अभिनेता संजय दत्त अपने एक बयान के चलते चर्चाओं में आ गए हैं। हाल ही में शेखर टूनाइट में दिखाई दिए एक्टर ने कई मुद्दों पर बात करते हुए अपनी राय रखी। उन्होंने भारतीय राजनीति, ट्रंप, अपने मशहूर किरदार मुन्नाभाई पर चर्चा की। इसी बीच उन्होंने कहा कि उन्हें भारत में अब शांति महसूस नहीं होती है। एक्टर के इस बयान पर एक बहस छिड़ गई है।
यह भी पढ़ें- कोर्ट केस, खराब रिलेशनशिप और…’, सलमान खान ने अपने खिलाफ चल रही निगेटिविटी पर पहली बार कही बड़ी बात
संजय दत्त का देश पर बयान
शो के दौरान बातचीत में संजय दत्त ने देश के मौजूदा हालात पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि पहले जिस तरह का सुकून उन्हें भारत में महसूस होता था, अब वह एहसास नहीं रहा। अभिनेता ने कहा कि भारत के लोग बेहद अच्छे और दिलदार हैं और देश में शांति होनी चाहिए।
संजय दत्त ने कहा, “इस देश के लोग बहुत प्यारे हैं। यहां शांति होनी चाहिए। अब मुझे अपने देश में वह शांति महसूस नहीं होती। हम भारतीय बड़े दिल वाले और मेहमाननवाज लोग हैं। हमने बहुत कुछ दिया है और हमें हमेशा ऐसा ही बने रहना चाहिए। मैं शिवजी से प्रार्थना करता हूं कि वो दिन जल्द वापस आएं।”
संजय दत्त के पास यूएई गोल्डन वीजा
जानकारी के लिए बता दें कि संजय दत्त के पास 10 साल का यूएई गोल्डन वीजा है। उनकी पत्नी मान्यता दत्त और दोनों बच्चे शाहरान और इकरा दुबई में रहते हैं। काम के सिलसिले में संजय दत्त का मुंबई और दुबई के बीच आना-जाना लगा रहता है।
संजय दत्त के इस बयान पर कई लोगों के रिएक्शन देखने मिल रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई लोग उनके इस बयान का मजाक बनाते हुए उन्हें ट्रोल कर रहे हैं, कई लोग ऐसे भी हैं जो उन्हें देश छोड़कर जाने की सलाह दे रहे हैं और उनके यूएई वीजा का भी मजाक बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- यूट्यूब की कमाई से अर्चना पूरन सिंह के परिवार ने खरीदा एक और आलीशान विला, देखें अंदर की तस्वीरें
मुन्नाभाई बनकर देश को किया संबोधित
जब संजय से कहा गया कि वह खुद को प्रधानमंत्री समझकर देश को से बात करें, तो उन्होंने तुरंत ‘मुन्ना भाई’ के अंदाज में बोलना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा, ” चलो, देश में कुछ तो हो रहा है। मेरे प्यारे देशवासियों, आज आपका पीएम बनकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। मुझे अंदर से बहुत जोश महसूस हो रहा है। इतना बड़ा देश और इतने सारे लोगों की जिम्मेदारी अब मेरे ऊपर है। लेकिन आप बिल्कुल चिंता मत करें। मैं इस खुशी को मनाने के लिए विदेश नहीं जाऊंगा। मैं यहीं आप लोगों के साथ रहूंगा, क्योंकि पीएम और जनता के बीच जुड़ाव होना बहुत जरूरी है।”
