बिहार विधानसभा चुनाव में कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा। बॉलीवुड स्टार और पूर्व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा भी बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव हार गए। बेटे लव सिन्हा की हार के बाद शत्रुघ्न सिन्हा का रिएक्शन सामने आया है। चुनावी नतीजों को लेकर रिटर्निंग अधिकारियों और प्रशासन पर निशाना साधते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, ‘मेरा 37 वर्षीय बेटा लव सिन्हा पूरे जुनून के साथ चुनाव लड़ा, पर जब आप अवांछनीय तत्वों से घिरे हों तो ज्यादा कुछ किया भी नहीं जा सकता।’
लव सिन्हा की हार पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, ‘यह नजरिया होता है आप क्या देख रहे हैं, गिलास आधा भरा है या आधा खाली है। मैं भी अपना पहला चुनाव हारा था। पिछले साल आम चुनाव में मैं और मेरी पत्नी दोनों दूसरे नंबर पर रहे थे।’ राजनीति में लव सिन्हा के भविष्य पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, ‘मैं हमेशा अपने बच्चों के साथ रहा हूं। मैंने कभी अपने बच्चों की जिंदगी और करियर में हस्तक्षेप नहीं किया। इतना ही नहीं मैं अपनी बेटी सोनाक्षी को भी बिना मांगे राय नहीं देता। मैं लव के लिए भी ज्यादा प्रचार नहीं कर पाया पर कांग्रेस के टिकट पर बांकीपुर से लड़ने का फैसला खुद लव का था।’
ईवीएम पर भी साध चुके हैं निशाना: शत्रुघ्न सिन्हा ने बुधवार को ईवीएम पर भी निशाना साधा था। शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट करते हुए लिखा था,’ कल बिल्कुल अराजक माहौल में उत्साह, उम्मीदों,पूर्वानुमान,भ्रम,चिंता, उथल-पुथल का दिन था । जहां ईवीएम सिर्फ ‘इलेक्टरल वोटिंग मशीन’ नहीं बल्कि कई के अनुसार ‘एवरी वोट मोदी मशीन’ थी। ‘
परिवार की लगातार तीसरी हार: यह शत्रुघ्न सिन्हा के परिवार की लगातार तीसरी हार है। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में शत्रुघ्न सिन्हा को पटना साहिब लोकसभा सीट पर रविशंकर प्रसाद और उनकी पत्नी पूनम सिन्हा को सपा के टिकट से लखनऊ लोकसभा सीट पर राजनाथ सिंह से हार का सामना करना पड़ा था। इस विधानसभा चुनाव में शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के नितिन नवीन से 39 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा है।