हिंदी सिनेमा के किंग शाहरुख खान आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। गूगल जेमिनी की तरफ से उन्हें उनके जन्मदिन पर खास तरह से बधाई दी गई। शाहरुख वो स्टार हैं जिन्होंने भारत से लेकर विदेशों में भी नाम कमाया है। वो दौलत और शोहरत के मामले में काफी आगे हैं। मगर इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने खूब मेहनत की है। आज जो शाहरुख करीब 300 करोड़ के आलीशान बंगले के मालिक हैं, वो कभी एक रूम सेट में रहा करते थे।
जी हां! विजयता पंडित ने इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में शाहरुख खान के बारे में ये बात बताई थी। उन्होंने कहा था, “जब वो ‘राजू बन गया जेंटलमैन’ कर रहे थे मैं उनके कार्टर रोड वाले घर गई थी। वो एक पुरानी बिल्डिंग में पुराना घर था और वो फर्स्ट फ्लोर पर रहते थे। मैं जतिन और ललित के साथ गई थी और वो मुझे वहां देखकर बहुत खुश थे। उस वक्त उनके घर पर कोई सोफा नहीं था, हम गद्दे पर बैठे थे। वो एक छोटा सा कमरा था और उनकी पत्नी गौरी ने हमे कोल्ड्रिंक पिलाई थी। उन्होंने मुझे कहा था कि उन्हें मेरी फिल्म बहुत पसंद आई।”
आज अमीरों की लिस्ट में सबसे आगे हैं शाहरुख खान
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में शाहरुख खान सबसे अमीर भारतीय अभिनेता बने हैं। पिछले साल भी इस लिस्ट में शाहरुख खान का नाम ही सबसे ऊपर था। उन्होंने साल 2024 में इस लिस्ट में अपनी जगह बनाई थी और तब भी वो भारत के सबसे अमीर अभिनेता की सुची में नंबर 1 थे। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट के मुताबिक, शाहरुख खान की मौजूदा नेटवर्थ 10,000 करोड़ रुपये है। इसमें रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स समेत उनके कारोबार से होने वाली संपत्ति भी शामिल है।
यह भी पढ़ें: Hurun Rich list: अमीरी में शाहरुख खान का दबदबा कायम, मगर नेटवर्थ 12,490 से घटकर हुई 10,000 करोड़
शाहरुख खान की संपत्ति
शाहरुख खान के पास करोड़ों की संपत्ति है। उन्होंने भारत के आलावा विदेशों में भी रियल एस्टेट में निवेश किया है। उनकी बेशकीमती संपत्तियों में से एक मन्नत है। जो मुंबई के बांद्रा इलाके में सी-फेसिंग बंगला है। शाहरुख ने इस संपत्ति को साल 2001 में 18 करोड़ रुपये में खरीदी थी। तब से इसकी अनुमानित कीमत बढ़कर लगभग 300 करोड़ रुपये हो गई है। फिलहाल इस घर का रेनोवेशन चल रहा है।
विदेशों में भी है शाहरुख खान की संपत्ति
भारत के साथ-साथ शाहरुख खान ने विदेशों में भी संपत्ति बनाई है। दुबई के ‘पाम जुमेराह’ में उनका एक आलीशान विला है, जो शहर की सबसे खास रिहायशी जगहों में से एक है। मैजिकब्रिक्स की रिपोर्ट की मानें तो लंदन के पार्क लेन में भी शाहरुख खान का एक शानदार अपार्टमेंट है। इसके अलावा मुंबई के पास अलीबाग में भी उनके पास एक फार्महाउस है। जिसकी कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जाती है।
एक्टर ही नहीं बिजनेसमैन भी हैं शाहरुख खान
शाहरुख खान ने फिल्मों के अलावा, खेलों, विज़ुअल इफेक्ट्स समेत कई तरह के बिजनेस में अपना हाथ आजमाया है। वो IPL फ्रेंचाइजी की कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के को-फाउंडर हैं। उन्होंने जूही चावला और उनके पति जय मेहता के साथ मिलकर इस टीम में निवेश किया है।
यह भी पढ़ें: King First Song: शाहरुख के बर्थडे पर ‘किंग’ का पहला गाना रिलीज, दीपिका के साथ दिखी रोमांटिक केमिस्ट्री
रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के भी को-फाउंडर हैं शाहरुख
साल 2002 में शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान ने ‘रेड चिलीज एंटरटेनमेंट’ नाम की प्रोडक्शन हाउस की शुरुआत की थी। इसी का एक हिस्सा रेड चिलीड VFX भी है, जो विजुअल इफेक्ट्स का काम करता है।
शिक्षा में भी है शाहरुख खान की भागीदारी
इन सब के अलावा शाहारुख खान शिक्षा और मनोरंजन में भी काम कर रहे हैं। शाहरुख खान का बिजनेस ‘किडज़ैनिया इंडिया’ के जरिए ‘एड्यूटेनमेंट’ क्षेत्र में भी फैला हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहरुख और गौरी के इ’रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट’ की 26% हिस्सेदारी इस वेंचर में है।
किंग खान को है कारों का शौक
कार वैद्य के मुताबिक, शाहरुख खान के पास दुनिया की कुछ सबसे महंगी और लग्जरी कारों का शानदार कलेक्शन है। उनके गैराज में करीब 12 करोड़ रुपये की Bugatti Veyron और 2.62 करोड़ रुपये की BMW i8 शामिल हैं। इसके अलावा उनके पास लगभग 1.35 करोड़ रुपये की BMW 7 Series, Audi A6 और 1.77 करोड़ से 1.86 करोड़ रुपये तक की Mercedes-Benz S-Class भी है। अभिनेता के कार कलेक्शन में करीब 88 लाख रुपये की Mercedes-Benz GLE के साथ 9.6 करोड़ रुपये की Rolls-Royce Phantom Drophead Coupe और लगभग 3.29 करोड़ रुपये की Bentley Continental GT भी शामिल बताई जाती हैं।
