एक्टर शरद केलकर सालों से दर्शकों का मनोरंजन करते आ रहे हैं। शरद एक सच्चे कलाकार हैं। उन्होंने बॉलीवुड और टेलीविजन के साथ वेब शोज और रीजनल सिनेमा में भी काम किया है। एक्टर होने के साथ-साथ वो जाने-माने वॉयस-ओवर आर्टिस्ट भी हैं।

शोबिज में लगभग दो दशकों की कड़ी मेहनत के बाद बड़ा नाम बना चुके शरद केलकर के लिए चीजें हमेशा से आसान नहीं थीं। पहली बार एक बड़े प्रोडक्शन हाउस के साथ काम मिलने के बाद उन्हें एक ही दिन में निकाल दिया गया था। इस बारे में खुद शरद ने बात की थीं। यही घटना उनकी जिंदगी में टर्निंग पॉइंट लाई।

पहले शो से निकाले गए थे शरद

शरद केलकर, आज 7 अक्टूबर को 50 साल के हो गए हैं। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 2004 में टेलीविजन से की थी. यहां धीरे-धीरे उन्हें पहचान मिली, जिसके बाद एक्टर ने फिल्मों का रुख किया। हालांकि इससे पहले, 2003 में एक्टर ने एक शो से रिप्लेस होने का दर्द झेलना पड़ा था।

द इंडियन एक्सप्रेस के साथ एक इंटरव्यू में शरद केलकर ने बताया था, ‘मैं लगभग ढाई, तीन साल तक स्ट्रगल फेज में था। जब मुझे 2003 में अपना पहला शो मिला, तो मैं एक बड़े प्रोडक्शन हाउस के साथ एक सीरियल में काम करने और सेट पर उन लोगों को देखने के लिए बहुत उत्साहित था जिन्हें आपने टेलीविजन पर देखा होगा और अब आप उनके साथ काम कर रहे हैं। यह बहुत नया था और मुझे एक्टिंग के बारे में कुछ भी नहीं पता था। मैं अब कह सकता हूं कि मैं काफी खराब था लेकिन जब आप एक्टिंग कर रहे होते हैं तो आपको नहीं पता होता कि आप कैसी एक्टिंग कर रहे हैं। जब मेरा सीन आया, तो डायरेक्टर ने 30-40 टेक दिए और मैं परफॉर्म नहीं कर सका।’

एक्टर ने आगे बताया, ‘मैं वास्तव में असहाय था। मैं हकलाता था और डायलॉग नहीं बोल पाता था और रात तक उन्होंने कहा ‘चलो इसे रिप्लेस कर देते हैं’ और मुझे शो से निकाल दिया गया। मुझे बहुत बुरा लगा और दुख हुआ कि इतने लंबे समय के बाद मुझे एक अच्छा शो मिला और मैंने इसे खो दिया।’

किसी भी चीज को खुद पर हावी न होने देने वाले शरद केलकर ने चीजों को सहजता से लिया और उदासी को अपने लिए एक बेहतर करियर बनाने में लगा दिया।

एक्टर ने कहा था, ‘अब जब मैं इसके बारे में सोचता हूं, तो वह मेरी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट था। मुझे एहसास हुआ कि जिंदगी में कुछ भी आसानी से नहीं मिलता। कड़ी मेहनत करो और सोचो कि तुम क्या करना चाहते हो। यही वह प्रेरणा है जो मुझे बहुत मेहनत और निरंतर प्रयास करने के लिए मिली और अब भी, मैं ऐसा करने की कोशिश कर रहा हूं।’

भंसाली की फिल्म से मिला फेम

शरद ने कई टेलीविजन शो किए और एक जानी-मानी हस्ती बन गए। फिर उन्होंने फिल्मों का रुख किया। उन्होंने ‘हलचल’ और ‘1920: इविल रिटर्न्स’ जैसी फिल्मों में कैमियो किया। संजय लीला भंसाली की 2013 में आई फिल्म ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ में उनकी भूमिका ने उन्हें पहचान दिलाई।

