बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘किंग’ को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इस मूवी में उनके साथ अभिनेत्री दीपिका पादुकोण नजर आने वाली हैं। फिल्म से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे हैं। अब एक बार फिर सेट से एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें ‘किंग खान’ प्रेग्नेंसी में दीपिका की मदद करते हुए नजर आ रहे हैं और इस वीडियो ने अब यूजर्स का दिल जीत लिया है।
बता दें कि ‘किंग’ की शूटिंग फिलहाल साउथ अफ्रीका में चल रही है। अब वहां से एक नया फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में देखने को मिल रहा है कि शाहरुख खान प्रेग्नेंट दीपिका का हाथ पकड़कर उन्हें आराम से सीढ़ियां चढ़ने में मदद करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनका यह प्यारा और ख्याल रखने वाला अंदाज लोगों को बहुत पसंद आ रहा है और यूजर्स उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं। कुछ लोग उन्हें केयरिंग बता रहे हैं, तो कुछ जेंटलमेन।
बता दें कि अभिनेत्री दूसरी बार मां बनने वाली हैं और वह शूटिंग कर रही हैं। एक्ट्रेस अपने काम और पर्सनल लाइफ को अच्छे से संभाल रही हैं। यह वीडियो बाकी लीक फोटो-वीडियो से अलग है, क्योंकि इसमें कैमरे के पीछे का एक नेचुरल पल दिखाई दिया। इससे दोनों के बीच की अच्छी बॉन्डिंग और एक-दूसरे के लिए सम्मान साफ नजर आता है।
कब रिलीज होगी ‘किंग’
फिल्म ‘किंग’ का निर्देशन डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इससे पहले शाहरुख और सिद्धार्थ ने ‘पठान’ में साथ काम किया था। ‘किंग’ की कास्ट की बात करें, तो इसमें अभिषेक बच्चन, सुहाना खान, अरशद वारसी, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल, अभय वर्मा, सौरभ शुक्ला, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ और रानी मुखर्जी समेत कई सितारे नजर आने वाले हैं।
कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म की कहानी शाहरुख खान द्वारा निभाए गए एक खतरनाक हत्यारे के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें जबरदस्त एक्शन के साथ-साथ एक दिलचस्प कहानी भी देखने को मिलेगी। ‘किंग’ फिलहाल 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।
