90 के दशक की फिल्मों की बात हो और प्यार की मिसाल की चर्चा न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। वैसे तो अब बॉलीवुड में कई ऐसे रोमांटिक गाने हैं जो आज का युवा काफी पसंद करता है। लेकिन 90 के दशक के लोगों के लिए आज भी शाहरुख खान और काजोल का गाना ही सबसे रोमांटिक है।
1995 में आई फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ का आइकॉनिक गाना ‘तुझे देखा तो ये जाना सनम’ आज भी रोमांस की परिभाषा माना जाता है। करीब 5 मिनट 13 सेकंड का ये गाना सिर्फ एक फिल्मी गाना नहीं, बल्कि उस दौर की भावनाओं, मासूमियत और सच्चे प्यार का आईना माना जाता है।
आज भी मशहूर है सरसों के खेत वाला सीन
जब इस गाने में शाहरुख खान और काजोल सरसों के खेतों के बीच एक-दूसरे को देखते हैं, तो वो सिर्फ एक सीन नहीं था, वो एक ऐसा पल था जो भारतीय सिनेमा में यादगार रोमांटिक पल बन गया। राज और सिमरन की वो केमिस्ट्री आज भी हर नई लव स्टोरी के लिए बेंचमार्क मानी जाती है।
यह भी पढ़ें: पुराना मंदिर: ढाई लाख में बनी रामसे ब्रदर्स की हॉरर फिल्म ने बदल दिया था बॉक्स ऑफिस का गणित | Cinema Decode
इस गाने की असली ताकत इसकी सादगी है। बिना किसी आलीशान सेट या अलग कहानी के भी ये गाना सीधे दिल से जुड़ता है। इस गाने को लता मंगेशकर और कुमार सानू ने गाया था और इसका संगीत जतिन-ललित ने दिया था। वहीं बात इसके शब्दों की करें तो वो आनंद बक्शी ने लिखे थे।
यह भी पढ़ें: ‘डल झील की वो पहली झप्पी… धन्यवाद आशा जी’- शर्मिला टैगोर का दिल छू लेने वाला कॉलम
दिलचस्प बात यह है कि यह गाना सिर्फ 90 के दशक तक सीमित नहीं रहा। आज की जेनरेशन भी इसे उतनी गहराई से इसे महसूस करती है। शादी का मामला हो, प्रपोजल हो या फिर कोई खास मौका, ‘तुझे देखा तो ये जाना सनम’ हर मौके पर फिट बैठता है। सोशल मीडिया और रील्स के दौर में भी इसकी लोकप्रियता बरकरार है, जो साबित करता है कि असली रोमांस कभी पुराना नहीं होता।
दरअसल, यह गाना उस दौर का प्रतीक है जब प्यार में सादगी थी, इंतजार था और एक गहराई थी। यही वजह है कि जब भी यह धुन बजती है, लोग सिर्फ गाना नहीं सुनते, वे अपने जीवन के उन खूबसूरत पलों को फिर से जीने लगते हैं।
