बॉलीवुड अभिनेता शेखर सुमन सोशल मीडिया पर काफी चर्चित रहते हैं। उनके शो के वीडियो खूब लाइमलाइट बटोरते हैं। अब हाल ही में एक्टर ने स्क्रीन स्पॉटलाइट को एक इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने अपने शो, समय रैना और कपिल शर्मा को लेकर बात की है। साथ ही एक्टर ने कहा है कि उनकी कॉमेडी का अंदाज समय रैना से बिल्कुल अलग है।
समय रैना और कपिल शर्मा पर क्या बोले शेखर सुमन?
शेखर ने कहा, “मैंने समय का ज्यादा काम तो नहीं देखा है, लेकिन उनका जो लेटेस्ट वीडियो मैंने देखा, उसमें वह बहुत अच्छे लगे। उनका कंटेंट बेहद शानदार है। लेकिन मेरी उन्हें एक सलाह है कि वह गालियों का सहारा क्यों लेते हैं? उनका कंटेंट इतना अच्छा है कि उसे गालियों की जरूरत नहीं है। मुझे लगता है कि नई पीढ़ी इसे कूल मानती है और सोचती है कि गालियां देना ठीक है। हालांकि, यह सिर्फ मेरी राय है। बिना गालियों के भी वह उतने ही प्रभावी हो सकते हैं।”
इसके आगे उन्होंने कपिल का जिक्र करते हुए कहा, “कपिल स्केच कॉमेडी करते हैं। मेरी कला उससे बिल्कुल अलग है। दोनों में जमीन-आसमान का फर्क है। वह वही करते हैं जिसमें वे अच्छे हैं और मैं वही करता हूं जिसमें मैं सहज हूं। हर कलाकार को अपना रास्ता चुनना चाहिए। सटायर यानी व्यंग्य ज्यादा बौद्धिक होता है। इसमें सोच और समझ ज्यादा लगती है। दूसरी तरफ स्केच कॉमेडी ज्यादा सहज और तुरंत प्रतिक्रिया वाली होती है। हम सभी अपने-अपने तरीके से काम कर रहे हैं।”
मैं पहले अभिनेता हूं, बाद में कॉमेडियन: शेखर
शेखर ने कहा कि वह खुद को पहले अभिनेता और बाद में कॉमेडियन मानते हैं। उन्होंने कहा, “मैंने खुद को सिर्फ कॉमेडी तक सीमित नहीं रखा। सच कहूं तो मैं कॉमेडी से ज्यादा सटायर से जुड़ाव महसूस करता हूं। यह एक अलग कला है। ‘मूवर्स और शेखर’ कोई कॉमेडी शो नहीं था, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक व्यंग्य पर आधारित कार्यक्रम था। उसकी शैली पूरी तरह अलग थी।”
यह भी पढ़ें: ‘मेरा मन भर गया है’, गौरव खन्ना से तलाक के बाद दोबारा शादी नहीं करेंगी आकांक्षा चमोला, बोलीं- मैं जिंदगी भर…
