बॉलीवुड फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली को अपनी शानदार फिल्मों के लिए जाना जाता है। कई बार ऐसी बाते सामने आई हैं कि फिल्म के सेट पर फिल्ममेकर का मिजाज काफी सख्त होता है। उनके साथ काम कर चुके कई एक्टर्स ने फिल्म के सेट पर उनके बिगड़ते मिजाज और किस तरह उन्हें काम में परफेक्शन पसंद है, इस बारे में खुलकर बात भी की है। अब ऐसे ही फिल्ममेकर के साथ फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ में काम कर चुके एक्टर यतिन कार्येकर ने सेट से जुड़ी कुछ बातें साझा की हैं।
उनका कहना है कि फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली फिल्म के सेट पर काफी सख्ती से पेश आते है। एक्टर आदित्य पंचोली से जुड़ा किस्सा शेयर करते हुए यतिन कार्येकर ने बताया कि कैसे एक बार संजय लीला भंसाली ने आदित्य को सब के सामने फटकार लगा दी थी। उन्होंने बताया कि एक बार उन्होंने संजय लीला भंसाली को फिल्म के सेट पर अभिनेता आदित्य पंचोली पर सबके सामने जोर से चिल्लाते हुए देखा था। जिसे देखकर वह काफी हैरान हो गए थे।
यह भी पढ़ें- दिलीप कुमार-धर्मेंद्र के साथ ‘कश्मीर’ बनाना चाहते थे ‘गदर’ के डायरेक्टर, सालों बाद छलका अधूरी फिल्म का दर्द
यतिन कार्येकर और रणवीर सिंह का दोस्ती
हाल ही में यतिन कार्येकर ने सिद्धार्थ कन्नन के साथ एक इंटरव्यू किया। उस बातचीत में एक्टर ने अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के बारे में बात की। अभिनेता ने बताया कि फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ की शूटिंग के दौरान उनकी और रणवीर सिंह की काफी अच्छी दोस्ती हो गई थी। दोनों सेट पर साथ में खूब मस्ती करते थे और एक-दूसरे की कंपनी को खूब एंजॉय करते थे।
सेट पर संजय लीला भंसाली बेहद सख्त निर्देशक
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि संजय लीला भंसाली के सामने ऐसा करना संभव नहीं था, क्योंकि वह सेट पर बेहद अनुशासन पसंद और सख्त स्वभाव के हैं। अभिनेता के मुताबिक, संजय लीला भंसाली काम को लेकर जरूरत से ज्यादा सख्त हैं, लेकिन एक निर्देशक के रूप में वह उनका बेहद सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा, “मेरे लिए निर्देशक भगवान के समान होता है।”
यह भी पढ़ें- ‘मुझे राजनीति से दूर रखिए’, दिलजीत दोसांझ का फैंस को दो टूक जवाब, बोले- कॉकरोच जनता पार्टी पर सवाल न करें
जब आदित्य पंचोली को सेट पर पड़ी डांट
उनके मुताबिक, आदित्य पंचोली किसी जूनियर आर्टिस्ट को डांट रहे थे, तभी संजय लीला भंसाली ने ऊंची आवाज में उन्हें रोकते हुए कहा, “तुम चुप रहो, आदित्य।” अभिनेता ने कहा कि यह नजारा देखकर वह हैरान रह गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि भंसाली के गुस्सैल स्वभाव के बारे में पहले भी कई किस्से सुन चुके थे। उनके मुताबिक, एक बार जब एक सीनियर अभिनेत्री से कोई डांस स्टेप नहीं हो पाया तो भंसाली ने गुस्से में उनके सामने कुर्सी तक फेंक दी थी। इतना ही नहीं, उन्होंने कई बार गुस्से में मोबाइल फोन और माइक्रोफोन भी तोड़ दिए थे। अभिनेता ने कहा कि वह पहले से ही भंसाली के स्वभाव के बारे में सुनकर मानसिक रूप से तैयार थे, लेकिन आदित्य पंचोली इस व्यवहार से पूरी तरह चौंक गए थे, क्योंकि उन्हें इसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं थी।
राजकुमार हिरानी और संजय लीला भंसाली में क्या फर्क
सेट पर ऐसे कई वाकये देखने के बावजूद यतिन कार्येकर ने संजय लीला भंसाली को एक “क्रिएटिव जीनियस” बताया। उनका कहना था कि भंसाली की क्रिएटिव सोच और फिल्म बनाने का नजरिया उन्हें इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन निर्देशकों में शामिल करता है। यतिन ने कहा कि अगर फिल्म इंडस्ट्री के दो सबसे शानदार फिल्ममेकर की बात की जाए तो उनमें संजय लीला भंसाली और राजकुमार हिरानी का नाम सबसे पहले आता है। हालांकि, दोनों के काम करने का तरीका एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है।
उन्होंने बताया कि राजकुमार हिरानी के सेट पर माहौल बेहद शांत, सहज और तनावमुक्त रहता है। वहां कलाकारों और पूरी टीम के चेहरे पर हमेशा मुस्कान होती है, जबकि भंसाली का सेट अनुशासन और गंभीरता के लिए जाना जाता है। बता दें कि यतिन कार्येकर ने राजकुमार हिरानी के साथ फिल्म ‘मुन्ना भाई एम बी बी एस’ में काम किया था।