शरद केलकर की शादी एक्ट्रेस कीर्ति गायकवाड़ से हुई है। कीर्ति अक्सर उनसे पूछती हैं कि फेमस होने के बावजूद हर दिन बाहर निकलने और उन्हें ऑफर की जा रही कहानियां पढ़ने की क्या जरूरत है।

शरद ने बताया था, ‘मैं उनसे कहता हूं कि यह मेरी प्रक्रिया है। मुझे काम करने, और ज्यादा चीजें बनाने, अच्छे काम के पीछे भागने और यह साबित करने की जरूरत है कि मैं योग्य हूं… यह वह प्रक्रिया है जिसका मैं इतने सालों से पालन कर रहा हूं, मैं घर पर नहीं बैठा हूं। मुझे लगता है कि वह एक शो जहां से मुझे निकाला गया था, एक टर्निंग पॉइंट था। उस समय मैं दुखी रहा होऊंगा, लेकिन वह सही समय था वरना मैं एक सुस्त आदमी होता और सब कुछ थाली में चाहता, जो कई एक्टर्स के साथ होता है।’

शरद केलकर ने प्राइम वीडियो की ओरिजिनल सीरीज ‘द फैमिली मैन’ में अरविंद का किरदार निभाकर डिजिटल दुनिया में एंट्री ली थी। उन्हें तेलुगु एक्टर प्रभास की हिंदी आवाज के रूप में भी जाना जाता है।

शरद ने ‘बाहुबली’ फ्रेंचाइजी और ‘आदिपुरुष’ के हिंदी वर्जन में प्रभास के लिए डबिंग की थी। बचपन में हकलाने वाले शरद केलकर आज अपनी आवाज के चलते भी फैंस के बीच बड़ा नाम बने हैं। प्रभास के अलावा शरद ने हॉलीवुड के कई बड़े प्रोजेक्ट्स जैसे ‘डॉन ऑफ द प्लैनेट ऑफ द एप्स’, ‘मैड मैक्स: फ्यूरी रोड’, ‘गार्डियन्स ऑफ द गैलेक्सी’ समेत ‘हॉब्स एंड शॉ’ के लिए भी डबिंग की है।

इसके अलावा एक्टर मराठी फिल्म इंडस्ट्री में भी अपने लीड किरदारों के लिए जाने जाते हैं। तेलुगु और तमिल इंडस्ट्री का भी वो एक जाना-पहचाना चेहरा हैं।

मल्टी-टास्कर हैं शरद केलकर

जब पूछा गया था कि किस मोड़ पर उन्हें एक एंटरटेनर के रूप में विस्तार करने की जरूरत महसूस हुई? तो उन्होंने कहा, ‘यह हमेशा से था… मैं बचपन से ही ऐसा रहा हूं। मैंने ज्यादा सोचा नहीं, मैंने बस कर दिया। मैं कभी दो मन में नहीं था कि मैंने गणित में स्कूली शिक्षा की, तो मुझे फिजिकल एजुकेशन में ग्रेजुएशन क्यों करना चाहिए? फिर अगर मैंने उसमें ग्रेजुएशन किया था, तो मुझे मार्केटिंग में एमबीए क्यों करना चाहिए? मैंने कभी ऐसा नहीं सोचा। यह बस मेरी जिंदगी में हुआ। भगवान दयालु रहे हैं कि जब भी मौका मिला, मैंने सही रास्ता चुना, बेशक उतार-चढ़ाव थे और जिंदगी आसान नहीं रही…

उन्होंने आगे कहा, ‘मेरा एक और सिद्धांत है कि जाहिर है आपको एक पल के लिए बुरा लगता है, लेकिन मुझे कुछ न करने का पछतावा नहीं हुआ। मैं हमेशा सोचता हूं कि मेरे लिए आगे कुछ बेहतर है। सब कुछ मैं नहीं कर सकता, मुझे कुछ चीजों को छोड़ना भी पड़ता है। यह भी मुझे पता है। मुझे लगता है कि मैं अभी भी बहुत भूखा और लालची हूं।’