फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 30 अक्टूबर को 57 साल की उम्र में निधन हो गया था। उनकी मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई थी। उनके अंतिम संस्कार के बाद का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी बेटी कार में बैठी है और पैपराजी को मिडल फिंगर दिखा रही है। अब इस वीडियो पर दिवंगत संजय गुप्ता की पत्नी अनुराधा लेखी ने बयान जारी किया है। इसके अलावा उन्होंने अपने दिवंगत पति को परिवार की रीढ़ की हड्डी भी बताया है।

अनुराधा ने रविवार को अपने निजी इंस्टाग्राम अकाउंट पर संजय के साथ एक तस्वीर साझा की थी। इसके कैप्शन में उन्होंने उन्हें पूरे ब्रह्मांड का सबसे अच्छा पिता बताया था। उन्होंने संजय को अपने परिवार की रीढ़ भी कहा। बता दें कि संजय और अनुराधा ने 1997 में पहली बार शादी की थी। हालांकि, 2003 में दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद 2009 में उन्होंने दोबारा शादी कर ली थी।

अनुराधा ने संजय के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “और वह मुझे इस तरह देखा करते थे। मैं उनकी क्वीन थी और वह मेरे टॉम थे। वह हमेशा मेरे अंदर के जैरी को परेशान करते रहते थे। यह गाना वह मेरे लिए गाया करते थे… लेकिन अब लगता है कि सब कुछ उल्टा हो गया है।”

उन्होंने आगे लिखा, “मैं जितने भी लोगों को जानती हूं, उनमें वह सबसे मजाकिया इंसान थे। हमारे परिवार की रीढ़ थे। सिर्फ हमारे ही नहीं, बल्कि न जाने कितने लोगों के परिवार की। वह सबसे ज्यादा सकारात्मक सोच रखने वाले इंसान थे। उनका ब्लड ग्रुप भी बी पॉजिटिव था। वह सबसे बेहतरीन कहानी सुनाने वाले शख्स थे। इस पूरे ब्रह्मांड के सबसे अच्छे पिता थे।”

अनुराधा ने संजय की दरियादिली का जिक्र करते हुए लिखा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में उनसे ज्यादा उदार इंसान नहीं देखा। वह इतने उदार थे कि कभी-कभी हद से भी आगे निकल जाते थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी बताया कि संजय ने उन्हें एक ऑमलेट बनाकर अपना दीवाना बना लिया था। वह ऑमलेट उनके मुताबिक अब तक का सबसे बेहतरीन ऑमलेट था।

बेटी के वीडियो पर दी सफाई

फिल्ममेकर मिलाप जावेरी ने सोमवार सुबह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी पत्नी अनुराधा का बयान साझा किया। इसमें उन्होंने लिखा, “संजय अपने परिवार और बच्चों से बेहद प्यार करते थे। हमारे बच्चे अभी किशोरावस्था में हैं और उन्होंने अचानक अपने प्यारे पिता को खो दिया है। वे हमेशा से मीडिया की चकाचौंध और पैपराजी कल्चर की दखलअंदाजी से दूर रहे हैं। ऐसे मुश्किल वक्त में उनकी निजता में अचानक इस तरह की दखल से वे बेहद परेशान हो गए।”

अनुराधा ने आगे लिखा, “अपने दुख और तकलीफ के बीच बच्चों की कुछ प्रतिक्रियाएं मीडिया के कुछ लोगों के प्रति रही होंगी। इससे किसी को ठेस पहुंची हो तो मैं उसके लिए दिल से खेद जताती हूं। मैं सभी से विनम्र अनुरोध करती हूं कि वे इन प्रतिक्रियाओं को उसी नजरिए से समझें, जैसी वे वास्तव में हैं। ये उन बच्चों के दुख और तकलीफ की अभिव्यक्ति हैं, जो अपने जीवन के सबसे बड़े नुकसान को स्वीकार करने की कोशिश कर रहे हैं।”

उन्होंने पैपराजी प्लेटफॉर्म्स से अपने बच्चों को माफ करने और ऐसी तस्वीरें व वीडियो हटाने की अपील भी की, जो उनके मन पर लंबे समय तक रहने वाले भावनात्मक निशान छोड़ सकते हैं। अनुराधा ने कहा कि बच्चों को अपने पिता के निधन का दुख मनाने के लिए निजता, संवेदनशीलता और पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। मिलाप जावेरी ने भी इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में इसे संजय की पत्नी की ओर से मीडिया के सभी दोस्तों से की गई अपील बताया।

यह भी पढ़ें: ‘कान खोलकर सुन लो’, मीडिया को अमिताभ बच्चन ने गलत खबर चलाने पर लगाई झाड़, दे डाली चेतावनी

यह भी पढ़ें: धमकी के बाद बिग बी ने बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे से किया फैंस का अभिवादन, निगरानी करते दिखे अभिषेक

संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार में क्या हुआ था?

मुंबई पुलिस के बयान के मुताबिक, संजय गुप्ता शनिवार सुबह अपने मुंबई स्थित घर में मृत पाए गए थे। शुक्रवार आधी रात के करीब गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी, जो उनकी मौत की वजह बनी। वह अपने परिवार के साथ रहते थे। घर में उनकी पत्नी, बेटी, 15 साल के बेटे शिवांश गुप्ता और एक घरेलू सहायक के अलावा कोई नहीं था। हालांकि, परिवार को अगले दिन सुबह उनके बारे में पता चला। पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने भी उनके घर का दौरा किया है और मामले की जांच जारी है। वहीं, उनकी पत्नी ने किसी तरह की साजिश की आशंका नहीं जताई है।

अमिताभ बच्चन ने जताया शोक

मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने एक्स पर संजय गुप्ता के निधन पर शोक जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “कला की दुनिया से जुड़े एक दोस्त, साथी कलाकार और सच्चे कला प्रेमी ने इतनी कम उम्र में हमें अलविदा कह दिया। मुझे समझ नहीं आ रहा कि आखिर यह सब कैसे हो रहा है। कला जगत से जुड़े हमारे प्यारे साथी एक-एक करके हमसे बिछड़ते जा रहे हैं। आखिर उन्होंने ऐसा क्या गलत किया है, जो उन्हें इस तरह की सजा मिल रही है?”

अमिताभ बच्चन ने आगे ग्रहों की स्थिति का जिक्र करते हुए लिखा, “लोग कह रहे हैं कि सौरमंडल के सभी शक्तिशाली ग्रह एक ही समय में प्रतिकूल हो गए हैं। कृपया हम पर रहम करें। जो लोग हम पर अपना कहर बरपा रहे हैं, क्या यह वाकई उचित है? मेरी कामना है कि सौरमंडल के सभी ग्रह अपने-अपने स्थान पर लौट जाएं और एक-दूसरे से दूर रहें। शायद तब वे हम सभी को परेशान करना बंद कर देंगे।”