संजय दत्त बॉलीवुड के उन कलाकारों में शुमार हैं, जिनकी जिंदगी में शोहरत के साथ कई उतार-चढ़ाव भी रहे हैं। फिल्मों में अपने दमदार एक्टिंग से पहचान बनाने वाले संजय दत्त अपनी निजी जिंदगी और विवादों को लेकर भी लंबे समय तक सुर्खियों में रहे हैं। हाल ही में वह शेखर सुमन के टॉक शो ‘शेखर टूनाइट’ में पहुंचे, जहां उन्होंने अपने जीवन के मुश्किल दौर और जेल में बिताए वक्त से जुड़े कई भावुक किस्से साझा किए।

सुनील दत्त अंदर ही अंदर टूट गए

बातचीत के दौरान संजय दत्त ने उस पल को याद किया, जब पुलिस ने पहली बार उनके हाथों में हथकड़ी लगाई थी। उन्होंने बताया कि उस वक्त उनके पिता और दिग्गज अभिनेता सुनील दत्त उनके सामने मौजूद थे। वो मंजर देखने के बाद सुनील दत्त कहीं ना कहीं अंदर से टूट गए थे। बेटे को हथकड़ी लगे देखकर सुनील दत्त बेहद भावुक हो गए थे। उनकी आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने पुलिस से सवाल करते हुए कहा था कि वे उनके बेटे के साथ ऐसा क्यों कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- संजय दत्त ने कहा- ‘भारत में अब शांति महसूस नहीं होती’, विवादित बयान पर छिड़ी बहस

पिता का संभालने के लिए संजय दत्त ने लगाया गले

संजय दत्त के मुताबिक, उस वक्त उन्होंने अपने पिता को संभालने की कोशिश की। उन्होंने सुनील दत्त को गले लगाया और समझाया कि उन्हें हथकड़ी देखकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। एक्टर ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से इसे सिर्फ एक कानूनी प्रक्रिया समझकर शांत रहने के लिए कहा था।

संजय दत्त ने स्वीकार किया- ‘मैं खुद को भी संभाल रहा था’

हालांकि, संजय दत्त ने स्वीकार किया कि बाहर से वह भले ही मजबूत बने रहने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अंदर से वह खुद बुरी तरह टूट चुके थे। परिवार के सामने उन्होंने खुद को संभाले रखा, क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि उनके पिता और परिवार उनकी तकलीफ देखकर और ज्यादा परेशान हों। संजय दत्त ने अपने उस दौर को याद करते हुए कहा कि यह उनकी जिंदगी का बेहद कठिन समय था।

यह भी पढ़ें- Bigg Boss 20: सलमान खान ने काजी तौकीर की लगाई फटकार, ‘लॉलीपॉप कमेंट’ पर कनिका का दिया साथ

करीब 24 साल तक नतीजों से जूझना पड़ा

उन्होंने बताया कि इस मुश्किल दौर का असर उनकी जिंदगी पर लंबे समय तक रहा और करीब 24 साल तक उन्हें इसके नतीजे से जूझना पड़ा। अभिनेता की यह बात उनके जीवन के उस पहलू को सामने लाती है, जिसमें पर्दे पर नजर आने वाले मजबूत और बेफिक्र संजय दत्त के पीछे एक ऐसा इंसान भी था, जो अपने परिवार के लिए अपने आपको मजबूत रखने की कोशिश कर रहा था।