हरियाणा की मशहूर डांसर और एक्ट्रेस सपना चौधरी अक्सर सुर्खियों का हिस्सा रहती हैं। बिग बॉस में नजर आने के बाद उनकी पॉपुलैरिटी में इजाफा देखने को मिला, और उनके हरियाणवी गानों को पहले से भी ज्यादा प्यार मिलने लगा। इस साल सपना का कोई नया डीजे सॉन्ग वायरल नहीं हुआ है, और इन दिनों उनके लाइव शोज भी कम होते नजर आ रहे हैं। अब हरियाणा की क्वीन ने खुद अपने करियर और उनके ऊपर लगे मुकदमों के बारे में ‘द 50 शो’ में बात की।
कलर्स टीवी के रियलिटी शो द 50 में सपना चौधरी अपनी मौजूदगी को लेकर लाइमलाइट बटोर रही हैं। सपना के फैंस अक्सर उनके गानों की कम होती संख्या की शिकायत करते नजर आते हैं। अब सपना ने बतौर डांसर अपने करियर के सबसे बुरे दौर का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एक शो के दौरान उनकी जान को खतरा भी था।
सपना ने अपने करियर की डार्क फेज के बारे में बात करते हुए कहा, साल 2018 में बिग बॉस करने के बाद मैंने एक के बाद एक बेहतर शोज करने शुरू किए थे। इससे पहले इवेंट्स के हालात बहुत ज्यादा खराब होते थे। किसी जगह लड़ाई हो जाती थी, कहीं पर भगदड़ मच जाती, तो कभी कुर्सियां फेंकी जाती थीं। मेरे ऊपर करीब 35 मुकदमे चल रहे हैं। मैं मेरठ, बड़ौद की तरफ बैन हूं। मेरे नाम से वहां पर शो की परमिशन नहीं मिल सकती है।
सपना ने सुनाया शो का खौफनाक किस्सा
सपना चौधरी ने आगे एक डरावने और खौफनाक किस्से का जिक्र भी किया। उन्होंने बताया कि एक बार मेरे पास कोई शो नहीं था, और मैं इंताजर कर रही थी कि शो आए। फिर रात को एक कॉल आया, और उन्होंने अगली रात के लिए शो के लिए मुझे साइन किया। मैं शो को लेकर काफी ज्यादा एक्साइटेड थी, और मैंने कोई ज्यादा डिटेल्स भी उनसे नहीं ली। जब हम लोकेशन पर पहुंचे, तो वहां एक फार्महाउस था। हमने अंदर एंट्री ली, और देखा कि 25-26 टैबल लगे है और पीछे की तरफ सिर्फ दो कुर्सियां लगी हुई थीं। हर एक टेबल पर हथियार रखे हुए थे। वहां पर मौजूद हर कोई गैंगस्टर लग रहा था, और ऐसा लग रहा था कि किसी के जेल से बाहर आने का जश्न मनाया जा रहा हो।
यह भी पढ़ें: ‘चिंता और भय बना हुआ है’, दुबई में फंसे हैं बॉलीवुड के कई सितारे, नरगिस फाखरी और ईशा गुप्ता ने किया पोस्ट
सपना ने बताया कि परफॉर्मेंस की शुरुआत में सब सही रहा, लेकिन जब वह अकेले परफॉर्म कर रही थी, तो एक शख्स बार-बार उनके पास आने की कोशिश कर रहा था। एक बार वह कान के पास आकर कुछ बोलकर गया। मेरी मां ने उनसे कहा कि आप हमें अब जाने दें, तो उनमें से एक व्यक्ति ने कहां अभी डांस बाकी है, और डांस करके चले जाओ।
एक्ट्रेस और डांसर सपना ने आगे बताया कि वह उस समय काफी ज्यादा घबराई हुई थी, और फिर वही व्यक्ति पीछे से आया और उनसे सपना के गाल पर KISS कर लिया। फिर मैं तुरंत वहां स्टेज से उतर गई, और हम वहां से निकलने के लिए दरवाजे की तरफ जा रहे थे, तो मैं अपनी मां से कह रही थी कि ये लोग गोली भी मार सकते हैं। खैर, किसी तरह हम वहां से बाहर निकले और अपनी कार में बैठकर राहत की सांस भरी।
