सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार 14 जुलाई को शाहरुख खान और गौरी खान के मुंबई स्थित घर ‘मन्नत’ के रेनोवेशन के खिलाफ दायर याचिका खारिज कर दी। इसके साथ ही बंगले में पहले से मंजूर मरम्मत और निर्माण का काम जारी रखने का रास्ता साफ हो गया।
क्या था मामला?
मुंबई के एक निवासी ने याचिका दाखिल कर दावा किया था कि मन्नत के रेनोवेशन के लिए दी गई मंजूरियों में गड़बड़ी हुई है। उन्होंने कोर्ट से इन मंजूरियों की जांच कराने की मांग की थी।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता की मंशा पर सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि पहली नजर में यह याचिका सही वजह से दायर की गई नहीं लगती। कोर्ट को मामले में कोई ठोस आधार नहीं मिला, इसलिए याचिका खारिज कर दी और रेनोवेशन पर रोक लगाने से भी इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें: ‘कभी 18 करोड़ में खरीदा था’ आज शाहरुख खान के बंगले की कीमत है 300 करोड़, सेलिब्रिटी वेल्थ मैनेजर ने किया खुलासा
शाहरुख खान और उनका परिवार फिलहाल मन्नत से कुछ समय के लिए दूसरे घर में शिफ्ट हो गया है। मन्नत में चल रहे रेनोवेशन के कारण शाहरुख, पत्नी गौरी खान और बच्चों आर्यन, सुहाना व अबराम इन दिनों मुंबई के पाली हिल स्थित एक लग्जरी अपार्टमेंट में रह रहे हैं। उन्होंने फिल्म निर्माता वाशु भगनानी की बिल्डिंग की चार मंजिलें किराये पर ली हैं।
हेरिटेज प्रॉपर्टी है शाहरुख खान का घर
मुंबई के बांद्रा वेस्ट में समुद्र किनारे स्थित मन्नत सिर्फ शाहरुख खान का घर ही नहीं, बल्कि शहर की सबसे मशहूर इमारतों में से एक है। बैंडस्टैंड प्रोमेनेड पर मौजूद यह ग्रेड-III हेरिटेज प्रॉपर्टी वर्ष 1914 में बनाई गई थी और इसका मूल नाम विला विएना था। शाहरुख खान ने इस बंगले को 2001 में खरीदा और बाद में इसका नाम मन्नत रखा।
