नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माए गाने ‘सरके चुनर सरके‘ को लेकर विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद गीतकार ने गाने पर सफाई दी है। कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के गाने को लेकर काफी विवाद हुआ जिसके बाद गाना यूट्यूब से हटा दिया गया।

फिल्म के गीतकार रकीब आलम से जनसत्ता ने बात की तो उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि ये उनकी मौलिक रचना नहीं है बल्कि कन्नड़ गाने का शब्द दर शब्द अनुवाद है।

रकीब आलम ने कहा- इस गाने के लिरिक्स मेरे नहीं हैं

रकीब आलम ने कहा: “ये लिरिक्स मेरे लिखे हुए नहीं है, इसके एक भी शब्द मेरे नहीं हैं। इसके कन्नड़ में जो लिरिक्स हैं मैंने उसका शब्द दर शब्द अनुवाद किया था। उन्होंने बोला मुझे ट्रांसलेट करके दे दीजिए। मैंने कन्नड़ को हिंदी में ट्रांसलेट करके दे दिया उसको मीटर में बिठा दिया। मैंने कहा कॉन्ट्रोवर्सी होगी उन्होंने कहा मैं देख लूंगा।”

नोरा फतेही के ‘सरके चुनर’ गाने पर कंगना रनौत की तीखी प्रतिक्रिया

कॉन्ट्रोवर्सी के लिए बनाया ऐसा गाना- रकीब आलम

गीतकार ने दावा किया कि गाने से जानबूझकर विवाद को भड़काने का इरादा था, ताकि फिल्म का प्रचार हो, निर्देशक को लेकर रकीब ने दावा किया, “उन्हें पता है थोड़ा कॉन्ट्रोवर्सी करेंगे तो पिक्चर चल जाएगी, हिट हो जाएगी।”

रकीब ने बताया कि विवाद हुआ तो निर्देशक ने उन्हें फिर से विवादित हिस्से को लिखने को कहा है।

निर्देशक को चाहिए ‘बोतल’ और ‘अचार’

“उन्होंने कहा मुझे फ्रेश अच्छा सा लिरिक्स लिखकर दीजिए जहां पर कॉन्ट्रोवर्सी है। मैंने फिर उसे दूसरे एंगल से लिखा, मगर उन्होंने कहा कि मुझे पहले अंतरे में बोतल चाहिए और दूसरे अंतरे में अचार चाहिए। बोतल और अचार में वे अटके हुए हैं। ”

गीतकार ने यह भी साफ किया कि आगे से वो कभी इस तरह के गाने नहीं लिखेंगे। उन्होंने कहा- मैंने बस अनुवाद किया था शब्द दर शब्द, ये गाना मैंने नहीं लिखा है, इसका एक भी शब्द मेरा नहीं है। पता नहीं क्यों मेरा नाम दिया है उन्होंने।

नोरा फतेही और संजय दत्त के गाने ‘सरके चुनर’ पर भड़के लोग, अरमान मलिक ने भी जाहिर की नाराजगी

गीतकार ने आगे ये भी कहा, ”पता नहीं संजय दत्त और नोरा फतेही ने ये गाना कैसे कर लिया, वो लोग इनकार कर देते ना तो नौबत ही नहीं आती। वो लोग शूटिंग करने से इनकार कर देते तो मामला खत्म हो जाता, ना गाना रिलीज होता ना इतनी दिक्कत होती।”

गीतकार ने कहा, “मुझे कोई 10 करोड़ भी देगा तो भी मैं ऐसे गाने नहीं लिखूंगा। मैंने भी कान पकड़ लिया हूं, इसके बाद आइटम नंबर बोलेंगे तो मैं दूर भागूंगा। भोजपुरी के फूहड़ गानों के भी मैं खिलाफ हूं।”

यूट्यूब से हटाया गया गाना

यूट्यूब पर रिलीज़ के बाद गाना हटा दिया गया है जिसके बारे में बात करते हुए गीतकार ने कहा, “मैंने कहा था सेंसर बोर्ड से ये पास नहीं होगा, कॉन्ट्रोवर्सी होगी पर निर्देशक ने कहा कुछ नहीं होगा। यूट्यूब पर भी सेंसर होना चाहिए, इसका फायदा उठा लिया गया कि अभी रिलीज करके कॉन्ट्रोवर्सी कर लेता हूं, बाद में लिरिक्स चेंज करके मूवी में डाल दूंगा। डायरेक्टर को मैं समझाते समझाते थक गया।”

गीतकार ने बताया कि निर्देशक ने उनसे कहा था कि कन्नड़ में इस गाने को लेकर कोई समस्या नहीं है, लेकिन हिंदी में विवाद क्यों हुआ, यह समझ से बाहर है।

सोशल मीडिया पर गाने की तीखी आलोचना

गाने को सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना झेलनी पड़ रही है। लोग कह रहे हैं कि इसके सामने भोजपुरी गाने बेहतर हैं, ये अब तक का सबसे अश्लील गाना है। जब रकीब आलम से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वो खुद भोजपुरी के फूहड़ गानों के खिलाफ रहते हैं, इस तरह के गाने वो नहीं लिख सकते हैं।

30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘केडी: द डेविल’

‘केडी: द डेविल’ फिल्म 1970 के दशक की अंडरवर्ल्ड कहानी पर आधारित एक एक्शन ड्रामा है। इसमें ध्रुव सरजा, संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन प्रेम ने किया है।

Dhurandhar 2: The Revenge Movie Release, Review LIVE