संजय दत्त ने शेखर सुमन के टॉक शो ‘शेखर टुनाइट’ में नजर आकर मुसीबत मोल ले ली है। गांधी जयंती के मौके पर संजय दत्त इस शो पर नजर आए। एक्टर ने भारत की मौजूदा स्थिति पर अपनी राय शेयर करते हुए कहा कि उन्हें अब देश में ‘शांति’ महसूस नहीं होती। उनकी इस टिप्पणी का सोशल मीडिया पर काफी विरोध हुआ।
संजय दत्त ने क्या कहा?
अब संजय दत्त ने अपने X अकाउंट (पहले ट्विटर) पर बयान जारी कर सफाई दी है। उन्होंने लिखा, ‘मैं यह साफ करना चाहूंगा कि मेरा इरादा कभी भी किसी व्यक्ति, समुदाय या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाने, अपमानित करने या अनादर करने का नहीं था।’
उन्होंने आगे लिखा, ‘मेरी टिप्पणियां एक स्क्रिप्टेड बातचीत के संदर्भ में की गई थीं, जिसका इरादा हल्का-फुल्का और मजाकिया होना था। उनके पीछे की भावना ‘मुन्ना भाई’ जैसी फिल्मों में देखे गए ह्यूमर और व्यंग्य के समान थी। खासकर ‘गांधीगिरी’ की अवधारणा, जिसका इरादा प्यार, गर्मजोशी, एकजुटता और सद्भावना का संदेश देना था। दुर्भाग्य से, मेरे शब्दों को उस इच्छित संदर्भ से बाहर लिया गया।’
शो पर क्या हुआ था?
संजय दत्त ने अपने ट्रेडमार्क ह्यूमर के साथ ‘मुन्ना भाई MBBS’ में अपने किरदार से प्रेरणा लेते ‘शेखर टुनाइट’ पर एक मोनोलॉग दिया था। इसमें उन्होंने देश की स्थिति पर बात की। एक्टर ने बताया कि उन्हें अब भारत में पहले जैसी शांति क्यों महसूस नहीं होती।
और पढ़ें: ‘ये रिश्ता…’ एक्टर मोहसिन खान ने रचाई शादी, तमन्ना संग शेयर की निकाह की तस्वीर
उन्होंने कहा था, ‘इस देश के लोग बहुत प्यारे हैं। यहां शांति होनी चाहिए। मुझे अब हमारे देश में वह शांति महसूस नहीं होती। हम भारतीय बड़े दिल वाले लोग हैं, और हम मेहमाननवाज हैं। हमने बहुत कुछ दिया है, और हमें हमेशा वैसे ही रहना चाहिए। मैं शिवजी से प्रार्थना करता हूं कि वे दिन जल्द वापस आएं।’
मुन्नाभाई स्टाइल में किया तंज
संजय दत्त के पास 10 साल का UAE गोल्डन वीजा है। उनका परिवार, यानी पत्नी मान्यता दत्त और जुड़वां बच्चे शहरान और इकरा दुबई में रहते हैं। काम के सिलसिले में एक्टर मुंबई और दुबई के बीच आते-जाते रहते हैं। शो के एक अन्य सेगमेंट में संजय दत्त से कहा गया कि वह पांच मिनट के लिए खुद की प्रधानमंत्री के रूप में कल्पना करें और देश के लोगों से कुछ कहें। एक्टर ने तब मुन्ना भाई-स्टाइल में एक मोनोलॉग दिया।
संजय ने देश के प्रधानमंत्री होने का नाटक किया और पीएम नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर एक जोक भी मारा। उन्होंने कहा, ‘बोले तो इतना बड़ा देश है, इतने सारे लोग हैं और अब सबकी जिम्मेदारी अपुन के ऊपर। पर आप लोग एकदम टेंशन नहीं लेने का। अपुन इस खुशी को सेलिब्रेट करने विदेश नहीं जाने वाला है। अपुन इधरिच रहेगा, आप सब लोगों के बीच। नहीं तो पीएम और जनता में कनेक्शन कैसे बनेगा।’
प्रोजेक्ट्स की बात करें तो संजय दत्त को पिछली बार पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म ‘आखिरी सवाल’ में देखा गया था। ये मई में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। हालांकि इसकी परफॉरमेंस बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं रही।
