दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर ने दिवंगत क्रिकेटर मंसूर अली खान पटौदी के साथ अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बातें की है। उन्होंने बताया कि शादी से पहले वे साथ रहते थे और अलग-अलग धर्मों के होने के कारण उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिली। पत्रकार बरखा दत्त से बात करते हुए शर्मिला ने अपने 43 साल लंबे वैवाहिक जीवन की कई यादें शेयर कीं। उन्होंने शादी को लेकर हुए विरोध, टाइगर पटौदी से मिली जीवन की सीख और उनकी फिल्में कम देखने की वजह के बारे में भी बात की।

शादी से पहले साथ रहते थे मंसूर और शर्मिला

अभिनेत्री ने कहा, “हम शादी से पहले साथ रहते थे, क्योंकि यह ज्यादा सुविधाजनक था। मैं घर के कामकाज संभालने में बहुत अच्छी नहीं थी, इसलिए टाइगर अक्सर नहाने के लिए क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया चले जाते थे। घर में कई चीजें ठीक से काम नहीं करती थीं। मैं घर संभालने में बहुत खराब थी। मैंने समय के साथ सीखा है। अब मुझे अपने घर पर बहुत गर्व है।”

यह भी पढ़ें: ‘शादीशुदा कपल वाली फीलिंग अब नहीं रही’, शादी के 9 साल बाद तलाक लेंगे गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला, एक्ट्रेस ने ‘लॉक अप 2’ में किया खुलासा

मजाक से हुई थी शर्मिला और टाइगर पटौदी की लव स्टोरी

शर्मिला टैगोर और टाइगर पटौदी ने कई साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 1968 में शादी की थी। उनकी लव स्टोरी की शुरुआत एक मजेदार मजाक से हुई थी। टाइगर ने पहले शर्मिला को यह विश्वास दिलाया कि उन्होंने लंदन से उनके लिए पांच इम्पोर्टेड एयर कंडीशनर भेजे हैं और फिर उन्हें कॉफी पर चलने के लिए पूछा था।

‘कौन बनेगा करोड़पति’ में इस किस्से को याद करते हुए शर्मिला ने कहा था, “जब हम मिलना शुरू हुए, तो फिर कभी नहीं रुके।” उस दौर में उनकी अंतरधार्मिक शादी को असामान्य माना जाता था और इसे लेकर काफी चर्चा व विरोध हुआ। हालांकि, शर्मिला के अनुसार वह और टाइगर अपने-अपने काम में इतने व्यस्त थे कि उन पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा, लेकिन उनके परिवारों को काफी दबाव और आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।

दिग्गज अभिनेत्री ने कहा, “मुझे और टाइगर को उस विरोध का ज्यादा एहसास नहीं हुआ, क्योंकि मैं फिल्मों में व्यस्त थी और टाइगर क्रिकेट खेल रहे थे। लेकिन मेरे माता-पिता और टाइगर की मां पर इसका काफी दबाव था, क्योंकि हमारी शादी को लेकर बहुत बातें हो रही थीं। मीडिया को लगता था कि हमारी शादी 15 महीने भी नहीं चलेगी और यह असफल होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म निर्माता यश चोपड़ा ने उन्हें शाही परिवार में शादी करने को लेकर सावधान किया था। एक्ट्रेस ने बताया, “यश चोपड़ा ने मुझसे कहा कि ये नवाब बहुत शक करने वाले लोग होते हैं, इसलिए तुम्हें बहुत सावधान रहना होगा।” वह मेरे अच्छे दोस्त थे और सच में मेरी चिंता करते थे।”

जान से मारने की मिलने लगी थीं धमकियां

शर्मिला टैगोर ने बताया, “मेरे माता-पिता को टेलीग्राम के जरिए धमकियां मिली थीं, जिनमें लिखा था कि गोलियां चलेंगी।” सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने शादी फोर्ट विलियम में कराने का फैसला किया था, क्योंकि उन्हें लगा कि वहां सबसे ज्यादा सुरक्षित रहेंगे। लेकिन मेहमानों की सूची को लेकर कुछ दिक्कत हुई और अनुमति रद्द कर दी गई। इसके बाद हमें जल्दबाजी में शादी का स्थान बदलकर एक राजदूत के घर करनी पड़ी।”

शर्मिला इससे पहले भी इन धमकियों का जिक्र कर चुकी हैं। ट्विंकल खन्ना के साथ बातचीत में उन्होंने बताया था कि एक मुस्लिम व्यक्ति से शादी करने के फैसले पर उनके माता-पिता को धमकी भरे टेलीग्राम मिले थे, जिनमें लिखा था कि गोलियां चलेंगी। हालांकि, विरोध और धमकियों के बावजूद उनकी शादी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

सब्र और समझदारी सिखाई: शर्मिला

अपनी शादी के बारे में पूछे जाने पर शर्मिला ने कहा कि जिंदगी के कुछ सबसे बड़े सबक उन्हें अपने पति को देखकर ही मिले। उन्होंने कहा, “उन दिनों मेरा मिजाज थोड़ा तेज था, लेकिन मैंने टाइगर से बहुत कुछ सीखा। वह बहुत दयालु इंसान थे। वह हमेशा कहते थे कि कुत्तों, स्टाफ और बच्चों के साथ कभी भी अपनी आवाज ऊंची नहीं करनी चाहिए। उन्होंने मुझे कभी डांटा नहीं और न ही कभी नीचा दिखाया। बस साथ रहकर उन्होंने मुझे सब्र और समझदारी सिखाई।”

एक्ट्रेस ने आगे कहा, “शब्द बहुत तीखे होते हैं। एक बार कहे जाने के बाद आप उन्हें वापस नहीं ले सकते। आप नाराज हो सकते हैं, आप असहमत हो सकते हैं, लेकिन आपको ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए, जिनसे एक-दूसरे को दुख पहुंचें, क्योंकि वे शब्द हमेशा के लिए रह जाते हैं।”

शर्मिला की नहीं बल्कि इनकी मूवी देखते थे टाइगर पटौदी

अभिनेत्री ने बताया, “वह मेरी फिल्में नहीं देखते थे। वह मीना कुमारी और वैजयंतीमाला की फिल्में देखते थे।” शर्मिला ने माना कि इससे उन्हें थोड़ा बुरा लगता था।

यह भी पढ़ें: Welcome to the Jungle Collection: दूसरे दिन ‘वेलकम टू द जंगल’ के कलेक्शन में आया 31 फीसदी उछाल, 50 करोड़ कमाने से इतनी दूर अक्षय की फिल्म