साउथ अभिनेत्री शकीला इन दिनों हाल ही में हुई गर्दन की सर्जरी से गुजरी हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि ज्यादा देर तक मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की वजह से उन्हें यह गंभीर स्वास्थ्य समस्या हुई। एक्ट्रेस ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को इसकी जानकारी दी। अस्पताल से घर लौटने के बाद अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए वीडियो में शकीला ने अपनी हालत और इस पूरे अनुभव के बारे में बताया।
डॉक्टरों ने दी नेक कॉलर पहनने की सलाह
सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने उन्हें नेक कॉलर पहनने की सलाह दी और वह अपने व्लॉग में उसे पहने हुए भी नजर आई हैं। शकीला ने वीडियो में अस्पताल की कुछ तस्वीरें और घर लौटने के बाद की झलकियां भी दिखाई। अभिनेत्री के मुताबिक, वह बेड पर करवट लेकर लंबे समय तक मोबाइल पर गेम खेलती थीं।
यह भी पढ़ें: मुंबई फिल्म सेट्स पर बासी और घटिया खाना परोसने का आरोप, FWICE ने महाराष्ट्र FDA से की छापेमारी की मांग
इस वजह से उनकी गर्दन की नसों पर असर पड़ा और उन्हें सर्जरी करवानी पड़ी, जिसका खर्च करीब 3 लाख रुपये आया। उन्होंने लोगों से ज्यादा मोबाइल इस्तेमाल न करने की अपील की और माता-पिता को बच्चों को गैजेट्स देने से भी बचने की सलाह दी।
शकीला ने उड़ाया खुद का मजाक
वीडियो में शकीला ने खुद का मजाक भी उड़ाया। उन्होंने बताया कि अब उन्हें बिस्तर से उठने और खाना खाने जैसे सामान्य कामों के लिए भी दूसरों की मदद लेनी पड़ रही है। एक्ट्रेस ने कहा, “हाल ही में मेरी सर्जरी हुई है, जो काफी बड़ी सर्जरी थी। मैं आपको एक बहुत गंभीर बात बताना चाहती हूं। फोन बहुत काम की चीज है, लेकिन इसका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल न करें।”
शकीला ने आगे बताया कि उनकी चोट की वजह क्या थी। इसके बारे में एक्ट्रेस ने कहा, “मैं बेड पर करवट लेकर करीब चार घंटे तक लगातार फोन पर गेम खेलती थी। मैं सिर्फ चाय या कॉफी पीने के लिए उठती थी। चाय पीने के बाद फिर वापस आकर वही गेम खेलने लगती थी। इसके बाद घंटों यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर रील्स देखती थी। गलत पोस्चर और फोन के ज्यादा इस्तेमाल की वजह से मेरी गर्दन की मुख्य नसों पर असर पड़ा और आखिरकार मुझे ऑपरेशन करवाना पड़ा।”
शकीला ने दी माता-पिता को को सलाह
शकीला ने माता-पिता को अपने बच्चों को मोबाइल फोन देने से सावधान करते हुए एक्ट्रेस ने कहा, “फोन का इस्तेमाल सिर्फ जरूरी कामों के लिए करें। बेकार वीडियो देखने से बचें, मेरे वीडियो भी नहीं देखना है, सिर्फ काम के वीडियो देखें। वरना आपके 3 लाख रुपये खर्च हो जाएंगे और आपको बहुत ज्यादा दर्द भी सहना पड़ेगा।”
किन्नाराथुम्बिकल में निभाई मुख्य भूमिका
आंध्र प्रदेश के नेल्लोर के पास जन्मीं शकीला सी. बेगम ने सॉफ्टकोर एडल्ट फिल्मों से पहचान बनाई थी। कुछ शुरुआती फिल्मों में खास सफलता नहीं मिलने के बाद उन्होंने डायरेक्टर आरजे प्रसाद की फिल्म ‘किन्नाराथुम्बिकल’ (2000) में मुख्य भूमिका निभाई।
यह फिल्म बड़ी हिट साबित हुई। करीब 12 लाख रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 4 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म की सफलता ने शकीला को केरल में पॉपुलर बना दिया और यहीं से ‘शकीला तरंगम’ यानी शकीला की लहर की शुरुआत हुई।
अगले कुछ सालों तक शकीला का इंडस्ट्री में काफी दबदबा रहा। उनकी फिल्मों ने कई बड़े पुरुष सितारों की फिल्मों से भी ज्यादा सफलता हासिल की। उस समय मेनस्ट्रीम मलयालम सिनेमा में अच्छी फिल्मों की कमी भी देखने को मिल रही थी। हालांकि, ‘शकीला तरंगम’ ज्यादा लंबे समय तक नहीं चल सकी।
शकीला ने मोहनलाल की ‘छोटा मुंबई’ (2007) और पृथ्वीराज सुकुमारन की ‘तेजा भाई एंड फैमिली’ (2011) में भी छोटे रोल किए। मलयालम के अलावा उन्होंने तमिल, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया। उनकी चर्चित फिल्मों में ‘मरु मलार्ची’, ‘थोट्टी गैंग’, ‘जयम’, ‘मोनालिसा’, ‘बंगारम’, ‘अज़गिया तमिल मगन’, ‘शिवा मनसुला शक्ति’, ‘बॉस एंगिरा भास्करन’, ‘वासुवम सरवननम ओन्ना पडिचावंगा’ और ‘मधा गजा राजा’ शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: देव आनंद के भाई से इश्क की मिली खौफनाक सजा, प्रेमी के बेटों ने कामवाली को 4 हजार देकर करवा दिया कत्ल | CineGram
