शाहरुख खान सिर्फ दुनिया के सबसे बड़े सितारों में से एक ही नहीं हैं, बल्कि वे ग्लोबली अरबपति क्लब में शामिल होने वाले इकलौते एक्टर भी हैं। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 के अनुसार किंग खान की अनुमानित कुल संपत्ति 12,490 करोड़ रुपये बताई गई है। फिल्मों के अलावा शाहरुख खान ने अपने बिजनेस से भी खूब कमाई की है। ये ही कारण है कि वो दुनिया के सबसे अमीर एंटरटेनर्स में शामिल हो गए हैं।

हाल ही में एक पॉडकास्ट में सेलिब्रिटी वेल्थ मैनेजर दीपक हिरो वजीरानी ने बताया कि शाहरुख की सफलता संयोग नहीं, बल्कि एक रणनीतिक सोच का परिणाम है। शरण हेगड़े के साथ बातचीत में दीपक ने कहा,“शाहरुख खान एक बिजनेसमैन हैं। वे बहुत पढ़े-लिखे हैं और बिजनेस की गहरी समझ रखते हैं। एक दौर में सिर्फ एक ही एसआरके होता है।”

दीपक ने आगे कहा, “मैं उनका पैसा मैनेज नहीं करता, काश कर पाता। लेकिन वे बेहद समझदारी से विविध निवेश (डाइवर्सिफाइड) करते हैं। मुझे याद है, उन्होंने ‘मन्नत’ 18 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिसकी आज कीमत करीब 300 करोड़ रुपये है।”

यह तो सिर्फ रियल एस्टेट की बात है। जब उनकी आईपीएल टीम Kolkata Knight Riders में पार्टनरशिप की बात आई, तो दीपक ने कहा, “उन्होंने अपनी क्रिकेट टीम एक निश्चित रकम में खरीदी थी, जिसकी आज कीमत 40-50 गुना तक बढ़ चुकी है।”

उन्होंने यह भी कहा, “जो लोग अमीर बनते हैं, वे इसलिए बनते हैं क्योंकि उनके पास आमदनी के कई स्रोत होते हैं। वे अपने निवेश को विविध रखते हैं। आम आदमी के पास इतनी पूंजी और मौके नहीं होते, इसलिए वह अपनी नौकरी तक सीमित रह जाता है।”

यह भी पढ़ें: शाहरुख खान से ज्यादा है ‘फिजिक्स वाला’ अलख पांडे की नेट वर्थ, कपिल शर्मा ने किया खुलासा

केकेआर में मास्टर पार्टनरशिप

फिल्ममेकर करण जौहर ने भी हाल ही में सार्थक अहूजा के साथ बातचीत में यही बात कही। उन्होंने बताया कि जब 2007 में आईपीएल की शुरुआत हुई, तब शाहरुख ने केकेआर में 55 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी, उस समय फ्रेंचाइज़ी की कीमत लगभग 300 करोड़ रुपये थी।

यह भी पढ़ें: IV ड्रिप के साथ ‘सैयारा’ देखने वाले फैन की तस्वीर का सच आया सामने, अहान पांडे ने खुद किया खुलासा

जनवरी की रिपोर्ट्स के अनुसार, अब वे अपनी हिस्सेदारी 35 प्रतिशत और बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं, जिसकी संभावित लागत करीब 4,000 करोड़ रुपये हो सकती है।

करण ने कहा, “शाहरुख खान ने जब क्रिकेट टीम खरीदी थी, तब किसी ने नहीं सोचा था कि उसकी वैल्यू इतनी बढ़ेगी। इसकी वजह यह है कि एसआरके जुनूनी, समर्पित और रणनीतिक रूप से जुड़े रहते हैं। वे सिर्फ नाम या मौजूदगी नहीं देते, बल्कि घंटों समय देकर टीम के साथ सक्रिय रूप से काम करते हैं। यही कारण है कि यह उनके लिए फिल्मों से भी बड़ा और ज्यादा मुनाफेदार बिज़नेस बन गया है।”

मन्नत का रेनोवेशन

शाहरुख का आइकॉनिक घर ‘मन्नत’ इस समय रेनोवेशन के दौर से गुजर रहा है। इसी वजह से वे और उनका परिवार अस्थायी रूप से पाली हिल, बांद्रा स्थित चार मंजिला अपार्टमेंट में रह रहे हैं, जिसके लिए वे कथित तौर पर हर महीने 24 लाख रुपये किराया दे रहे हैं।

स्टाफ के लिए लाखों में किराया दे रहीं गौरी

वहीं गौरी खान ने स्टाफ के लिए पास में ही 1.35 लाख रुपये प्रति माह के किराए पर एक और प्रॉपर्टी ली है। नवंबर 2024 में गौरी ने महाराष्ट्र कोस्टल ज़ोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) से ‘मन्नत’ के एनेक्स में दो और मंजिल जोड़ने की अनुमति मांगी थी। इस प्रस्ताव के तहत मुख्य बंगले के पीछे स्थित छह मंजिला संरचना में 616.02 वर्ग मीटर का विस्तार किया जाना है।