‘सिर्फ तुम’, ‘मर्डर मुबारक’, ‘राजा’ और ‘प्रेम’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुके संजय कपूर का करियर उस मुकाम पर नहीं पहुंच पाया, जो उनके भी अनिल कपूर और बोनी कपूर को हासिल हुआ। साल 1999 में आई फिल्म ‘सिर्फ तुम’ उनके करियर की एक बड़ी हिट रही थी, लेकिन संजय का कहना है कि इस फिल्म की सफलता के बाद भी उन्हें उस तरह के ऑफर नहीं मिले, जिसकी उम्मीद होती है। यहां तक कि किसी भी प्रोड्यूसर ने उन्हें अपनी फिल्म ऑफर नहीं की।
संजय ने इसके बाद कई फिल्मों में काम किया, लेकिन वह लगातार सफल और भरोसेमंद लीडिंग स्टार की पहचान नहीं बना सके। अपने करियर को पीछे मुड़कर देखते हुए अभिनेता ने माना कि अब इंडस्ट्री काफी बदल गई है। उनका कहना है कि आज कोई अभिनेता अगर कुछ हिट फिल्में दे देता है, तो उसके पास कई सालों तक काम की कमी नहीं रहती, लेकिन उनके समय में ऐसा नहीं था। बतौर लीड एक्टर उनके करियर में ‘राजा’ और ‘सिर्फ तुम’ ही दो बड़ी बॉक्स ऑफिस सफल फिल्में रहीं।
एक भी फिल्म साइन नहीं की: संजय
डिजिटल कमेंट्री से बात करते हुए संजय ने कहा, “सिर्फ तुम’ इतनी बड़ी हिट थी कि आज 27 साल बाद भी हम उसके बारे में बात कर रहे हैं, लेकिन मेरी किस्मत देखिए मैंने ‘सिर्फ तुम’ के बाद एक भी फिल्म साइन नहीं की। आज अगर लोग तीन हिट फिल्में दे देते हैं, तो उनका करियर 25 साल के लिए सेट हो जाता है। उन्हें कई विज्ञापन मिलते हैं और एक बड़ी हिट के बाद ही करोड़ों की कमाई शुरू हो जाती है।”
अभिनेता ने आगे कहा, “लोगों ने उस फिल्म की इतनी तारीफ की, लेकिन मुझे नहीं पता कि क्या गलत हुआ कि उसके बाद किसी ने मुझसे संपर्क नहीं किया। किसी ने मुझे साइन नहीं किया। मुझे कोई अच्छा ऑफर नहीं मिला। मैं यह झूठ नहीं बोलूंगा कि मेरे पास बहुत सारे प्रोजेक्ट थे और मैंने उन्हें मना कर दिया। मेरे पास कुछ ऑफर थे, लेकिन वे बहुत अच्छे नहीं थे। मैंने सोचा कि मैंने एक हिट दी है, इसलिए कुछ बेहतर आने का इंतजार करता हूं। हिट फिल्म देना तब भी मुश्किल था और आज भी है।”
बॉम्बे के थिएटर में 100 दिनों तक चली थी फिल्म
संजय कपूर ने इस सोच पर भी बात की कि उनकी फिल्मों को अक्सर फ्लॉप से जोड़कर देखा जाता है। एक्टर ने कहा, “जब कोई फिल्म फ्लॉप होती है, तो लोग आसानी से मेरा नाम ले लेते हैं, लेकिन जब मेरी फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया तो किसी ने मुझे उसका क्रेडिट नहीं दिया। यह बहुत बड़ी हिट थी, लेकिन मुंबई में उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। बॉम्बे के एक थिएटर में यह 100 दिनों तक चली थी।”
संजय का मानना है कि ‘सिर्फ तुम’ केवल अपने हिट गानों की वजह से सफल नहीं हुई थी। उन्होंने कहा, “सुपरहिट गानों के अलावा ‘सिर्फ तुम’ की कहानी भी शानदार थी। यह इकलौती ऐसी रोमांटिक फिल्म है, जिसमें हीरो और हीरोइन एक-दूसरे से मिलते ही नहीं हैं। जब आखिर में दोनों मिलते हैं, तो एक-दूसरे को गले लगाते हैं और फिल्म खत्म हो जाती है।”
‘प्रेम’ से की थी करियर की शुरुआत
संजय कपूर के करियर की शुरुआत भी मुश्किल रही थी। उनकी पहली फिल्म ‘प्रेम’ को बनने में आठ साल लग गए और रिलीज के बाद यह बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई। बताया जाता है कि इस फिल्म की असफलता के कारण इंडस्ट्री में उनकी अगली फिल्म ‘राजा’ को लेकर भी चिंता थी। इस फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया था।
यह भी पढ़ें: कौन हैं बीएस धनोआ, ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में जिमी शेरगिल ने निभाया जिस अफसर का किरदार
