हर सीजन की तरह ही ‘शार्क टैंक इंडिया 5’ भी लोगों को काफी पसंद आ रहा है। इसके जज अब तक 60 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश कई पिचर्स के बिजनेस में कर चुके हैं। किससे डील करनी है, कहां नहीं करनी इन सब चीजों का जज काफी बारीकी से ध्यान रख रहे हैं। शो में अब तक 69 पिचों में से 27 फाउंडर्स को शो पर फंडिंग नहीं मिल पाई और अब इसमें ‘ऑफलाइन’ नाम के एक डेटिंग ऐप के फाउंडर्स का नाम भी शामिल हो गया है।
दरअसल, इसके हालिया एपिसोड में गुरुग्राम से आए दो फाउंडर्स ने जज के सामने सिंगल लोगों के लिए चला रहे एक नेटवर्किंग ऐप पेश किया। जज ने उनकी सारी बात सुनने के बाद इस बिजनेस के आगे चलकर स्केलिंग और सिक्योरिटी को लेकर चिंता जाहिर की थी कि भविष्य में उनका बिजनेस चुनौतियों के तौर पर सामने आएगा। ऐसे में लास्ट में उन्हें इन्वेस्टमेंट नहीं मिल पाई। शो से बाहर होने के बाद फाउंडर ने अनुपम मित्तल की कंपनी शादी डॉट कॉम पर निशाना साधा।
क्या था फाउंडर का बिजनेस
तनय बावेजा और आस्था सेठी द्वारा शुरू किया गया ‘ऑफलाइन’ सिंगल्स के लिए एक सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म है। इसमें वह मिक्सर, फेस्ट और डिनर जैसे इवेंट होस्ट करते हैं, जिससे सिंगल्स को सोशलाइज करने के लिए एक सुरक्षित माहौल मिल सके। अब तक उनकी कंपनी ने 15 शहरों में 300 से ज्यादा मीटअप ऑर्गेनाइज किए हैं।
उन्होंने हाल ही में अपना ऐप लॉन्च किया है, जिसमें लोग सिर्फ इवेंट में हिस्सा ही नहीं ले सकते, बल्कि खुद मीट-अप्स होस्ट भी कर सकते हैं। फाउंडर ने बताया कि भारत डेटिंग ऐप्स के लिए दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है। ऐसे में उन्होंने अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए 5 परसेंट इक्विटी के लिए 50 लाख रुपये की फंडिंग की मांग की। जिससे उनकी वैल्यूएशन 10 करोड़ रुपये हो गई।
तनय ने बताई अपनी कहानी
फाउंडर तनय ने आगे बताया कि कैसे इंट्रोवर्ट होने के कारण, उन्हें पार्टनर ढूंढने में मुश्किल हुई, तभी अनुपम मित्तल ने उन्हें टोकते हुए कहा, “असल में तेरे को डेट नहीं मिल रही थी तो तूने यह शुरू कर दिया।” फिर तनय ने आगे बताया कि उन्हें यह आइडिया 2019 में मिला, जब वे स्पेन चले गए।
उन्हें एहसास हुआ कि इंसानी रिश्तों की बहुत वैल्यू होती है, खासकर इंडिया में। 2023 में जब वे लौटे, तो आस्था और वह मनाली की एक सोलो ट्रिप पर मिले। जब आस्था ने बताया, तो उसने कहा कि वे दिल्ली में मजनू का टीला नाम के बस स्टैंड पर मिले थे। इसे सुनकर अनुपम मित्तल जोर से हंस पड़े।
अनुपम-अमन ने पूछा सवाल
फाउंडर्स ने आगे बताया कि ‘शार्क टैंक इंडिया 5’ में आने से डेढ़ महीने पहले उनकी शादी हुई थी। फिर अनुपम ने बताया कि वे जो लाइव इवेंट्स करते हैं, उन्हें बढ़ाना मुश्किल है। वहीं अमन गुप्ता ने पूछा, “अगर इसमें कुछ कांड हो जाए, तो वो हो सकता है कहीं भी।”
फाउंडर ने इस कमेंट का बचाव करते हुए कहा, “अभी तक, कुछ नहीं हुआ है और हम सिर्फ ग्रुप इंटरैक्शन की इजाजत देते हैं, वन-ऑन-वन डेट्स की इजाजत नहीं है। हम ये सिर्फ जाने-माने बार और रेस्टोरेंट में करवाते हैं, किसी के पर्सनल स्पेस या घरों में नहीं।” हालांकि, अमन गुप्ता इस बात से ज्यादा सहमत नहीं दिखे।
नहीं मिली फाउंडर को पिच
सब बात होने के बाद फाउंडर्स को शो में फंडिंग नहीं मिली। नमिता थापर सबसे पहले ऑप्ट आउट करने वाली बनीं। उन्होंने कहा, “इंडिया में सिंगल्स के मिलने के कई रास्ते हैं, आपका मॉडल उन 10 ऑप्शन में से एक है जो सिंगल्स के पास हैं, इसलिए स्केलेबिलिटी एक बहुत बड़ा इश्यू है। मुझे नहीं लगता कि यह किसी इन्वेस्टर के लिए बिजनेस है, इसलिए मैं बाहर हूं।” कुणाल बहल ने कहा, “मुझे लगता है कि यह बहुत शुरुआती स्टेज में है। क्या यह एक बहुत बड़ा बिजनेस बन सकता है? मैं इसकी कल्पना नहीं कर सकता, इसलिए मैं बाहर हूं।”
शैली मेहरोत्रा ने सिक्योरिटी को लेकर चिंता जताई और कहा, “मुझे लगता है कि इंडियन यूथ में लड़कों में सच में मैच्योरिटी की कमी है और उनमें ईमानदारी नहीं है, वे डेटिंग ऐप्स को मज़े के लिए देखते हैं। मुझे सिक्योरिटी इश्यू मिलते हैं, इसलिए मैं बाहर हूं।” अमन गुप्ता भी पीछे हट गए और ऐसी ही चिंताएं जताईं। उन्होंने कहा, “मुझसे फ्रेंडशिप करोगे नाम की एक फिल्म थी, यह उसका एक बेहतर वर्शन है। आदमी तो आदमी ही रहेंगे, रेश्यो हमेशा खराब रहेगा। आप इसके बिगड़ने से बस एक कदम दूर हैं। इसलिए इन वजहों से, मैं इससे दूर रहूंगा।”
लास्ट में अनुपम भी बाहर हो गए। फिर निराश फाउंडर्स बाहर चले गए, तो तनय ने अपनी पिच के बाद एक वीडियो में उन पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “इंडिया में आपको सेफ्टी और सिक्योरिटी कहां मिल सकती है? डेटिंग ऐप्स इसकी गारंटी नहीं देते, यहां तक कि शादी डॉट कॉम भी इसकी गारंटी नहीं देता। सभी लड़के बुरे नहीं होते, लेकिन अगर आपकी सोच ऐसी है, तो ऑफलाइन डेटिंग में दिलचस्पी बढ़ रही है। अभी के लिए हम एक कम्युनिटी बनाना चाहते हैं; हम जानते हैं कि यह निश्चित रूप से काम करेगा।”
