चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 को लेकर लोग काफी उत्साहित हैं, लेकिन इसे आने में अभी कुछ दिन का समय बाकी है। ऐसे में हम आपको इसके पिछले कुछ एडिशन के दिलचस्प किस्सों के बारे में लगातार बता रहे हैं।

साल 2016 में हुए स्क्रीन अवॉर्ड से जुड़ा एक ऐसा ही पल था जिसे देखने के बाद हर कोई खुश और हैरान एक साथ हुआ था। दरअसल, यह किस्सा अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और रेखा से जुड़ा हुआ है।

जब अमिताभ को मिला बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड

साल 2016 में हुए 22वें स्क्रीन अवॉर्ड्स में बिग बी को फिल्म ‘पीकू’ के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला था। उस साल अमिताभ बच्चन ने यह सम्मान रणवीर सिंह के साथ शेयर किया था, जिन्होंने ‘बाजीराव मस्तानी’ में अपनी परफॉर्मेंस के लिए यही अवॉर्ड जीता था। हालांकि, अवॉर्ड से कही ज्यादा उस रात रेखा और जया बच्चन का गले मिलना सबसे ज्यादा खास था, जिसने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा था।

यह भी पढ़ें: ‘रोमा बनना चाहता हूं’, ‘डॉन’ फिल्म में अमिताभ बच्चन नहीं बल्कि जीनत अमान का किरदार निभाना चाहते थे शाहरुख खान

बता दें कि सालों से जया बच्चन और रेखा के बीच तनावपूर्ण रिश्तों को लेकर काफी चर्चाएं होती रही हैं। कहा जाता है कि इसकी वजह अमिताभ बच्चन की रेखा के साथ कथित नजदीकियां थी। अब 2016 के स्टार स्क्रीन अवॉर्ड्स की बात करें, तो वहां का माहौल बिल्कुल अलग था। लगभग तीन दशकों के बाद जया बच्चन और रेखा एक ही फ्रेम में एक साथ नजर आईं।

दोनों ही पारंपरिक ड्रेस में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। जब अमिताभ बच्चन को फिल्म ‘पीकू’ में उनके अभिनय के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ अभिनेता’ घोषित किया गया, तो रेखा खुशी से झूम उठीं और आगे बढ़कर जया के पास गईं और उन्होंने अभिनेत्री को गले लगा लिया।

अमिताभ बच्चन और रेखा की पहचान उनके करियर के शुरुआती दिनों में फिल्म ‘दो अनजाने’ से शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों की जोड़ी स्क्रीन पर काफी पसंद की जाने लगी और उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह की बातें भी होने लगीं। जहां अमिताभ बच्चन ने कभी इन अफवाहों पर कुछ नहीं कहा, वहीं रेखा कई बार उनके लिए अपनी पसंद और सम्मान के बारे में खुलकर बात करती नजर आईं। फिल्म ‘सिलसिला’ उनकी साथ में आखिरी फिल्म रही।

यह भी पढ़ें: जब ‘द यंगेस्ट हीरो ऑफ हिंदी सिनेमा’ देव आनंद को किया गया था लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित