निर्देशक हनी त्रेहान की फिल्म ‘सतलुज’, जिसे पहले ‘पंजाब 95’ के नाम से जाना जाता था, को रिलीज हुए एक महीना हो चुका है। लंबे समय तक सेंसर बोर्ड (CBFC) के साथ विवाद के बाद यह फिल्म आखिरकार जी5 पर रिलीज हुई थी। जिसे रिलीज के दो दिन बाद ही भारत में बैन कर दिया।
फिल्म के बैन होने से मेकर्स को जो भी नुकसान हुआ उसकी भरपाई के लिए काफी सारे लोग आगे आए लेकिन निर्देशक ने ऐसा करने से मना कर दिया। अब उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट कर अपनी भावनाओं को साझा किया और बताया कि कई गुरुद्वारों में फिल्म के नुकसान की भरपाई के लिए गुल्लक रखना शुरू किया।
यह भी पढ़ें- कौन थे स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा? ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में फिर जिंदा हुई कारगिल के इस वीर की कहानी
फिल्म ‘सतलुज’ मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा की जिंदगी पर आधारित है। रिलीज के बाद फिल्म ने काफी ध्यान खींचा, लेकिन इसका सफर ज्यादा लंबा नहीं चला।
3 जुलाई को रिलीज होने के महज 48 घंटे बाद ही ‘सतलुज’ को जी5 से हटा दिया गया। बताया गया कि भारत सरकार के निर्देश के बाद फिल्म को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से हटाया गया, जिसके बाद मेकर्स को काफी नुकसान का सामना करना पड़ा।
फिल्म के निर्देशक हनी त्रेहान ने अपने पोस्ट में लिखा- “हमारी फिल्म ‘सतलुज’ 3 जुलाई को रिलीज हुई थी, हालांकि सिर्फ दो दिन चली, और अब एक महीने से थोड़ा ज़्यादा समय हो गया है। तब से हमें कई संदेश, कॉल, इंस्टाग्राम डीएम और ट्वीट मिल रहे हैं, जिनमें लोग खालरा परिवार और दिलजीत भाई जी से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, अपना समर्थन दे रहे हैं और हमारे नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक सहायता कर रहे हैं।”
“हमें यह भी पता चला है कि गुरुद्वारों में गुल्लक रखे गए हैं, जहां शुभचिंतक ‘सतलुज’ के निर्माताओं को हुए नुकसान की भरपाई में मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। यह भारत के साथ-साथ विदेशों में भी हो रहा है। इस भाव के लिए हम आपका तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं।”
सतलुज मेकर्स ने आगे कहा, “यह कहना सही होगा कि आपका प्यार और साथ हमारे लिए काफी है, और हम पूरी विनम्रता के साथ कहना चाहते हैं कि हम अपनी फिल्म के लिए किसी भी प्रकार का धन, उपहार या दान स्वीकार नहीं कर सकते।”
यह भी पढ़ें- ‘अपने पतियों को चीटिंग करते हुए मैंने ही पकड़ा’, श्वेता तिवारी ने करण जौहर को जवाब देते हुए ऐसा क्यों कहा
“यह हमारे प्रियजनों और उन लोगों के सामूहिक शोक को साझा करने का एक छोटा सा प्रयास है जिन्हें हमने अंधकार में खो दिया, चाहे उनकी जाति, धर्म या सामाजिक स्थिति कुछ भी हो। हम इस सेवा का हिस्सा बनकर खुशी महसूस करते हैं।”
फिल्म के मेकर्स ने गुरुद्वारों में जमा हुई धनराशि लेने से मना कर दिया है। बता दें कि फिल्म में दिलजीत दोसांझ ने मुख्य भूमिका निभाई थी और उन्होंने इस फिल्म में काम करने के लिए कोई फीस नहीं ली थी।
