एक्टर सौरभ शुक्ला ने हाल ही में बॉलीवुड के तीनों बड़े खान, शाहरुख, आमिर खान और सलमान खान के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने इन तीनों सितारों की पर्सनैलिटी और काम करने के तरीके को लेकर कई दिलचस्प बातें बताईं।

सौरभ शुक्ला ने बताया कि उन्होंने शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘बादशाह’ में काम किया था और अब वे फिल्म ‘किंग’ में फिर साथ नजर आएंगे। उन्होंने शाहरुख खान के बारे में कहा कि वो सिर्फ एक सुपरस्टार नहीं, बल्कि एक शानदार बिजनेसमैन भी हैं। उनके मुताबिक, इतनी बड़ी सफलता और साम्राज्य खड़ा करना आसान नहीं होता।

सौरभ ने यह भी कहा कि शाहरुख की सबसे खास बात यह है कि जब वह किसी से बात करते हैं, तो सामने वाले को बेहद खास महसूस कराते हैं। वह पूरी तरह उस बातचीत में मौजूद रहते हैं, जो आज के समय में बहुत कम देखने को मिलता है।

‘किंग’ के सेट पर बेटी के साथ को-स्टार होते हैं शाहरुख

फिल्म ‘किंग’ के सेट पर सौरभ ने शाहरुख को एक पिता के रूप में भी देखा, जहां वे अपनी बेटी सुहाना के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शाहरुख एक समझदार पिता हैं, जो अपने बच्चों को आजादी देते हैं और सेट पर सुहाना के साथ एक को-एक्टर की तरह ही व्यवहार करते हैं।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में हुई बेमौसम बरसात तो याद आया अमिताभ और मौसमी चटर्जी पर फिल्माया गीत ‘रिमझिम गिरे सावन’

उन्होंने कहा, “शाहरुख खान एक बहुत समझदार पिता हैं। प्रोटेक्टिव होना अपनी जगह है, लेकिन मुझे लगता है कि वह अपने बच्चों को पूरी आजादी देते हैं क्योंकि उनकी अपनी एक आवाज़ है। वह ज्यादा पजेसिव या ओवरप्रोटेक्टिव नहीं हैं। बेशक, एक पिता के तौर पर वह प्रोटेक्टिव होते हैं, लेकिन वह वाकई शानदार हैं। सेट पर वह सुहाना खान के साथ एक सहकर्मी, एक को-एक्टर की तरह थे। वह रिहर्सल कर रहे थे और हर को-एक्टर की तरह सुझाव दे रहे थे।”

आमिर खान को लेकर भी कही ये बात

सौरभ शुक्ला ने आमिर खान के साथ फिल्म PK में काम किया था। उन्होंने आमिर को बेहद अनुशासित, पढ़े-लिखे और अपने काम के प्रति गंभीर बताया। सौरभ ने एक किस्सा शेयर किया कि जब उनका खुद का सीन शूट हो रहा था और आमिर की छुट्टी थी, तब भी आमिर सेट पर आए ताकि वे उन्हें सही क्यू दे सकें।

यह भी पढ़ें: दिलीप कुमार के अभिनय के कायल थे शाहरुख और धर्मेंद्र, ट्रेजेडी किंग ने खुद बताया कैसे डालते थे फिल्मों में जान| रील गाथा

सलमान खान को बताया दिलवाले

सलमान खान के बारे में बात करते हुए सौरभ ने कहा कि वह बड़े दिलवाले इंसान हैं। वह ज्यादा खुलकर बात नहीं करते, लेकिन जब बोलते हैं तो बिल्कुल बच्चे जैसे लगते हैं। उनका ह्यूमर बहुत नैचुरल और इंस्टिंक्टिव होता है, जो उनकी फिल्मों में भी साफ नजर आता है। सौरभ शुक्ला ने सलमान खान के साथ ‘किक’ और ‘सलाम-ए-इश्क’ जैसी फिल्मों में काम किया है।