शाहरुख खान, नाम तो सुना ही होगा।
आज, 2 नवंबर को देशभर में जश्न का माहौल है, और हो भी क्यों न, आज हिंदी सिनेमा के किंग खान, शाहरुख खान का जन्मदिन जो है। मुंबई में फैंस मन्नत के सामने खड़े अपने चहेते सितारे को प्यार भेज रहे हैं। हिंदी सिनेमा में यूं तो कई सितारे हुए हैं लेकिन शाहरुख खान जैसा न कभी था, न है।
शाहरुख खान अपने आप में अलग इंसान हैं। उनकी शख्सियत किसी भी दूसरे सितारे से एकदम जुदा है। बीते 30 सालों से ज्यादा वक्त से शाहरुख हिंदी सिनेमा का हिस्सा हैं। उनका खुद का कहना है कि वो हिंदी सिनेमा के आखिरी सुपरस्टार हैं। इस बात में कोई शक भी नहीं है।
चार्म बनाता है किंग
शाहरुख का स्टाइल, उनकी अदा, उनका कॉन्फिडेंस आपको एकदम से प्रभावित करते हैं। उनका ‘औरा’ ही ऐसा है, जो महफिलों में कदम रखते ही उन्हें रोशन कर देता है। बड़े सितारे होने के बावजूद उनका व्यवहार सभी के साथ नम्र है। उनकी बोलती आंखें, मजाकिया अंदाज और चार्म के भी क्या कहने। जेन-जी की भाषा में कहें तो शाहरुख का ‘रिज’ (Rizz) भी कमाल है।
शाहरुख खान अपने आप में फुल पैकेज हैं। वो बढ़िया एक्टर हैं, बढ़िया इंसान और बढ़िया सुपरस्टार। आप उन्हें पसंद करने से खुद को रोक ही नहीं सकते हैं। तभी तो रोज मन्नत के बाहर उनकी एक झलक पाने के लिए फैंस खड़े रहते हैं। यही सब चीजें उन्हें ‘किंग’ बनाती हैं।
शाहरुख खान नई दिल्ली के मुस्लिम परिवार से आते हैं। उनके पिता मीर ताज मोहम्मद खान एक स्वतंत्रता सेनानी थे। उनकी मां लतीफ फातिमा एक मैजिस्ट्रैट थीं। दोनों की शादी 1959 में हुई थी, 2 नवंबर 1965 को उनके घर शाहरुख खान का जन्म हुआ।
शाहरुख ने बचपन में ढेरों सपने देखे थे, जिनमें से एक क्रिकेटर बनने का भी था। लेकिन एक चीज जो उन्होंने भी शायद नहीं सोची होगी, वो आज सालों से उनका सच बनी हुई है, कि वो सिनेमा के किंग बनेंगे। खास बात ये भी है कि ये दर्जा चाहनेवाले फिर शायद किसी को न दें।
1988 में शाहरुख ने टेलीविजन से अपने करियर की शुरुआत की थी। ये बात लोग अक्सर भूल जाते हैं कि वो टीवी एक्टर हुआ करते थे। शाहरुख के बाद शायद ही कोई दूसरा टीवी एक्टर होगा, जिसने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में इतना बड़ा मुकाम पाया हो।
लेख टंडन की ‘दिल दरिया’ में नजर आने के बाद उन्होंने 1989 में आए शो ‘फौजी’ से कमाल करके दिखाया। इसके बाद 1992 में आई ‘दीवाना’ ने उन्हें बॉलीवुड में एंट्री दिलवाई। मगर उनका करियर बहुत स्मूद नहीं रहा। वो दूसरों की रिजेक्ट की हुई फिल्मों से बड़े सितारे बने।
रिजेक्ट हुई फिल्मों से बने सुपरहिट सितारे
अजीब लगता है न सुनना कि शाहरुख खान किसी फिल्म के लिए मेकर्स की पहली पसंद नहीं थे? एक वक्त सही में ऐसा ही था। जब शाहरुख, हिंदी सिनेमा में नए आए थे, तब उन्हें कई बार दूसरे एक्टर्स की ठुकराई फिल्मों के ऑफर मिले। एक्टर ने हां कह दी और ऐसे ही वो सफलता की सीढ़ी चढ़ गए।
इस लिस्ट में उनकी पहली फिल्म ‘दीवाना’ आती है। इसके अलावा ‘डॉन’, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘करण अर्जुन’, ‘बाजीगर’, ‘कभी हां कभी न’, ‘चक दे इंडिया’ यहां तक कि ‘डर’ का भी नाम इस लिस्ट में आता है। ये सभी फिल्में हिट साबित हुई थीं, जिन्होंने आगे चलकर उन्हें सुपरस्टार बनाया।
2000 के दशक में ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘कल हो न हो’, ‘देवदास’, ‘वीर जारा’, ‘ओम शांति ओम’ संग अन्य ने उन्हें दर्शकों के दिलों में बसाया। अपनी रोमांटिक फिल्मों के जरिए शाहरुख बाहें फैलाए हुए आए हम दर्शकों के दिलों में बस गए। उन्हें ‘किंग ऑफ रोमांस’ कहा जाने लगा। आज भी उनकी आंखों में देखते हुए उनके प्यार में न पड़ना बहुत मुश्किल है।
यही चार्म उन्हें फैंस के दिलों का राजा बनाए हुए है। अपने करियर में उन्होंने मुश्किल दिन भी देखे हैं। फिल्म ‘हैप्पी न्यू ईयर’, ‘दिलवाले’, ‘जब हैरी मेट सेजल’ जैसी फिल्मों को खास सफलता न मिलने के बाद लोगों को लगने लगा था कि शाहरुख का ‘किंग खान’ बने रहने का वक्त जा चुका है।
और पढ़ें: ‘उनके घर में सोफा नहीं था’, आज 300 करोड़ के मन्नत के मालिक हैं शाहरुख खान, जानें उनकी अकूत दौलत
वो बॉलीवुड से लेकर बॉक्स ऑफिस तक के किंग रहे, मगर 2018 में ‘जीरो’ से ऐसे नीचे गिरे कि चाहनेवालों को भी दर्द हुआ। सब चाहते थे कि शाहरुख नई धमाकेदार फिल्म लेकर आएं, लेकिन उन्होंने ब्रेक लेने का ऐलान कर दिया। कोविड में उन्होंने परिवार के साथ समय बिताया, मगर उसके बाद भी उनका कोई अता-पता नहीं था।
फिर 2023 आया और उसकी शुरुआत में शाहरुख खान की वापसी भी हुई। रोमांटिक से एक्शन हीरो बन चुके शाहरुख ने दिखाया कि ‘पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त।’ अब वह ‘किंग’ के साथ एक बार फिर सिनेमाघरों में छाने के लिए तैयार हैं। ये फिल्म 24 दिसंबर को रिलीज होगी।
