय दत्त, गांधी जयंती के मौके पर ‘शेखर टुनाइट’ में नजर आए थे। यहां उन्होंने देश की मौजूदा स्थिति के बारे में बात की थी। बातचीत के दौरान एक्टर ने कहा था कि भारतीय बड़े दिल वाले और मेहमाननवाज हैं, लेकिन उन्हें अब देश में ‘शांति’ महसूस नहीं होती।

एक्टर ने कहा था, ‘इस देश के लोग बहुत प्यारे हैं। यहां शांति होनी चाहिए। मुझे अब हमारे देश में वह शांति महसूस नहीं होती। हम भारतीय बड़े दिल वाले लोग हैं, और हम मेहमाननवाज हैं। हमने बहुत कुछ दिया है, और हमें हमेशा वैसे ही रहना चाहिए। मैं शिवजी से प्रार्थना करता हूं कि वे दिन जल्द वापस आएं।’

एक्टर ने अपने आइकॉनिक मुन्ना भाई किरदार को एक पॉलिटिकल सटायर में भी लाया। पांच मिनट के लिए उन्होंने खुद को भारत का प्रधानमंत्री मानते हुए अपने सिग्नेचर स्टाइल में देश के नाम एक मोनोलॉग दिया।

और पढ़ें: मां बनने वाली है प्रेमानंद महाराज की शिष्या बनी एक्ट्रेस, MMS विवाद के बाद हुई थी फेमस, छोड़ा शोबिज

संजय दत्त ने कहा था, ‘अपुन गांधी जी को बहुत मानता है। और गांधी जी के तीन बंदर सबको पता है, बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो, बुरा मत कहो। लेकिन आज एक चौथा बंदर भी मांगता है। बुरा देखेगा तो उसे ठीक कौन करेगा?’

‘बातचीत स्क्रिप्टेड थी’

उनकी टिप्पणियों ने बाद में एक ऑनलाइन विवाद को जन्म दिया। विवाद के बाद संजय दत्त ने X पर सफाई दी।

उन्होंने लिखा, ‘मैं यह साफ करना चाहूंगा कि मेरा इरादा कभी भी किसी व्यक्ति, समुदाय या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाने, अपमानित करने या अनादर करने का नहीं था।’

उन्होंने आगे बताया कि उनकी टिप्पणियां एक स्क्रिप्टेड बातचीत के हिस्से के रूप में की गई थीं और उनका इरादा लोगों को हंसाने का था।

उन्होंने लिखा, ‘मेरी टिप्पणियां एक स्क्रिप्टेड बातचीत के संदर्भ में की गई थीं, जिसका इरादा हल्का-फुल्का और मजाकिया होना था। उनके पीछे की भावना मुन्ना भाई जैसी फिल्मों में देखे गए ह्यूमर और व्यंग्य के समान थी। खासकर ‘गांधीगिरी’ की अवधारणा, जिसका इरादा प्यार, गर्मजोशी, एकजुटता और सद्भावना का संदेश देना था। दुर्भाग्य से, मेरे शब्दों को अलग तरह से लिया गया।’