पांच दिन बाद रविवार 5 अप्रैल को मुंबई में चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन होने वाला है। इससे पहले हम आपको लगातार पुराने स्क्रीन अवॉर्ड्स से जुड़े कुछ यादगार पल शेयर कर रहे हैं। अब हम आपको 2010 के एक ऐसे पल के बारे में बताने वाले हैं, जिसे लोगों ने काफी एजॉय किया था। उस समय होस्ट बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और शाहिद कपूर ने अभिनेत्री रेखा के साथ स्टेज पर काफी मस्ती-मजाक किया था।
सबसे पहले किंग खान और शाहिद ने अवॉर्ड शो के फन सेगमेंट की शुरुआत रेखा के साथ डांस करके की। इसके बाद दोनों ने रेखा की खूबसूरती और उनके चार्म की जमकर तारीफ भी की। तारीफों के बाद शाहरुख खान ने रेखा से उनके फेवरेट एक्टर्स का नाम पूछ लिया। तभी शाहिद में बीच में टोकते हुए कहा कि उनके फेवरेट रोमांटिक हीरो। इस पर किंग ने मजाक में शाहिद को छेड़ते हुए कहा कि बच्चे तेरे पर निकल गए बेटा।
यह भी पढ़ें: जब कपिल शर्मा ने रणवीर सिंह से पूछा- ‘कौन ज्यादा करता है नखरा’, अमिताभ के जवाब ने लूटी महफिल
ये हैं रेखा के फेवरेट रोमांटिक हीरो
फिर स्टेज पर मौजूद रेखा ने अपने पसंदीदा रोमांटिक हीरो की लंबी लिस्ट गिनानी शुरू की। उन्होंने कहा था कि सबसे पहले मैं दिलीप कुमार का नाम लूंगी। वो बेहद रोमांटिक हैं। फिर देव आनंद, राज कपूर, शम्मी कपूर, शशि कपूर, रणधीर कपूर, ऋषि कपूर, जितेंद्र, धर्मेंद्र, संजीव कुमार, राजेश खन्ना, सुनील दत्त, विनोद खन्ना, शत्रुघ्न सिन्हा… रेखा अभी और नाम ले ही रही थीं कि शाहरुख खान ने बीच में टोकते हुए कहा कि मुझे लगता है आपने किसी को भूल गई हैं। इस पर अवॉर्ड शो में एक पल के लिए हल्का-सा टेंशन वाला माहौल बन गया।
इसके बाद शाहिद ने कहा कि शायद हमारी जनरेशन से किसी को आप भूल गई हैं। इस पर रेखा ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उम्र के फर्क की वजह से शायद मैं भूल गई। तभी किंग खान ने मजाक में कहा कि पर आप तो अठारह बरस की हैं। शाहरुख ने रेखा को यह भी याद दिलाया कि वह उनका और शाहिद का नाम लेना भूल गईं, क्योंकि वे दोनों ही उनके बहुत बड़े फैन हैं। रेखा ने कहा, “मेरे तो बहुत सारे फैन हैं। तब शाहरुख ने कहा कि उन्हें उनके दिलों पर ऑटोग्राफ देना चाहिए और रेखा ने ऐसा करके भी दिखाया।
यह भी पढ़ें: Video: जब सुशांत सिंह राजपूत ने करण जौहर से कराया ‘हाई हील्स’ पर डांस
