हिंदी सिनेमा के फेमस निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली अपनी बेहतरीन फिल्मों और उनके भव्य सेट के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अभी तक ‘देवदास’, ‘हीरामंडी’, ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘पद्मावत’, ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ और ‘राम लीला’ समेत कई फिल्मों का निर्देशन किया, जिसमें से कुछ हिट, तो कुछ सुपरहिट भी हुईं। भंसाली किसी भी फिल्म को चुनते समय इस बात का ध्यान रखते हैं कि वह कैसे दर्शकों को पसंद आ सकती है। ऐसे में उन्होंने इतिहास से जुड़ी भी कई कहानियों को पिरोकर फिल्म बनाई है।
अब वह एक बार फिर कुछ ऐसा ही करने जा रहे हैं। दरअसल, भव्य और विजुअली शानदार फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले भंसाली अब एक नई पीरियड ड्रामा के साथ दर्शकों के सामने आने की तैयारी में हैं। उनकी नई मूवी ‘जय सोमनाथ’ की पहली झलक सामने आ गई है। इसे देखते ही लोगों में काफी उत्सुकता देखने को मिली। सिर्फ इतना ही नहीं, इसके साथ ही मेकर्स ने यह भी बता दिया कि वो इसे कब रिलीज करने वाले हैं।
आस्था, विनाश और पुनर्निर्माण की होगी कहानी
संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘जय सोमनाथ’ की कहानी किसी प्रेम गाथा या युद्ध की नहीं, बल्कि इस बार आस्था, विनाश और पुनर्निर्माण की होने वाली है। सोशल मीडिया पर ‘जय सोमनाथ’ का अनाउंसमेंट वीडियो सामने आया है, जिसमें देखने को मिला कि ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर को टूटते हुए दिखाया गया है।
वीडियो में धूल, विध्वंस और दर्द से भरा सीन देखने को मिलता है, लेकिन अगले ही पल उसी धूल के पीछे नए मंदिर की झलक दिखाई देती है, जो पुनर्जन्म और अटूट विश्वास का प्रतीक दिखाती है। इसे शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “मंदिर टूट सकता है, आस्था नहीं। मूवी को केतन मेहता डायरेक्ट करने वाले हैं। यह मूवी अगले साल 2027 में रिलीज होगी।”
फिलहाल संजय लीला भंसाली अपनी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल नजर आने वाले हैं। यह मूवी इस साल के आखिर में या 2027 में रिलीज हो सकती है।
यह भी पढ़ें: प्रोड्यूसर से नाराज किशोर कुमार ने गाने में जोड़ा था पैसों का तंज, ‘आप की कसम’ से जुड़ा दिलचस्प किस्सा
