साल 2004 में रिलीज हुई फिल्म ‘स्वदेश’ में शाहरुख खान के साथ अभिनेत्री गायत्री ओबेरॉय नजर आई थीं, जिन्होंने मूवी में ‘गीता’ का किरदार निभाया था। इस मूवी के बाद से ही उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना ली थी। फिर अभिनेत्री और मॉडल ने अरबपति रियल एस्टेट कारोबारी विकास ओबेरॉय से शादी की और अपनी निजी जिंदगी पर ध्यान दिया। अब हाल ही में यह कपल मुंबई के जुहू में समुद्र किनारे बने अपने शानदार नए घर में शिफ्ट हुआ है। इस घर को इटली के मशहूर डिजाइनर पिएरो लिसोनी ने डिजाइन किया है।

9 मंजिला है गायत्री ओबेरॉय का घर

करीब 75,000 वर्ग फुट में फैला यह 9 मंजिला घर किसी आलीशान महल से कम नहीं है। घर में दो एंट्री गेट, एक गोल ड्राइववे और दो सीढ़ियां हैं। पिएरो लिसोनी ने AD से बातचीत करते हुए घर के बारे में बताया और कहा, “यह बड़ा घर है, लेकिन इसका हर कोना सोच-समझकर डिजाइन किया गया है। मुझे सीढ़ियां बहुत पसंद हैं, इसलिए एक सीढ़ी मेहमानों के लिए और दूसरी परिवार के इस्तेमाल के लिए बनाई गई है, दोनों की डिजाइन अलग है।”

यह भी पढ़ें: Dhamaal 4 Box Office Collection: सोमवार को ‘धमाल 4’ की कमाई में हुई 70.7% की गिरावट, वर्ल्डवाइड फिल्म का आंकड़ा 100 करोड़ के पार

ओबेरॉय परिवार 2015 से अपने सपनों का घर बनाने की योजना पर काम कर रहा था। उनकी इच्छा थी कि घर में रोशनी और जगह का बेहतर इस्तेमाल हो और आधुनिक डिजाइन देखने को मिले। घर के दो बेसमेंट फ्लोर पार्किंग और फिटनेस के लिए बनाए गए हैं। इनमें एक फ्लोर पर निजी जिम, स्पा और 12 सीटों वाला थिएटर भी है। ग्राउंड फ्लोर से तीसरी मंजिल तक का हिस्सा मेहमानों की मेजबानी और मनोरंजन के लिए रखा गया है।

अपने घर को लेकर क्या बोलीं गायत्री

घर पर अक्सर होने वाली पार्टियों के बारे में बात करते हुए गायत्री ने एक बार बताया था कि हमने 2025 की शुरुआत में एपिक फाउंडेशन के लिए 65 लोगों के लिए डिनर होस्ट किया था। वह उन रातों में से एक थी जब सब कुछ बहुत अच्छे से हुआ।” बता दें कि गायत्री ओबेरॉय अपने पति की कंपनी ओबेरॉय रियल्टी में डिजाइन क्यूरेटर भी हैं।

इसके बारे में बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा, “विकास हमेशा कहते थे कि घर किसी बुटीक होटल की तरह चलना चाहिए और शुरू में मुझे यह तुलना बिल्कुल पसंद नहीं थी। यह एक घर है होटल नहीं, लेकिन असल में यह सचमुच उतनी ही कुशलता से चलता है। जहां वह घर के इंटीरियर पर ध्यान देना चाहती थीं, वहीं विकास ने लेआउट का ध्यान रखा।

मेहमानों के लिए है घर की पहली तीन मंजिलें

घर की एक खास बात इसकी खुली Molteni किचन है। गायत्री के अनुसार, “विकास ने शुरू से ही पिएरो से कहा था कि वह अंतरराष्ट्रीय शेफ्स को बुलाना चाहते हैं, चैरिटी डिनर आयोजित करना चाहते हैं और दोस्तों के साथ बेहतरीन वाइन का आनंद लेना चाहते हैं।” अभिनेत्री के घर की पहली तीन मंजिलें मेहमानों और मनोरंजन के लिए हैं, जबकि ऊपर की मंजिलों को परिवार की निजता को ध्यान में रखकर बनाया गया है। यहां फैमिली लाउंज और एक रूफटॉप इन्फिनिटी पूल भी है, जहां से अरब सागर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है।

घर में रंगों का रखा गया है खास ख्याल

जुहू स्थित इस घर का इंटीरियर हल्के और सादे रंगों में रखा गया है। फर्नीचर, लकड़ी का काम और मार्बल ज्यादातर न्यूट्रल टोन में हैं, जबकि कुछ जगहों पर रंगों का हल्का इस्तेमाल किया गया है। गायत्री ने कहा, “हम दोनों को प्राकृतिक चीजें पसंद हैं, हालांकि कभी-कभी थोड़ा रंग भी अच्छा लगता है।”

वहीं, पिएरो लिसोनी ने कहा, “इस घर में निजी और सामाजिक दोनों तरह की जगहें हैं। इंटीरियर बहुत ज्यादा दिखावा नहीं करता, बल्कि सादगी के साथ अपनी बात कहता है। हमारा मकसद सिर्फ एक शानदार घर बनाना नहीं, बल्कि एक ऐसा घर बनाना था जिसमें अपनापन हो।”

यह भी पढ़ें: आमिर खान की तीसरी शादी पर शिवसेना मंत्री का विवादित बयान, एक्टर को बताया ‘लव जिहाद एंबेसडर’